साहित्यकार श्याम दरिहरे के निधन पर विद्यापति सेवा संस्थान ने जतायी शोक-संवेदना

साहित्य अकादमी पुरस्कार से सम्मानित मैथिली के वरेण्य साहित्यकार एवं झारखंड पुलिस के सेवानिवृत्त अधिकारी श्याम दरिहरे के निधन पर विद्यापति सेवा संस्थान ने शनिवार को शोक जताया। अपने शोक संदेश में संस्थान के महासचिव डॉ बैद्यनाथ चौधरी बैजू ने कहा कि उनके निधन से मैथिली साहित्य जगत को भारी क्षति हुई है। उन्होंने कहा कि करीब दर्जन भर मैथिली पुस्तकों के रचनाकार श्याम दरिहरे की खासियत थी कि अपनी लेखनी से अधिकतर उन्होंने जहां अन्याय, हिंसा और अत्याचार के विरुद्ध आवाज उठाई। वहीं अपने कथानक में हमेशा समय, पात्र, परिस्थितियों और स्थान के प्रति सापेक्ष संतुलन कायम रखते हुए इसे जीवंत बनाने का भरसक प्रयास किया। वे अपनी कृतियों में हमेशा जीवंत बने रहेंगे। अपने शोक संदेश में उन्होंने झंझारपुर के सांसद रामप्रीत मंडल के पिता ठक्कन मंडल एवं मैथिली सेवी युवा चौधरी अमल कुमार राय के निधन पर भी शोक संवेदना जताई।
मैथिली अकादमी के पूर्व अध्यक्ष पं कमलाकांत झा ने श्याम दरिहरे को मैथिली साहित्य का कर्मयोगी रचनाकार बताते कहा कि वे अपने कृतित्व एवं व्यक्तित्व में हमेशा जीवंत बने रहेंगे। वरिष्ठ साहित्यकार मणिकांत झा ने कहा कि बातें कम और काम ज्यादा के सिद्धांत को हमेशा ही अपने जीवन की कामयाबी का मूल आधार बनाने वाले श्याम दरिहरे अपनी कृतियों में हमेशा अमर रहेंगे। प्रो जीव कांत मिश्र ने उनके निधन को कभी ना पूरा होने वाला नुकसान बताया। डाॅ अशोक कुमार मेहता ने कहा कि श्याम दरिहरे का इस तरह जाना मैथिली साहित्य जगत पर वज्रपात के समान है।
मीडिया संयोजक प्रवीण कुमार झा ने कहा कि मष्तिष्काघात से हुए उनके निधन से मैथिली साहित्य जगत को जबर्दस्त हृदयाघात पहुंचा है। उन्होंने श्याम दरिहरे के उस उक्ति को वर्तमान समय के सापेक्ष बेहद कारगर बताया जिसमें उन्होंने कहा था कि यदि साहित्य को समाज सापेक्ष बने रहना है तो उसे नयी चुनौतियों का सामना, नए विचारों और मानवता के नए शत्रुओं की पहचान के साथ करना होगा। डाॅ महेन्द्र नारायण राम ने पुलिस प्रशासन के दायित्वों का निर्वहन करते हुए साहित्य साधना में लीन रहने वाले श्याम दरिहरे को मातृभाषा अनुरागी होने का अनुपम उदाहरण बताया। उनके निधन पर प्रो रमेश झा, प्रो विजयकांत झा, विनोद कुमार झा, हीरा कुमार झा, प्रो चंद्रशेखर झा बूढाभाई, प्रो चंद्रमोहन झा पड़वा, डॉ गणेश कांत झा, आशीष चौधरी, चंदन सिंह, चौधरी फूल कुमार राय, नवल किशोर झा, डाॅ सुषमा झा, मिथिलेश चौधरी, दुर्गानंद झा आदि ने भी अपनी शोक संवेदना प्रकट की।
Darbhanga News24 – दरभंगा न्यूज24 Online News Portal