ओवरलोड ट्रैक्टर की चपेट में आने से वृद्ध महिला की मौत, पुत्र घायल
दरभंगा जिले के बिरौल थाना क्षेत्र के मजरगाही गांव में शनिवार को ओवरलोड बालू लदे ट्रैक्टर की चपेट में आने से एक 72 वर्षीय वृद्ध महिला की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उनका पुत्र घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।

मृतका की पहचान बिरौल थाना क्षेत्र के नवटोलिया गांव निवासी जगदीश मंडल की पत्नी अमोलिया देवी (72) वर्ष के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अमोलिया देवी अपने पुत्र रामपुनित मंडल के साथ मोटरसाइकिल से घर से दूध पहुंचाने मजरगाही गांव जा रही थीं। इसी दौरान करेह नदी से ओवरलोड बालू लेकर तेज रफ्तार में आ रहा एक ट्रैक्टर उनकी बाइक की चपेट में आ गया। टक्कर के बाद बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। हादसे में रामपुनित मंडल सड़क किनारे गिरकर घायल हो गए, जबकि अमोलिया देवी सड़क पर गिर गईं और ट्रैक्टर की चपेट में आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद घायल पुत्र के शोर मचाने पर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। भागने के दौरान ट्रैक्टर से ओवरलोड बालू का कुछ हिस्सा गांव के एक दरवाजे के पास सड़क पर गिर गया।
घटना की सूचना मिलते ही बिरौल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए दरभंगा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (डीएमसीएच) भेज दिया। पुलिस फरार ट्रैक्टर चालक की पहचान कर उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
बिरौल थाना अध्यक्ष चंद्रमणि कुमार ने बताया कि ओवरलोड ट्रैक्टर की चपेट में आने से एक वृद्ध महिला की मौत हुई है, जबकि उनका पुत्र घायल हुआ है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। मामले की जांच जारी है और फरार चालक की गिरफ्तारी के लिए पुलिस कार्रवाई कर रही है।
घटना के बाद मृतका के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में शोक का माहौल व्याप्त है।
Darbhanga News24 – दरभंगा न्यूज24 Online News Portal