सार्वजनिक तालाब को अतिक्रमित किए जाने से नाराज लोगों ने डीएम से की शिकायत

सैदनगर चुनाभट्टी मोहल्ला वार्ड नंबर 14 स्थित सार्वजनिक मिट्ठू मिस्त्री तालाब को नैनिका इंटरप्राइजेज के प्रोपराइटर विनोद कुमार ठाकुर द्वारा अवैध रूप से अतिक्रमकित कर स्थानीय लोगों को इसका सार्वजनिक उपयोग करने से वंचित किए जाने से लोगों में काफी आक्रोश है। मोहल्ला वासियों ने इस संबंध में जिलाधिकारी सहित नगर आयुक्त, नगर विधायक, विश्वविद्यालय थानाध्यक्ष एवं वार्ड पार्षद से लिखित शिकायत की है। इस सार्वजनिक तालाब को जनहित में मुक्त कराए जाने की गुहार लगाते हुए स्थानीय लोगों का कहना है कि मोहल्ला सैदनगर चुनाभट्ठी, वार्ड नंबर 14 के निवासी विगत कई दशक से इस सार्वजनिक तालाब में छठ एवं मटकोर पूजा सहित अन्य कर्मकांड आदि करते रहे हैं, जिसे निजी हित के लिए अतिक्रमित कर इसे बांस बल्ला से घेर कर बालू गिट्टी आदि रख दिया गया है। जिससे इस घाट पर चैती छठ एवं अन्य कर्मकांड करने से स्थानीय लोग वंचित हो रहे हैं। लोगों का कहना है कि स्व. मिट्ठू मिस्त्री ने वर्ष 1946 में यहां मिट्ठेश्वर नाथ मंदिर का निर्माण कराया था तथा स्थानीय लोगों के सार्वजनिक स्नान पूजा पाठ हेतु पोखर के उत्तरी और पश्चिमी दिशा में दो सार्वजनिक घाट का निर्माण कराया था। जिसका उपयोग छठ एवं शादी विवाह के अवसर पर मटकोर पूजा सहित अन्य कर्मकांड सार्वजनिक रूप से होता रहा है। लेकिन स्व मिट्ठू मिस्त्री के पौत्र विनोद कुमार ठाकुर ने इस जगह पर अपना दुकान खोलकर उत्तर के तरफ से घाट को बंद कर इसे निजी उपयोग में ले लिया है। जिससे स्थानीय लोगों को पूजा पाठ सहित कर्मकांड में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इस सार्वजनिक घाट को अवैध रूप से अतिक्रमित किए जाने से आक्रोशित स्थानीय लोगों ने जिला पदाधिकारी सहित अन्य लोगों से मिट्ठू मिस्त्री पोखर के उत्तरी भाग के घाट को अतिक्रमण मुक्त करने की मांग की है। ताकि छठ एवं मटकोर पूजा सहित अन्य कर्मकांड में स्थानीय लोगों को किसी तरह की कठिनाई का सामना ना करना पड़े।
Darbhanga News24 – दरभंगा न्यूज24 Online News Portal