जागरूकता रथ लोगों को आयुष्मान कार्ड बनाने के लिये करेगा जागरूक- डीएम
-आयुष्मान भारत जागरूकता रथ को डीम ने दिखाई हरी झंडी
-पात्रता की जांच के लिये टॉल फ्री नम्बर 14555 या 104 पर मिलेगी जानकारी
-आयुष्मान कार्ड धारी को अस्पताल से डिस्चार्ज करने के बाद भी 15 दिनों तक मिलेगी मुफ्त सुविधा

दरभंगा, आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना से अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने के लिये जिला में छह आयुष्मान जागरूकता रथ निकाला गया. डीएम राजीव रौशन ने हरी झंडी दिखाकर इसे रवाना किया. विभागीय जानकारी के अनुसार सभी जागरूकता रथ जिले के सभी पंचायतों का भ्रमण करेगा. इससे कार्ड बनाने को लेकर लोगों में जागरूकता आयेगी. डीएम ने बताया कि जागरूकता रथ सभी पंचायतों में भ्रमण कर लोगों को जागरूक करेगा, ताकि वे अपना आयुष्मान कार्ड बनवा सकें. कहा कि इससे लाभार्थियों को एक वर्ष में पांच लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज करने की सुविधा प्राप्त होगी. जिला समन्वयक डॉ वीरेंद्र कुमार ने बताया कि इस योजना का लाभ प्राप्त करने के लिये सबसे पहले आयुष्मान कार्ड बनवाने की आवश्यकता है, जो किसी भी नजदीकी वसुधा केन्द्र पर राशन कार्ड या प्रधानमंत्री जी का लाभार्थी परिवार के नाम प्रेषित पत्र के साथ अपना आधार कार्ड या सरकार द्वारा मान्यता प्राप्त कोई फोटो पहचान पत्र के साथ जाकर बनवा सकते हैं.
पात्रता की वेबसाइट पर ले सकते जानकारी –
डॉ कुमार ने कहा कि आयुष्मान भारत योजना के लिये अपनी पात्रता की जानकारी वेब साइट डब्ल्यूडब्ल्यूडब्ल्यू डॉट एमइआरए डॉट पीएमजेएवाई डॉट जीओवी डॉट इन पर देखा जा सकता है या टॉल फ्री नम्बर 14555 या 104 पर कॉल कर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं. बता दें कि आयुष्मान कार्ड परिवार के सभी लोगों का अलग- अलग बनेगा. यदि आयुष्मान कार्डधारी किसी गंभीर बीमारी या वैसी बीमारी का इलाज कराना चाहता है, जिसके लिए अस्पताल में भर्ती होना आवश्यक है, तो वे जिले के 21 सरकारी एवं 26 सूचीबद्ध निजी अस्पताल में से किसी भी अस्पताल में जाकर निःशुल्क पांच लाख रूपये तक का इलाज करा सकते हैं. इसके तहत कोई भी लाभार्थी मरीज का अस्पताल में भर्ती होने के तीन दिन पूर्व और डिस्चार्ज होने के 15 दिन बाद तक का इलाज और दवाइयों पर हुए खर्च भी इसमें शामिल किया जाता है. साथ ही प्रत्येक वर्ष एक अप्रैल को इस कार्ड का स्वतः नवीकरण हो जाता और इस कार्ड का लाभ लाभार्थी जीवन भर उठा सकते हैं.
ये अस्पताल हैँ सूचीबद्ध –
डीएमसीएच, अनुमंडलीय अस्पताल बेनीपुर, सभी सामुदायिक अस्पताल, सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के अलावा सूचीबद्ध निजी अस्पतालों में अमृत नर्सिग होम, आई.बी. स्मृति आरोग्य सदन, जोगिन्दर मेमोरियल मेडिकल अस्पताल, पारस ग्लोबल अस्पताल, प्रसाद पोली क्लिनिक, आर.आर.आई. अस्पताल, सर्राफ ऑर्थों स्पाईन एवं मैटरनीटी सेन्टर, शेखर नेत्रालय एण्ड इअर नोज थ्रोट अस्पताल, शुभम् नर्सिग होम, श्यामा सर्जिकल संस्थान, साईं अस्पताल, विसुधानंद अस्पताल प्राइवेट लिमिटेड, स्वामी विवेकानन्द कैंसर अस्पताल, यूरो स्टोन रिसर्च प्राइवेट लिमिटेड, महावीर नेत्रालय, प्राइम हॉस्पिटल एण्ड रिसर्च सेन्टर एवं दरभंगा चिल्ड्रेन हॉस्पिटल, मेट्रो अस्पताल, हेरिटेज हॉस्पिटल, प्राइम हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर, श्यामा सर्जिकल संस्थान, जीवन अस्पताल, एसके आरोग्य निकेतन शामिल हैं.
Darbhanga News24 – दरभंगा न्यूज24 Online News Portal