कोरोना संक्रमण मुक्त की ओर बढ़ रहा दरभंगा जिला
-पूरे जिला में कोरोना का केवल दो मरीज
-डीएमसीएच में कई दिनों से कोरोना का एक भी मरीज नहीं
दरभंगा, जिला कोरोना संक्रमण मुक्त की ओर लगातार बढ़ रहा है। इससे चिकित्सा क्षेत्र में सुकून का माहौल है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी आंकड़े के अनुसार वर्तमान में जिला में कोरोना का केवल दो मरीज उपचाराधीन है। वहीं डीएमसीएच में भी विगत एक सप्ताह से कोरोना वार्ड व आईसीयू खाली पड़ा है। लिहाजा अस्पताल की चिकित्सा व्यवस्था पूरी तरह सामान्य हो गई है| हालांकि विभागीय कोरोना वायरस जांच अभी भी संचालित की जा रही है। डॉक्टर के परामर्श से बाहर से आने वाले मरीजों कि जांच के बाद उपचार किया जाता है। अस्पताल प्रशासन की ओर से आपातकालीन परिसर में रैपिड एंटीजन किट से कोरोना वायरस जांच की सुविधा उपलब्ध है। वहीं दरभंगा मेडिकल कॉलेज के माइक्रोबायोलॉजी विभाग में आरटीपीसीआर मशीन से वायरस की जांच होती है।
पांच दिन पूर्व आया था मात्र एक केस
स्वास्थ्य विभाग के द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार जिला में कई दिनों से कोरोना का आंकड़ा शून्य है। जबकि पांच दिन पूर्व कोरोना का केवल एक केस सामने आया था। विभागीय जानकारी के अनुसार ज़िला में अब तक कोरोना का कुल केस 10926 है। इसमें 10555 स्वस्थ हो चुके हैं । ज़िला में 370 लोगों की मौत कोरोना से हुई है। वर्तमान में एक केस की जानकारी विभाग दे रहा है।
आने वाले त्यौहार में एहतियात बरतनी ज़रूरी
डीएमसीएच के कोरोना नोडल ऑफिसर डॉ जी एन दुबे ने बताया जिला में कोरोना संक्रमण का आंकड़ा लगातार कम हो रहा है, लेकिन इससे अभी भी छुटकारा नहीं मिला है। लिहाजा लोगों को एहतियात बरतनी जरूरी है। डॉ दुबे ने कहा आगे पर्व त्यौहार का मौसम आने वाला है। खासकर दीपावली एवं छठ में लोगों को भीड़ भाड़ से बचकर पर्व मनाने की सलाह दी जाती है। इस दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही घातक साबित हो सकती है। बताया गांव के लोगों को अभी भी जागरूक करना जरूरी है। डॉ दुबे ने कहा सड़कों पर अभी भी लोग बगैर मास्क के नजर आते हैं। बाजारों में अनावश्यक भीड़ जमा लगी रहती है। इससे बचने की जरूरत है। कोरोना वायरस से बचने के लिए विभागीय प्रोटोकॉल का अनुपालन अत्यंत आवश्यक है। इसके अलावा कोरोना से बचने के लिए वैक्सीनेशन कराना परम जरूरी है। बगैर किसी संदेह के हर किसी को टीका का दोनों डोज़ लेना चाहिए, ताकि हम कोरोना वायरस से सदा के लिए मुक्ति पा सकें।
Darbhanga News24 – दरभंगा न्यूज24 Online News Portal