विभूतियों की प्रतिमा पर छतरी लगाने के लिए डॉ बैजू ने कुलपति को किया सम्मानित

48वें मिथिला विभूति पर्व समारोह में भारत रत्न बाबा साहेब डॉ भीमराव अंबेडकर, मिथिला के सपूत ललित नारायण मिश्र, जन कवि बाबा नागार्जुन-यात्री एवं ज्ञान श्लाका पुरुष प्रो सुरेंद्र झा सुमन की प्रतिमाओं के ऊपर छतरी लगाए जाने संबंधी घोषणा के त्वरित निष्पादन के लिए विद्यापति सेवा संस्थान के महासचिव डॉ बैद्यनाथ चौधरी बैजू ने सोमवार को लनामिवि के कुलपति प्रो सुरेंद्र प्रताप सिंह का उनके कार्यालय में मिथिला की गौरवशाली परंपरा के अनुरूप पाग, चादर, फूलों की माला व अभिनंदन-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर कुलसचिव डाॅ मुश्ताक अहमद एवं विद्यापति सेवा संस्थान के कार्यालय सचिव-सह-प्रवक्ता प्रवीण कुमार झा भी उपस्थित थे।
मौके पर डॉ बैजू ने कहा कि घोषित समय-सीमा से पहले मिथिला के विभूतियों की प्रतिमा पर छतरी का आवरण लगवाकर कुलपति महोदय ने संपूर्ण मिथिला वासी के हृदय में अपना खास स्थान बना लिया है और इनके इस कृत्य से वे काफी काफी अभिभूत हुए हैं। उन्होंने कहा कि मिथिला के विभूतियों के प्रति कुलपति द्वारा प्रदर्शित इस सम्मान व आदर के भाव से मिथिलावासी की प्रबल इच्छा हुई है कि आगामी मिथिला विभूति पर्व समारोह में प्रो सुरेन्द्र प्रताप सिंह जैसे विद्वान व कुशल प्रशासक को मिथिला विभूति सम्मान से नवाजा जाए। अपने संबोधन में उन्होंने कुलसचिव डाॅ मुश्ताक अहमद की तारीफ करते कहा कि विभिन्न संस्थानों में उनके द्वारा लगवाये गये सूत्र-वाक्य ‘मजहब नहीं सिखाता, आपस में वैर रखना…’ के वे कायल हैं। मौके पर कुलपति के प्रति आभार प्रकट करते हुए प्रवीण कुमार झा ने कहा कि मिथिला के विभूतियों के प्रति आदर व सम्मान का भाव रखने वाले व्यक्तित्व को मिथिला विभूति सम्मान प्रदान किए जाने से निश्चय ही समारोह और विद्यापति सेवा संस्थान की गरिमा बढ़ेगी।
मौके पर मिथिला व मैथिली के विकास के लिए इसकी अहर्निश सेवा में लगे रहने वाले डॉ बैद्यनाथ चौधरी बैजू का कुलपति ने भी पाग, चादर व पुष्प माला प्रदान कर सम्मानित किया। मिथिला वासियों की ओर से उनके प्रति प्रदर्शित कृतज्ञता के भाव के जवाब में उन्होंने कहा कि महापुरुषों के सम्मान में ही हमारा स्वाभिमान निहित है। इसीलिए हमें अपने महापुरुषों एवं विभूति के प्रति आदर व सम्मान के प्रति सदैव संवेदनशील रहना चाहिए।
Darbhanga News24 – दरभंगा न्यूज24 Online News Portal