दरभंगा के सभी 18 प्रखंडों में त्रिदिवसीय प्रखंड सहयोग-सह-जन कल्याण शिविर का शुभारंभ, जीविका दीदियाँ कर रहीं जागरूक

राज्य सरकार द्वारा पंचायत एवं नगर निकाय स्तर पर आयोजित सहयोग शिविरों की सफलता के पश्चात अब बिहार के सभी 534 प्रखंडों में “प्रखंड सहयोग-सह-जन कल्याण शिविर” का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में दरभंगा जिले के सभी 18 प्रखंडों में 16 से 18 जून तक आयोजित त्रिदिवसीय शिविर का शुभारंभ मंगलवार को भव्य रूप से किया गया। शिविर के सफल संचालन एवं अधिकाधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करने में जीविका की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
इन प्रखंड स्तरीय शिविरों का उद्देश्य समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े पात्र व्यक्तियों एवं वास्तविक लाभार्थियों तक सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पारदर्शिता एवं समयबद्धता के साथ पहुंचाना है। यह शिविर लंबित आवेदनों के निष्पादन, ई-केवाईसी, नए पंजीकरण एवं विभिन्न योजनाओं के लाभ वितरण का एक महत्वपूर्ण मंच बनकर उभरेगा।
शिविर में आयुष्मान भारत योजना, आयुष्मान वय वंदना कार्ड, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), लखपति दीदी योजना, किसान क्रेडिट कार्ड, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, मुख्यमंत्री कन्या उत्थान एवं छात्रवृत्ति योजनाएं, मुख्यमंत्री उद्यमी योजना, मुख्यमंत्री ग्राम परिवहन योजना, दिव्यांग कल्याण योजनाएं, बिहार भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड तथा मुख्यमंत्री स्वयं सहायता भत्ता योजना सहित अनेक कल्याणकारी योजनाओं से संबंधित सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
जिलाधिकारी, दरभंगा श्री कौशल कुमार द्वारा सभी संबंधित पदाधिकारियों को सरकार के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन करते हुए शिविरों के सफल आयोजन हेतु आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने जिले के आम नागरिकों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में शिविरों में पहुंचकर अपनी समस्याओं का समाधान कराएं एवं सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ प्राप्त करें। उन्होंने कहा कि जनसेवा के लिए पूरा प्रशासनिक तंत्र पूरी तत्परता, संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है।
जीविका की जिला परियोजना प्रबंधक (डीपीएम) डॉ. ऋचा गार्गी ने विभिन्न प्रखंडों में आयोजित शिविरों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि इन शिविरों का मुख्य उद्देश्य सरकारी योजनाओं की पहुंच समाज के अंतिम व्यक्ति तक सुनिश्चित करना है। जीविका दीदियाँ गांव-गांव एवं घर-घर जाकर लोगों को शिविरों की जानकारी दे रही हैं तथा अधिक से अधिक लोगों को इसमें भाग लेकर अपनी समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित विभागों तक पहुंचने हेतु प्रेरित कर रही हैं।
संचार प्रबंधक राजा सागर ने बताया कि जीविका का उद्देश्य केवल लोगों को शिविर तक पहुंचाना नहीं, बल्कि यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रह जाए। इसके लिए जिले की हजारों जीविका दीदियाँ पूरी निष्ठा और उत्साह के साथ जन-जागरूकता अभियान चला रही हैं। उन्होंने कहा कि “सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास” की भावना के अनुरूप यह शिविर आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान, पारदर्शी सेवा प्रदान करने तथा सरकार और जनता के बीच विश्वास को और अधिक मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
त्रिदिवसीय प्रखंड सहयोग-सह-जन कल्याण शिविर ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के नागरिकों के लिए एक सुनहरा अवसर है, जहां एक ही स्थान पर विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी, आवेदन, पंजीकरण, शिकायत निवारण एवं लाभ प्राप्त करने की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
Darbhanga News24 – दरभंगा न्यूज24 Online News Portal