जीविका दीदियों के हाथों में डिजिटल सशक्तिकरण की नई ताकत, दीदी अधिकार केंद्र से जुड़ी CSC सेवाएँ
महिला सशक्तिकरण की ओर एक और कदम, दीदी अधिकार केंद्र में शुरू हुई कॉमन सर्विस सेंटर सेवा
दरभंगा में दीदी अधिकार केंद्र का विस्तार, पहली बार शुरू हुई CSC डिजिटल सेवा
दरभंगा, मनीगाछी:

ग्रामीण महिलाओं के सशक्तिकरण एवं उन्हें एक ही स्थान पर आवश्यक सेवाएँ उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए दरभंगा जिला के मनीगाछी प्रखंड अंतर्गत संचालित दीदी अधिकार केंद्र में कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) का शुभारंभ जिला परियोजना प्रबंधक (DPM) डॉ. ऋचा गार्गी, प्रखंड विकास पदाधिकारी मनीगाछी दुनिया लाल यादव, सामाजिक विकास प्रबंधक नरेश कुमार एवं प्रखंड परियोजना प्रबंधक (BPM) दीपक कुमार द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्जवलित कर किया गया। इस अवसर पर उपस्थित जीविका दीदियों में काफी उत्साह एवं खुशी का माहौल देखने को मिला।
गौरतलब है कि दरभंगा जिला के सात प्रखंडों में दीदी अधिकार केंद्र संचालित किए जा रहे हैं। यह केंद्र जीविका की एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसका उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना, उन्हें कानूनी सहायता एवं परामर्श उपलब्ध कराना तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं से जोड़ना है। प्रशिक्षित DAK Coordinator एवं सक्षमा दीदी के संचालन में ये केंद्र महिलाओं की समस्याओं के समाधान, आपातकालीन सहायता से समन्वय तथा उनके सामाजिक, आर्थिक एवं डिजिटल सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
दीदी अधिकार केंद्र में CSC सेवा की शुरुआत होने के बाद अब स्थानीय लोगों को आधार से संबंधित सेवाएँ, पैन कार्ड आवेदन, आय, जाति एवं आवासीय प्रमाण पत्र हेतु ऑनलाइन आवेदन, बिजली बिल भुगतान, बैंकिंग सेवाएँ, बीमा, पेंशन योजनाओं से जुड़ी सेवाएँ सहित अन्य डिजिटल सुविधाएँ अपने गाँव के समीप ही उपलब्ध हो सकेंगी। इससे ग्रामीणों को छोटी-छोटी ऑनलाइन सेवाओं के लिए शहर या दूरस्थ बाजारों का रुख नहीं करना पड़ेगा।
इस अवसर पर डॉ. ऋचा गार्गी ने जीविका दीदियों को डिजिटल सशक्तिकरण का संदेश देते हुए कहा कि, सशक्त महिला, सशक्त समाज और सशक्त राष्ट्र की आधारशिला है।
आज के डिजिटल युग में तकनीक की जानकारी एवं उसका प्रभावी उपयोग महिलाओं की आत्मनिर्भरता की नई पहचान बन रहा है। दीदी अधिकार केंद्र में CSC सेवाओं के जुड़ने से जीविका दीदियाँ स्वयं डिजिटल रूप से सशक्त होंगी तथा अपने समुदाय तक भी डिजिटल सेवाओं की सहज पहुँच सुनिश्चित करेंगी।”
प्रखंड विकास पदाधिकारी, मनीगाछी श्री दुनिया लाल यादव ने कहा कि, “दीदी अधिकार केंद्र में CSC की शुरुआत ग्रामीण क्षेत्र में डिजिटल सेवाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने की दिशा में एक सराहनीय पहल है। इससे आम लोगों को सरकारी एवं अन्य ऑनलाइन सेवाएँ अपने गाँव के निकट ही उपलब्ध हो सकेंगी, जिससे समय एवं धन दोनों की बचत होगी।”
सामाजिक विकास प्रबंधक श्री नरेश कुमार ने बताया कि दरभंगा जिले में यह पहला दीदी अधिकार केंद्र है जहाँ CSC सेवा की शुरुआत की गई है। भविष्य में अन्य प्रखंडों के दीदी अधिकार केंद्रों में भी इस सुविधा का विस्तार किया जाएगा, जिससे अधिक से अधिक ग्रामीण परिवार डिजिटल सेवाओं का लाभ उठा सकें।”
इस अवसर पर उपस्थित जीविका दीदियों ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि अब ग्रामीण समुदाय को आवश्यक ऑनलाइन सेवाओं के लिए भटकना नहीं पड़ेगा।
इस मौके पर मनीगाछी प्रखंड के जीविकाकर्मी, कैडर व सैकड़ों जीविका दीदियाँ मौजूद रही.
Darbhanga News24 – दरभंगा न्यूज24 Online News Portal