Breaking News

Darbhanga सीएम साइंस कॉलेज के ऐतिहासिक आर्यभट्ट छात्रावास के पुनर्निर्माण कार्य का शिलान्यास 12 को अजित कुमार सिंह की रिपोर्ट

सीएम साइंस कॉलेज के ऐतिहासिक आर्यभट्ट छात्रावास के पुनर्निर्माण कार्य का शिलान्यास 12 को
—————-
केंद्रीय बिजली मंत्री राजकुमार सिंह ऑनलाइन रखेंगे आधारशिला
—————-

वर्ष 1988 में आए भीषण भूकंप में पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुके सीएम साइंस कॉलेज के ऐतिहासिक आर्यभट्ट छात्रावास के पुनर्निर्माण कार्य को पावर ग्रिड कारपोरेशन ऑफ़ इंडिया लिमिटेड (पीजीसीआईएल) ने हरी झंडी दे दी है। पीजीसीआईएल के कॉरपोरेट सोशल रिस्पांसिबिलिटी (सीएसआर) योजना के तहत छात्रावास के पुनर्निर्माण कार्य की आधारशिला आगामी 12 सितंबर को केंद्रीय बिजली मंत्री राजकुमार सिंह ऑनलाइन रखेंगे। यह जानकारी मंगलवार की देर शाम महाविद्यालय पहुंचे पीजीसीआईएल के महाप्रबंधक प्रणव कुमार ने दी। उन्होंने बताया कि 12 सितंबर को अपराह्न तीन बजे पावर ग्रिड के द्वारा महाविद्यालय परिसर में कोरोना सुरक्षा के निर्धारित मानदंडों का अनुपालन करते हुए शिलान्यास समारोह का आयोजन किया जाएगा। इसमें पीजीसीआईएल के एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर ए के मइती सहित स्थानीय सांसद गोपाल जी ठाकुर, नगर विधायक संजय सरावगी, दरभंगा की महापौर बैजयंती देवी खेड़िया, ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो हनुमान प्रसाद पांडेय, कुलसचिव कर्नल निशीथ कुमार राय आदि की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी।
मौके पर उन्होंने बताया कि पीजीसीआईएल द्वारा करीब साढ़े सात करोड़ की लागत से निर्माण कराया जा रहा आर्यभट्ट छात्रावास छात्रों की सभी मूलभूत जरूरतों के मानकों के अनुरूप होगा। 150 बिस्तर वाले छात्रावास के चार मंजिला भवन में सिंगल बेड वाले 50 कमरे होंगे। जबकि 50 अन्य कमरों में दो-दो छात्रों के रहने की सुविधा होगी। इसके अतिरिक्त वार्डन, मेस, सिक्यूरिटी गार्ड, प्रतीक्षालय, कॉमन रूम, अधीक्षक आवास आदि के लिए अलग-अलग कमरों के निर्माण के साथ ही, छात्रावास परिसर में खेलने के उपयुक्त जगह के साथ ही समुचित पार्किंग की सुविधा बहाल होगी।
छात्रावास के पुनर्निर्माण कार्य के शुभारंभ की तिथि निर्धारित होने पर प्रसन्नता जाहिर करते हुए प्रधानाचार्य डॉ प्रेम कुमार प्रसाद ने कहा कि इस छात्रावास का निर्माण होने से राज्य के विभिन्न कोनों एवं नेपाल की तराई के इलाकों से यहां पढ़ने आने वाले छात्रों को अब आवासीय सुविधा के लिए किसी अन्य जगहों पर नहीं भटकना पड़ेगा। इस कार्य के लिए उन्होंने महाविद्यालय के 1972 बैच के छात्र एवं पीजीसीआईएल के पूर्व सीएमडी इंदु शेखर झा एवं महाविद्यालय के वरीय शिक्षक डाॅ अशोक कुमार झा के प्रति विशेष रूप से आभार जताया, जिनके अथक प्रयास से यह प्रोजेक्ट मूर्त रूप ले सका। वहीं, उन्होंने इस प्रोजेक्ट को तैयार करने में महाविद्यालय के शिक्षकों, शिक्षकेत्तर कर्मचारियों एवं छात्रसंघ के योगदान की भी सराहना की।
महाविद्यालय पहुंचे महाप्रबंधक प्रणव कुमार एवं सीएसआर के चीफ मैनेजर सीमांत चौधरी ने प्रधानाचार्य डॉ प्रेम कुमार प्रसाद एवं बर्सर डॉ अशोक कुमार झा के साथ विचार-विमर्श कर शिलान्यास समारोह के लिए महाविद्यालय के कामेश्वर भवन का चयन किया। इस दौरान प्रधान सहायक कृष्ण कुमार चौधरी, आईक्यूएसी सहायक प्रवीण कुमार झा, परीक्षा सहायक उमेश कुमार ठाकुर, लेखा सहायक रोहित कुमार झा, स्थापना सहायक चेतकर झा, शिक्षकेत्तर कर्मचारी संघ के अध्यक्ष राधेश्याम झा, जय चंद्र झा, चंद्रकांत चौधरी आदि उपस्थित थे।

Check Also

• ललित बाबू की 104 वीं जयंती के अवसर पर विश्वविद्यालय परिवार ने उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व को याद करते हुए श्रद्धा सुमन अर्पित किया… 

🔊 Listen to this • जमीनी स्तर पर काम करने वाले एवं हम सबके प्रेरक …