सी एम कॉलेज,दरभंगा के स्नातकोत्तर मनोविज्ञान विभाग के द्वारा आयोजित चार दिवसीय अंतर्राष्ट्रीय वेबीनार सीरीज ‘मानसिक स्वास्थ्य को बढ़ावा’ (
Fostering Mental Health)के अंतर्गत आज आखरी दिन दो सत्रों में व्याख्यान का आयोजन किया गयाl विश्वविद्यालय मनोविज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ इंद्र कुमार राय ने अध्यक्षीय भाषण में कहा कि प्रतिभागियों को उनके मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने के लिए अपने जीवन शैली में व्यापक सुधार एवं व्यवस्थित जीवन जीने पर जोर देना चाहिए। प्रथम सत्र के दौरान पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय पटना के मनोविज्ञान विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ प्रणय गुप्ता ने कोविड -19 के दौरान मानसिक स्वास्थ्य का प्रबंधन विषय पर अपना व्याख्यान प्रस्तुत किया। इस दौरान डॉ गुप्ता ने कोरोना के बढ़ते हुए संक्रमण के कारण लोगों में बढ़ती हुई चिंता और सामाजिक संबंधों में कमी एवम् उससे फलस्वरूप होने वाले कई प्रकार के मानसिक विकारों के बारे में बताया और इनके बेहतर प्रबंधन के लिए कुछ मनोवैज्ञानिक तरीको की चर्चा की । वही दूसरे सत्र में एमिटी यूनिवर्सिटी,दुबई के मनोविज्ञान विभाग की विद्वत और एकेडमिक हेड डॉ सोनाक्षी रूहेला के द्वारा बिल्डिंग मेंटल इम्यूनिटी विषय पर अभिभाषण प्रस्तुत किया गया। डॉ सोनाक्षी ने इस बात पर जोर दिया कि हम मानसिक स्तर पर अपने आपको कैसे स्वस्थ रखें?जिस प्रकार से हमें एक बेहतर प्रतिरोधक क्षमता बीमारियों से लड़ने के लिए चाहिए होती है,ठीक उसी प्रकार से हमारे अंदर एक ऐसी मानसिक प्रतिरोधक क्षमता का विकास होना चाहिए,जिससे हम इस खराब एवं कठिन परिस्थिति के दौरान अपने आप को मानसिक रूप से स्वस्थ रख सकें।इसके लिए उन्होंने बताया कि हमें अपने जीवन में परिवार एवं कार्य क्षेत्र के अलावा अपने सामाजिक जीवन के दायरे को सोच समझकर एवं परखकर आगे बढ़ना चाहिए। डॉ रुहेला ने इसके लिए बताया कि हमें संवेगात्मक बुद्धि और हमेशा अच्छी सोच रखने पर जोर दिया। वेब सीरीज के समापन समारोह के अभिभाषण के दौरान सी एम कॉलेज, दरभंगा के यशस्वी प्रधानाचार्य डॉ मुश्ताक अहमद ने मनोविज्ञान विभाग के सभी आचार्यों को इस प्रकार के कार्यक्रम के आयोजन के लिए बधाई दी और कहा कि यह कार्यक्रम केवल मनोविज्ञान विषय के विद्यार्थियों के लिए नहीं, बल्कि सभी विद्यार्थियों एवं शिक्षकों के लिए लाभकारी है l डॉ अहमद ने मनोविज्ञान के महत्व को बताते हुए कहा कि यह विषय आज के समय में जीवन के हर क्षेत्र की आवश्यकता बन गई है।इस वेब सीरीज कार्यक्रम में अतिथियों एवं प्रतिभागियों का स्वागत क्रमशः कार्यक्रम के समन्यवक डॉ मो जिया हैदर एवं सचिव डॉ विजयसेन पांडे के द्वारा किया गया। मध्यस्थता (मॉडरेटर) की भूमिका कार्यक्रम सचिव श्री अमृत झा एवं संयोजक डॉ एकता श्रीवास्तव ने निभाई। इस वेब सीरीज में पीजी एवं यूजी के विभिन्न छात्र- छात्राओं के साथ-साथ देश एवं विदेश के विभिन्न विश्वविद्यालयों के प्रतिभागी जुड़े रहे और अपने प्रश्नों को रखा। इस कार्यक्रम के दौरान मनोविज्ञान विभाग के प्रयोगशाला प्रदर्शक डॉ पुनीता कुमारी एवं कालेज के विभिन्न आचार्य जिसमें डॉ आर एन चौरसिया,प्रो अभिलाषा कुमारी तथा कॉलेज के कर्मी चंदा कुमारी, विपिन कुमार सिंह इत्यादि मौजूद रहे।
Darbhanga News24 – दरभंगा न्यूज24 Online News Portal