Breaking News

अपराधी की गिरफ्तारी कर महिला अभियंता को सुरक्षा दे सरकार:बेसा

अपराधी की गिरफ्तारी कर महिला अभियंता को सुरक्षा दे सरकार:बेसा

बिहार अभियन्त्रण सेवा संघ के महासचिव डा सुनील कुमार चौधरी ने नगर विकास एवं आवास विभाग के अन्तर्गत नगर विकास प्रमण्डल संख्या-2 , हिलसा, नालंदा के 26 वर्षीय महिला सहायक अभियंता सुश्री दिव्या स्वर्णिम पर हुए कायरतापूर्ण जानलेवा हमला की कड़ी निन्दा करते हुए अपराधी की गिरफ्तारी कर अभियंता को सुरक्षा देने की मांग की है।डा चौधरी ने आगे कहा कि घटना 29 सितम्बर के सायं 4.45 बजे की है जब सुश्री दिव्या स्वर्णिम पर सरकारी कार्य के निष्पादन के क्रम मे स्थलीय निरीक्षण के दौरान आपराधिक प्रवृति के धनंजय कुमार उर्फ सम्मी एवं उनके पुत्र मोनु कुमार उर्फ साकिन द्वारा गाली-गलौज करते हुए जानलेवा हमला किया गया,मार पीट कर घायल कर दिया गया एवं बदसलूकी करते हुए उन्हे जान से मारने की धमकी भी दी गई। परन्तु घटना के 96 घंटे बीत जाने के बाद भी अपराधी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है एवं न ही महिला अभियंता को सुरक्षा प्रदान की गई है जिससे अभियंता एवं उनके परिवार डर के साये में जीने को मजबूर हैं।डा चौधरी ने अभियंताओ पर इस तरह लगातार हो रहे हमलों एवं उन्हें जान से मारने की धमकी दिये जाने एवं दुर्व्यवहार की घटनाओं पर गहरी चिंता व्यक्त की है। उन्होंने बताया कि अपराधियो के हौसले इस कदर बुलंद है एवं उनका इस कदर नैतिक पतन हो चुका है कि वे पुरूष के साथ अब महिला अभियंताओ पर भी हमले कर रहे है।निकट भविष्य मे 350 से अधिक महिला अभियंताओ का पदस्थापन होना है।ऐसे मे सरकार द्वारा अभियन्त्रण सुरक्षा बल का गठन नही किया जाना आश्चर्यजनक,दुर्भाग्यपूर्ण एवं अभियंताओ की सुरक्षा के साथ खिलवाड है।उन्होने आश्चर्य व्यक्त करते हुए कहा कि जिन अभियंताओ के अथक परिश्रम से आज बिहार का डंका पूरे भारत और विश्व मे बज रहा है,उनकी एवं उनके परिवार की सुरक्षा के लिए सरकार कोई ठोस कदम नहीं उठा रही है ।डा चौधरी ने आगे कहा कि अपराधियों के हौसले बुलंद हैं परन्तु अभियंता आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों के हमलों एवं धमकी के आगे झुकने वाले नही है।अपराधी जितना हमला करना हो कर ले,बिहार के विकास कार्यों में लगे अभियंता पहले भी अपनी प्राण की आहुति देते आये हैं और जरूरत पड़ने पर आगे भी देते रहेंगे। एक तरफ जिलों मे प्रशासनिक पदाधिकारियों द्वारा अभियंताओ की प्रताड़ना एवं दूसरी तरफ आपराधिक हमले के बीच बिहार अभियन्त्रण सेवा संघ सरकार एवं बिहार की जनता को आश्वस्त करना चाहती है कि अभियंता समाज बिहार को विकास की नई ऊँचाई तक पहुंचाने के लिए कोई कसर नहीं छोडेंगे।

उल्लेखनीय है कि पूर्व मे भी राज्य के विकासात्मक कार्य मे लगे अनेकों अभियंताओ की हत्या की जा चुकी है। बाबजूद इसके सरकार अभियंताओ की सुरक्षा के प्रति गंभीर नहीं है जो आश्चर्य जनक है। कारवाई के नाम पर “जाँच करने एवं कारवाई हो रही है” जैसे आकर्षक मुहावरे का प्रयोग किया जाता रहा है। अतः समय की मांग है कि अगर राज्य के विकास को पंख लगाने हैं तो अभियंताओ के जान माल की सुरक्षा सुनिश्चित करनी होगी। ज्ञातव्य हो कि बेसा अभियंताओ की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अभियंत्रण सुरक्षा बल के गठन की मांग सहित चौदह सूत्री मांग मुख्यमंत्री को सौंप चुका है। परन्तु इस दिशा में सरकार के तरफ से कोई कारवाई नहीं होना अभियंताओ को डर के साये में जीने को मजबूर करता है।बिहार अभियन्त्रण सेवा संघ इस घटना को अंजाम देने वाले अपराधियों की गिरफ्तारी एवं अभियंता तथा उनके परिवार की सम्पूर्ण सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए अभियंताओ की सुरक्षा के लिए अभियंत्रण सुरक्षा बल के गठन की मांग करता है। अन्यथा अभियंता राज्यव्यापी आन्दोलन करेंगे।

Check Also

      सौ दिवसीय बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत आदर्श मध्य विद्यालय में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित । 

🔊 Listen to this   सौ दिवसीय बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत आदर्श …