Breaking News

दरभंगा में बड़ी कार्रवाई: 60 लाख की हीरोइन के साथ अंतर्राज्यीय गिरोह का भंडाफोड़, पांच तस्कर गिरफ्तार

दरभंगा में बड़ी कार्रवाई: 60 लाख की हीरोइन के साथ अंतर्राज्यीय गिरोह का भंडाफोड़, पांच तस्कर गिरफ्तार

दरभंगा:-जिले में नशा तस्करी के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (पटना), एसटीएफ और सदर थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में अंतर्राज्यीय हीरोइन तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए कुल पांच तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने उनके पास से 221 ग्राम हीरोइन (लगभग 18 पैकेट) बरामद किया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 60 से 80 लाख रुपये आंकी जा रही है।

 

दिल्ली मोड़ बस स्टैंड से तीन गिरफ्तार

प्रशिक्षु आईपीएस डॉ. केतन अशोक इंगोले ने बताया कि एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स, पटना से सूचना मिली थी कि कुछ संदिग्ध तस्कर हीरोइन लेकर दरभंगा के दिल्ली मोड़ बस स्टैंड पहुंचने वाले हैं और वहां से पटना जाने की फिराक में हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए बस से उतरते ही तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से 18 पैकेट में 221 ग्राम हीरोइन बरामद की गई।

 

निशानदेही पर पटना में दो और गिरफ्तार

गिरफ्तार तस्करों से पूछताछ के बाद पुलिस ने पटना में छापेमारी कर दो अन्य आरोपियों को भी दबोच लिया। उनकी पहचान मनीष सिंह (30 वर्ष) और कन्हैया कुमार (21 वर्ष) के रूप में हुई है। इनके पास से भी 10 पैकेट हीरोइन बरामद किया गया।दोनों को गिरफ्तार कर स्थानीय थाना को सुपुर्द कर दिया गया है।

 

असम से जुड़ा है नेटवर्क

पूछताछ में खुलासा हुआ है कि यह हीरोइन असम (गुवाहाटी/सिलचर) से लाई जा रही थी। तस्कर पहले सिलचर से पूर्णिया पहुंचे और वहां से दरभंगा होते हुए पटना ले जाने की योजना थी। पुलिस को बरामद टिकटों से इस रूट की पुष्टि हुई है। गिरफ्तार तीनों तस्कर मोतिहारी जिले के एक ही गांव के रहने वाले हैं और पहले भी गुवाहाटी में हिरोइन के मामले में पकड़े जा चुके हैं।

 

40 मिनट में पूरी हुई कार्रवाई

पुलिस के अनुसार रात करीब 8:30 बजे सूचना मिली और 9:10 बजे के आसपास संदिग्धों की गिरफ्तारी कर ली गई। पूरी कार्रवाई महज 40 मिनट में पूरी कर ली गई, जो पुलिस की त्वरित कार्रवाई को दर्शाता है।

 

डॉ. इंगोले ने बताया कि पिछले 15 दिनों में सदर थाना क्षेत्र में यह दूसरी बड़ी कार्रवाई है। इससे पहले भी करीब 5 किलो गांजा बरामद किया गया था। उन्होंने कहा कि नशा तस्करी में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और इस पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए लगातार छापेमारी और जांच जारी है।

फिलहाल सभी गिरफ्तार आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस को आशंका है कि इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों के नाम भी सामने आ सकते हैं। आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियां संभव हैं।

Check Also

11000 वोल्ट की मौत बन चुकी तार के नीचे जीने को मजबूर हैं घरदौर और सिमराहा के लोग 

🔊 Listen to this चेतावनी : अगर 48 घंटे के अंदर कार्रवाई नहीं हुई तो …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *