Breaking News

• बाढ़ की तैयारियों को लेकर आयुक्त ने जल संसाधन विभाग के अभियंताओं के साथ की समीक्षा बैठक 

 

• बाढ़ की तैयारियों को लेकर आयुक्त ने जल संसाधन विभाग के अभियंताओं के साथ की समीक्षा बैठक

• तटबंधों का 48 घंटे के भीतर निरीक्षण, प्रत्येक 15 दिन पर नियमित मॉनिटरिंग, संवेदनशील स्थलों पर सैंडबैग की पर्याप्त व्यवस्था एवं आपदा विभाग से सतत समन्वय के दिए निर्देश.

 

आयुक्त, दरभंगा प्रमंडल,  हिमांशु कुमार राय की अध्यक्षता में बाढ़ एवं सुखाड़ की तैयारियों की समीक्षा को लेकर दरभंगा, मधुबनी एवं समस्तीपुर जिलों के जल संसाधन विभाग के अभियंताओं के साथ बैठक आयोजित की गई।

 

बैठक में बाढ़ सुरक्षा, तटबंधों की स्थिति, नदी कटाव, आपदा प्रबंधन की तैयारियों तथा अंतर-जिला समन्वय सहित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत समीक्षा की गई।

 

बैठक की शुरुआत में आयुक्त  ने पिछली समीक्षा बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की बारी-बारी से सभी अभियंताओं से जानकारी प्राप्त की।

 

उन्होंने कहा कि सभी अधीक्षण अभियंताओं को तटबंधों का निरीक्षण करने का निर्देश दिया गया था। यदि किसी अभियंता द्वारा अब तक निरीक्षण नहीं किया गया है, तो वे अगले 48 घंटे के भीतर सभी तटबंधों का अनिवार्य रूप से निरीक्षण सुनिश्चित करें।

 

आयुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि केवल एक बार निरीक्षण पर्याप्त नहीं है, बल्कि प्रत्येक 15 दिनों पर सभी तटबंधों का नियमित निरीक्षण एवं सतत निगरानी की जाए, ताकि किसी भी संभावित कमजोर स्थल की समय रहते पहचान कर आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

 

उन्होंने कहा कि बाढ़ जैसी आपदा से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां समय रहते पूर्ण कर ली जाएं। इसके लिए संवेदनशील एवं कटाव संभावित स्थलों की पहचान कर वहां पर्याप्त मात्रा में सैंडबैग सहित अन्य आवश्यक सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

 

बैठक में आयुक्त  ने नदी कटाव की वर्तमान स्थिति की भी विस्तार से समीक्षा की तथा संबंधित अभियंताओं से कटाव निरोधी कार्यों एवं उनकी प्रगति की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने निर्देश दिया कि जहां भी कटाव की संभावना हो, वहां तत्काल आवश्यक सुरक्षात्मक कार्रवाई की जाए।

 

आयुक्त ने सभी अभियंताओं को आपदा प्रबंधन विभाग के साथ निरंतर समन्वय (को-ऑर्डिनेशन) बनाए रखने का निर्देश दिए।

 

बैठक में बाढ़ की स्थिति उत्पन्न होने पर एक जिले से दूसरे जिले को आवश्यक संसाधन, मानवबल अथवा तकनीकी सहायता उपलब्ध कराने की व्यवस्था एवं समन्वय तंत्र की भी समीक्षा की गई। आयुक्त ने इस संबंध में सभी अभियंताओं से विस्तृत जानकारी प्राप्त करते हुए आवश्यकता पड़ने पर त्वरित सहयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

 

बैठक में संयुक्त आयुक्त-सह-सचिव  मनोज कुमार, सहायक निदेशक (योजना)  प्रीति कुमारी सहित दरभंगा, मधुबनी एवं समस्तीपुर के जल संसाधन विभाग के अधीक्षण अभियंता, कार्यपालक अभियंता एवं सहायक अभियंता उपस्थित थे।

 

 

 

Check Also

 बिहार राज्य विश्वविद्यालय एवं महाविद्यालय कर्मचारी महासंघ के आह्वान पर पन्द्रह सूत्री मांगों को लेकर जे के कॉलेज बिरौल के शिक्षकेतर कर्मचारियों ने अनिश्चितकालीन हड़ताल का आगाज किया।

🔊 Listen to this बिहार राज्य विश्वविद्यालय एवं महाविद्यालय कर्मचारी महासंघ के आह्वान पर पन्द्रह …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *