Breaking News

Darbhanga जल-जीवन-हरियाली योजना को लेकर की गई बैठक। अविनाश कुमार की रिपोर्ट

समाहरणालय, दरभंगा
(जिला जन सम्पर्क पदाधिकारी)

 

जल-जीवन-हरियाली योजना को लेकर की गई बैठक

दरभंगा, 04 सितम्बर, 2020 :- जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एस.एम. की अध्यक्षता में उनके कार्यालय प्रकोष्ठ में जल-जीवन-हरियाली योजना की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभागवार दिये गए लक्ष्य एवं पूरा किये गए कार्य की समीक्षा की गई।
बैठक में बताया गया कि ग्रामीण क्षेत्र में 3318 सोख्ता निर्माण करने के लक्ष्य के विरूद्ध अभी तक 3209 सोख्ता का निर्माण कराया गया है। शहरी क्षेत्र में सोख्ता निर्माण की प्रगति धीमी पायी गई। लघु सिंचाई विभाग द्वारा बताया गया कि उनके द्वारा 05 बियर/चेकडेम बनवाया जाएगा। जिसमें केवटी में 02 बियर एवं 02 चेकडेम तथा मनीगाछी में 01 चेकडेम बनाया जाना है। केवटी में असराहा और फुलकाही में 01-01 बियर का निर्माण किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने बाढ़ के मद्देनजर कार्यपालक अभियंता, लघु सिंचाई विभाग को जल संसाधन विभाग से इस संबंध में विर्मश कर लेने का निर्देश दिया। लघु सिंचाई विभाग द्वारा बताया गया कि वर्ष 2020-21 के लिए 05 एकड़ से ऊपर वाले 172 तालाब निर्माण का लक्ष्य दिया गया है। अभी तक 40 तालाब चिन्ह्ति किये गए हैं। जिनमें राघोपुर में 40 एकड़ का, हरिहरपुर पश्चिमी में 28 एकड़ का पोखर सहित कई बड़े पोखर शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि वर्त्तमान में पूर्व में चिन्ह्ति किये गए 25 तालाब में से 11 तालाब में कार्य पूर्ण किया जा चुका है तथा 09 में कार्य चल रहा है। 05 तालाब में अतिक्रमण होना बताया गया। जिलाधिकारी ने अपर समाहर्त्ता को पाँचों अतिक्रमित तालाब को शीघ्र अतिक्रमण मुक्त कराने का तथा कार्यपालक अभियंता, लघु सिंचाई विभाग को पाँचों तालाब में अक्टूबर से कार्य प्रारंभ करा देने के निर्देश दिए।
जल संसाधन विभाग द्वारा बताया गया कि उनके द्वारा जीवछ एवं कमला नदी में जीवछ घाट से बलनी (बेनीपुर) तक 15 किलोमीटर में नदी की उड़ाही करायी गई है, जिसके कारण इस वर्ष पानी की धारा का प्रवाह कहीं नही रूका, इसके कारण कहीं भी मिट्टी का कटाव नहीं हो पाया। जिलाधिकारी ने कहा कि इसके निकट चेकडेम निर्माण की योजना बनाई जाये, जिसमें बाढ़ के दौरान जल संचयन किया जा सके और उस पानी का उपयोग बाद में सिंचाई के लिए किया जा सके।
शिक्षा विभाग द्वारा रैन वाटर हार्वेस्टिंग (वर्षा जल संचयन) के लिए वर्ष 2019-20 में 3000 वर्ग फीट वाले 138 भवन में रैन वाटर हार्वेस्टिंग का लक्ष्य निर्धारित किया गया था, जिनमें से 58 में कार्य पूर्ण कराया गया है, तथा 29 में कार्य प्रगति पर है।
बैठक में उपस्थित उप विकास आयुक्त ने निजी स्कूलों को भी इस योजना के लिए प्रोत्साहित करने हेतु एक बैठक आयोजित कराने का निर्देश जिला शिक्षा पदाधिकारी को दिया।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा सिंहवाड़ा एवं केवटी में रैन वाटर हार्वेस्टिंग योजना में काम कराया गया है। जिलाधिकारी ने कहा कि जिन प्रखण्डों में भू-जल स्तर 08 फीट से 10 फीट है, वहाँ इस योजना को नहीं लिया जाए, बल्कि बहेड़ी, बहादुरपुर, बेनीपुर एवं दरभंगा सदर जहाँ भू-जल स्तर नीचे है, वहाँ इस योजना को लिया जाए जहाँ वर्ष 2019 में जल संकट उत्पन्न हुआ था।
समीक्षा के दौरान बताया गया कि मनरेगा द्वारा 251 भवनों में वर्षा जल संचयन योजना को क्रियान्वित कराया गया है, भवन निर्माण विभाग द्वारा अपने निर्धारित लक्ष्य 142 भवन में शत्-प्रतिशत् इस योजना को क्रियान्वित किया गया है।
वर्ष 2020 में वृक्षारोपण की समीक्षा में वन प्रमण्डल पदाधिकारी द्वारा बताया गया कि उनके द्वारा वृक्षारोपण हेतु विभिन्न विभागों को 05 लाख 57 हजार पौधे उपलब्ध कराये गए हैं तथा मनरेगा के अंतर्गत 02 लाख 29 हजार पौधे लगाए गए हैं। इस प्रकार दरभंगा जिला के लिए वृक्षारोपण का निर्धारित लक्ष्य 7.70 लाख के विरूद्ध लगभग 08 लाख वृक्षारोपण किया गया है।
सौर ऊर्जा के लिए प्रखण्ड कार्यालय, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र, पंचायत सरकार भवन को चिन्ह्ति किया गया है। ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय में भी सौलर प्लाट लगाया जाना है। इसके अतिरिक्त नीचे मछली ऊपर बिजली योजना के तहत 02 मेगावाट का प्लांट की योजना बनी है। इसके अतिरिक्त 07 स्थलों पर 11 किलो वाट का सौलर प्लांट की योजना है।
ऊर्जा बचत की समीक्षा में उप विकास आयुक्त द्वारा बताया गया अगस्त 2019 एवं अगस्त 2020 के बिजली खपत की तुलना करने पर 04 प्रतिशत् खपत में कमी पायी गई है।
बैठक में उप विकास आयुक्त श्री तनिया सुल्तानिया, वन प्रमण्डल पदाधिकारी श्री चंचल कुमार, अपर समाहर्त्ता श्री विभूति रंजन चौधरी, उप निदेशक जन सम्पर्क पदाधिकारी नागेन्द्र कुमार गुप्ता, प्रभारी निदेशक, जिला ग्रामीण विकास अभिकरण श्री अभिषेक रंजन एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

उप निदेशक, जन सम्पर्क
दरभंगा प्रमण्डल, दरभंगा।

Check Also

      सौ दिवसीय बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत आदर्श मध्य विद्यालय में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित । 

🔊 Listen to this   सौ दिवसीय बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत आदर्श …