Breaking News

सी एम कॉलेज में स्वतंत्रता सेनानी बाबू ब्रज किशोर प्रसाद पर विचार गोष्ठी सह कविता पाठ का आयोजन

सी एम कॉलेज में स्वतंत्रता सेनानी बाबू ब्रज किशोर प्रसाद पर विचार गोष्ठी सह कविता पाठ का आयोजन

हिंदी समाचार मंच तथा इग्नू अध्ययन केंद्र,सी एम कॉलेज के संयुक्त तत्वावधान में हुआ आयोजन

प्रधानाचार्य प्रो विश्वनाथ झा लिखेंगे ब्रज किशोर प्रसाद पर पुस्तक,जबकि मंच उठाएगा आर्थिक भार

ब्रज किशोर प्रसाद बिहार के शिक्षाविद्,समाज सुधारक तथा महानतम व्यक्तित्व-डा शंभू शरण

हिंदी समाहार मंच की अहिल्या विशेषांक वार्षिक पत्रिका “समाहार” का हुआ लोकार्पण

Dn 24 live अजित कुमार सिंह

सी एम कॉलेज के संस्थापक सदस्य ब्रजकिशोर बाबू किसानों-मजदूरों की आवाज को किया था बुलंद-प्रो विश्वनाथ

*चंपारण आंदोलन के सूत्रधार व बिहार कांग्रेस के सभापति के रूप में ब्रज किशोर बाबू सदा याद रहेंगे- अमरेश्वरी चरण*

*ब्रजकिशोर प्रसाद भद्र,नम्र, इमानदार तथा कर्मठ व्यक्ति- अवनींद्र कुमार*

*महान स्वतंत्रता सेनानी ब्रजकिशोर प्रसाद मिथिला की धरोहर-अखिलेश कुमार*
सी एम कॉलेज के सेमिनार हॉल में हिंदी समाहार मंच, दरभंगा तथा महाविद्यालय के इग्नू अध्ययन केंद्र के संयुक्त तत्वावधान में महान स्वतंत्रता सेनानी तथा समाज सुधारक बाबू ब्रजकिशोर प्रसाद की जयंती के अवसर पर उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर विचार गोष्ठी सह समाहार पत्रिका का लोकार्पण तथा कविता पाठ का आयोजन किया गया।
मुख्य अतिथि के रूप में दीप प्रज्वलित कर समारोह का उद्घाटन करते हुए इग्नू क्षेत्रीय केंद्र,दरभंगा के निदेशक डॉ शंभू शरण सिंह ने कहा कि ब्रजकिशोर प्रसाद बिहार के महान शिक्षाविद्,समाज सुधारक तथा महानतम व्यक्तित्व थे। ऐसे महापुरुषों के विचारों के माध्यम से वर्तमान समस्याओं का निदान किया जा सकता है। आज इग्नू उनके सपनों को साकार करते हुए समाज में शिक्षा का प्रसार कर रहा है।उन्होंने आज पत्रिकाओं के महत्व एवं प्रकाशन की कठिनाइयों पर विस्तार से चर्चा की।
मुख्य वक्ता के रूप में इतिहासकार अवनींद्र कुमार झा ने कहा कि ब्रजकिशोर प्रसाद भद्र,नम्र,ईमानदार तथा कर्मठ व्यक्ति थे। 1906 से 1946 ईस्वी तक अपनी मृत्यु पर्यंत उन्होंने दरभंगा को अपना कर्मक्षेत्र बनाया था। समाज परिवर्तन की उनमें बड़ी हिम्मत और सोच थी।वे रैयतों के बीच काफी लोकप्रिय थे।अधिवक्ता के रूप में वे आधे से अधिक केस मुफ्त में लड़ते थे।उन्होंने बेहतर समाज निर्माण में काफी योगदान किया था।वे जयप्रकाश नारायण के ससुर तथा डॉ राजेंद्र प्रसाद के समधी थे।गांधी के सभी आंदोलनों को बिहार में उन्होंने सफल बनाया था।
विशिष्ट अतिथि के रूप में श्रमजीवी पत्रकार यूनियन के अध्यक्ष अमरेश्वरी चरण सिन्हा ने कहा कि चंपारण आंदोलन के सूत्रधार तथा बिहार कांग्रेस के सभापति के रूप में वे सदा याद किए जाएंगे।अधिवक्ता के रूप में भी वे काफी लोकप्रिय थे।
अतिथियों का स्वागत करते हुए प्रधानाचार्य प्रो विश्वनाथ झा ने कहा कि सीएम कॉलेज के संस्थापक सदस्य के रूप में ब्रजकिशोर प्रसाद का व्यक्तित्व एवं कृतित्व अनुकरणीय तथा प्रासंगिक है। वे किसान और मजदूरों की आवाज को बुलंद किया था। प्रधानाचार्य ने घोषणा की कि वे शीघ्र ही उन पर एक पुस्तक की रचना करेंगे।
समारोह की अध्यक्षता करते हुए मंच के अध्यक्ष अखिलेश्वर कुमार चौधरी ने कहा कि महान स्वतंत्रता सेनानी ब्रजकिशोर बाबू मिथिला की धरोहर थे,जिन पर शोध तथा पुस्तक प्रकाशन की आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि वे उनकी जीवनी पर समाहार पत्रिका में विशेषांक निकालेंगे।
अवसर पर आयोजित कविता पाठ में प्रतिभा स्मृति,आशीष अकिंचन,चंद्रमोहन पोद्दार महाकांत प्रसाद,रितु प्रज्ञा, मंजर सिद्धकी,सोनू कुमार मिश्रा,मुश्ताक इकबाल, खुशबू कुमारी,हीरा कुमारी, ललित कुमार झा,डॉ हीरालाल साहनी,अमिताभ कुमार सिन्हा तथा सुधीर कुमार सिंह आदि ने भाग लिया।
समारोह की शुरुआत ब्रजकिशोर प्रसाद के चित्र पर अतिथियों द्वारा पुष्पांजलि अर्पण से हुआ। अतिथियों का स्वागत पुष्पगुच्छ से किया गया।सभी उपस्थित व्यक्तियों को मंच की पत्रिका समाहार, कैलेंडर,कलम तथा प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।स्वागत गान शाइस्ता परवीन तथा शगुफ्ता परवीन ने प्रस्तुत किया। मंच के सचिव अमिताभ कुमार सिन्हा के संचालन में आयोजित समारोह में धन्यवाद ज्ञापन करते हुए इग्नू समन्वयक डा आर एन चौरसिया ने विचार गोष्ठी का सारांश प्रस्तुत किया।

Check Also

• दरभंगा स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के मतदान केंद्रों के प्रस्ताव हेतु राजनीतिक दलों के साथ हुई बैठक… 

🔊 Listen to this • दरभंगा स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के मतदान केंद्रों के …