पोषण अभियान से बदली ग्रामीण तस्वीर, उत्कृष्ट कर्मियों को मिला सम्मान
ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ी, पोषण अभियान सफल : डा० ऋचा गार्गी
डा० ऋचा गार्गी ने दिया “स्वस्थ परिवार, स्वस्थ बिहार” का संदेश, किया आह्वान

जिले में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाने की दिशा में चलाए गए विशेष “मातृ शिशु पोषण अभियान” का सफल समापन गुरुवार को जीविका के जिला कार्यालय स्थित बैठक कक्ष में आयोजित एक सम्मान समारोह के साथ हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला परियोजना प्रबंधक डा० ऋचा गार्गी ने की, जबकि संचालन प्रबंधक (स्वास्थ्य एवं पोषण) ऋषभ श्रीवास्तव द्वारा किया गया। इस अवसर पर जिले के सभी जिला स्तरीय प्रबंधक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान ऋषभ श्रीवास्तव ने अभियान की उपलब्धियों की विस्तृत समीक्षा प्रस्तुत कर जानकारी दी कि यह विशेष सघन अभियान दिसंबर 2025 से 15 मार्च 2026 तक संचालित किया गया, जिसका उद्देश्य गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं एवं 7 से 23 माह तक के शिशुओं के स्वास्थ्य एवं पोषण संबंधी जागरूकता को बढ़ाना था। इस अभियान का सफल क्रियान्वयन दरभंगा जिले के 18 प्रखंडों के सभी 69 संकुल स्तरीय संघों की देखरेख में किया गया, जिसमें सामुदायिक स्तर पर व्यापक भागीदारी सुनिश्चित की गई।
अपने संबोधन में डा० ऋचा गार्गी ने कहा कि इस अभियान के माध्यम से जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य एवं पोषण के प्रति जागरूकता में वृद्धि दर्ज की गई है। उन्होंने बताया कि अब महिलाओं एवं बच्चों के स्वास्थ्य में सकारात्मक बदलाव स्पष्ट रूप से देखने को मिल रहा है, जो इस अभियान की प्रभावशीलता और सफलता का प्रमाण है। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि ग्रामीण परिवारों में स्वच्छता, संतुलित आहार, टीकाकरण एवं शिशु देखभाल के प्रति जागरूकता पहले की तुलना में काफी बढ़ी है और लोग इन विषयों को अपने दैनिक जीवन में अपनाने लगे हैं।
उन्होंने आगे कहा कि जिले में “पोषण बगीचा” की अवधारणा तेजी से लोकप्रिय हो रही है, जिसके माध्यम से परिवार अपने घर के आसपास ही हरी सब्जियां एवं पौष्टिक खाद्य सामग्री उगा रहे हैं। इससे न केवल उनके पोषण स्तर में सुधार हो रहा है, बल्कि उनकी आर्थिक स्थिति पर भी सकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है।
डा० गार्गी ने अभियान के सफल संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले 43 मास्टर संसाधन सेवी (एमआरपी), 247 सामुदायिक पोषण संसाधन सेवी (सीएनआरपी) तथा सभी सामुदायिक उत्प्रेरकों (सीएम दीदी) के योगदान की सराहना करते हुए उन्हें धन्यवाद दिया। उन्होंने सभी कर्मियों से आह्वान किया कि वे इसी समर्पण, प्रतिबद्धता एवं टीम भावना के साथ आगे भी कार्य करते रहें, ताकि “स्वस्थ परिवार, स्वस्थ बिहार” के संकल्प को जमीनी स्तर पर पूर्ण रूप से साकार किया जा सके।
अभियान के दौरान विभिन्न गतिविधियों जैसे गृह भ्रमण, सामुदायिक बैठकों, पोषण परामर्श, आंगनबाड़ी केंद्रों के साथ समन्वय तथा पोषण बगीचा को बढ़ावा देने के माध्यम से ग्रामीण समुदायों तक स्वास्थ्य एवं पोषण संबंधी संदेश प्रभावी ढंग से पहुंचाए गए।
इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले जीविका कर्मियों को प्रशस्ति पत्र एवं उपहार देकर सम्मानित किया गया। जिले के तीन प्रखंडों से चयनित प्रखंड परियोजना प्रबंधकों में अन्नू कुमारी (कुशेश्वरस्थान), सर्वेश कुमार शाही (गौरा बौराम) एवं विजय कुमार रॉय (हायाघाट) को सम्मानित किया गया। इसके साथ ही संबंधित प्रखंडों के एंकर पर्सन अमृता रंजन, मनीष कुमार एवं नागेन्द्र कुमार तथा प्रखंड स्तर के स्वास्थ्य एवं पोषण विषय के नोडल सोफिया हुसैन, मनोज कुमार एवं राहुल कुमार को भी उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
Darbhanga News24 – दरभंगा न्यूज24 Online News Portal