• जनगणना 2027 हेतु फील्ड ट्रेनर को किया गया प्रशिक्षित

दरभंगा जिला जनगणना अधिकारी सह अपर समाहर्ता (राजस्व) मनोज कुमार की अध्यक्षता में भारत की जनगणना 2027 के प्रथम चरण मकान सूचीकरण एवं मकान गणना को लेकर फील्ड ट्रेनरों के लिए तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।
कार्यक्रम का उद्घाटन दीप प्रज्ज्वलित कर विधिवत किया गया।
अपर समाहर्ता (राजस्व) मनोज कुमार ने कहा कि भारत की जनगणना 2027 स्वतंत्र भारत की 8वीं जनगणना है, जो परंपरागत रूप से प्रत्येक 10 वर्षों के अंतराल पर आयोजित होती रही है। किन्तु कोविड-19 वैश्विक महामारी के कारण इस बार जनगणना 15 वर्षों के अंतराल पर आयोजित की जा रही है।
• उन्होंने जानकारी दी कि जनगणना 2027 दो चरणों में संपन्न होगी। प्रथम चरण के अंतर्गत मकान सूचीकरण एवं मकान की गणना का कार्य 2 मई 2026 से 31 मई 2026 तक किया जाएगा ।
• द्वितीय चरण में व्यक्तियों की वास्तविक गणना का कार्य 2 फरवरी 2027 से प्रारंभ होकर 28 फरवरी 2027 तक संचालित होगा ।
• जनगणना 2027 में पहली बार स्व गणना प्रारंभ की जा रही है प्रगणकों को स्व गणना माध्यम से भरे गए डाटा को सबमिट करने से पूर्व डांटा जांच करनी होगी।यह डिजिटल माध्यम से पहली बार जनगणना हो रही है ।
जनसंख्या की गणना में प्रत्येक व्यक्ति का व्यक्तिगत विवरण एक निश्चित संदर्भ दिनांक और समय पर दर्ज किया जाता है।
• प्रशिक्षण में कहा गया की जनगणना दायित्व का निर्माण सटीकता, तटस्थता ,सुचिता तथा राष्ट्र सेवा की भावना से करें।
उन्होंने जनगणना कार्य को अत्यंत संवेदनशील बताते हुए सभी फील्ड ट्रेनरों को इसे पूरी जिम्मेदारी, ईमानदारी एवं तन्मयता के साथ पूर्ण करने का करने का निर्देश दिया।
उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि किसी भी नागरिक की व्यक्तिगत जानकारी को अनावश्यक रूप से दर्ज नहीं किया जाएगा तथा गोपनीयता का पूर्ण ध्यान रखा जाएगा। साथ ही उन्होंने उन्होंने कि यदि जनगणना के दौरान किसी प्रकार की त्रुटिपूर्ण अथवा गलत प्रविष्टि पाई जाती है,तो संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने सभी फील्ड ट्रेनरों को निर्देशित किया कि वे तीन दिवसीय प्रशिक्षण को गंभीरता से ग्रहण करें तथा प्रशिक्षण उपरांत प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों को भी उसी दक्षता के साथ प्रशिक्षित करना सुनिश्चित करें,ताकि जनगणना कार्य शत-प्रतिशत त्रुटिरहित एवं समयबद्ध तरीके से संपन्न हो सके।
प्रशिक्षण सत्र का संचालन स्टेट जनगणना निदेशालय, बिहार, पटना से आए श्री सुमन सिंह एवं स्टेट मास्टर ट्रेनर प्रकाश मिश्रा द्वारा किया गया, जिन्होंने प्रतिभागियों को जनगणना से संबंधित विभिन्न तकनीकी एवं व्यावहारिक पहलुओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की।
इस अवसर पर उप निदेशक जनसंपर्क सत्येंद्र प्रसाद, जिला सांख्यिकी पदाधिकारी,जिला सूचना विज्ञान पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मीगण उपस्थित थे।
Darbhanga News24 – दरभंगा न्यूज24 Online News Portal