मंत्री की अध्यक्षता में पंचायती राज विभाग की योजनाओं की हुई समीक्षा बैठक
• पंचायत सरकार भवन,मुख्यमंत्री कन्या विवाह मंडप,सोलर स्ट्रीट लाइट एवं जिला परिषद योजनाओं की हुई विस्तृत समीक्षा
मंत्री, पंचायती राज विभाग, बिहार सरकार दीपक प्रकाश की अध्यक्षता में पंचायती राज विभाग के अंतर्गत संचालित योजनाओं की जिला स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में पंचायत सरकार भवन निर्माण, मुख्यमंत्री कन्या विवाह मंडप योजना, मुख्यमंत्री ग्रामीण सोलर स्ट्रीट लाइट योजना, जिला परिषद की योजनाओं एवं मोक्ष धाम निर्माण सहित विभिन्न योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक के प्रारंभ में जिलाधिकारी दरभंगा कौशल कुमार ने मंत्री दीपक प्रकाश एवं विधायक, दरभंगा ग्रामीण राजेश कुमार मंडल का पाग,चादर एवं पौधा भेंटकर स्वागत किया।
समीक्षा के दौरान बताया गया कि दरभंगा जिले की कुल 308 पंचायतों में पंचायत सरकार भवन का निर्माण किया जाना है। इनमें 98 पंचायत सरकार भवनों का निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है,जबकि 154 पंचायत सरकार भवन निर्माणाधीन हैं।
माननीय मंत्री ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों एवं प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारियों को नियमित रूप से निर्माण कार्य का निरीक्षण करने का निर्देश देते हुए कहा कि सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण ढंग से संपन्न हों।
उन्होंने संबंधित कार्यान्वयन एजेंसियों को निर्माण की गुणवत्ता एवं समय-सीमा का विशेष ध्यान रखने का निर्देश दिया।
उन्होंने भवन निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता एवं एलएईओ को निर्देश दिया कि सभी पंचायत सरकार भवनों की स्वीकृत प्राक्कलन (एस्टीमेट) की प्रति संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारियों एवं प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारियों को उपलब्ध कराई जाए,ताकि निर्माण कार्य की प्रभावी निगरानी सुनिश्चित हो सके।
बैठक में जिला परिषद की विभिन्न योजनाओं एवं जिला परिषद की भूमि से संबंधित मामलों की भी समीक्षा की गई। मंत्री ने उप विकास आयुक्त स्वप्निल को निर्देश दिया कि जिला परिषद की सभी योजनाओं का संचालन निर्धारित नियमों एवं प्रावधानों के अनुरूप सुनिश्चित किया जाए।
समीक्षा के दौरान बताया गया कि जिले में 75 मुख्यमंत्री कन्या विवाह मंडप योजनाएं स्वीकृत हैं। इनमें 31 योजनाओं का प्राक्कलन तैयार कर प्रशासनिक स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है,जबकि शेष योजनाओं का प्राक्कलन तैयार किया जा रहा है।
माननीय मंत्री ने सभी स्वीकृत योजनाओं का निर्माण प्राथमिकता के आधार पर कराने तथा जिन स्थानों पर भूमि उपलब्ध नहीं है, वहां शीघ्र भूमि चिन्हित कर प्रक्रिया पूरी करने का निर्देश दिया।
बैठक में जानकारी दी गई कि जिले में मोक्ष धाम निर्माण हेतु 446 स्थलों का सर्वेक्षण किया जा चुका है।
विधायक, दरभंगा ग्रामीण राजेश कुमार मंडल ने गौसाघाट एवं धोई घाट में बंद पड़े शवदाह गृहों का संचालन पुनः प्रारंभ कराने का सुझाव दिया।
समीक्षा के दौरान बताया गया कि मुख्यमंत्री ग्रामीण सोलर स्ट्रीट लाइट योजना के अंतर्गत दरभंगा जिले को 45,600 सोलर स्ट्रीट लाइट लगाने का लक्ष्य दिया गया था, जिसके विरुद्ध अब तक 44,537 सोलर स्ट्रीट लाइटों का अधिष्ठापन किया जा चुका है,जो निर्धारित लक्ष्य का लगभग 98 प्रतिशत है।
मंत्री ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों एवं प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारियों को नियमित रूप से सोलर स्ट्रीट लाइटों की जांच कराने तथा खराब स्ट्रीट लाइटों को संबंधित एजेंसी से शीघ्र दुरुस्त कराने का निर्देश दिया।
समीक्षा के क्रम में यह भी जानकारी सामने आई कि बहेड़ी एवं कुशेश्वरस्थान प्रखंडों में अभी सोलर स्ट्रीट लाइट का अधिष्ठापन शेष है। इस पर मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को शीघ्र कार्य पूर्ण कराने का निर्देश दिया।
माननीय मंत्री ने निर्देश दिया कि जिन पंचायत में पंचायत सरकार भवनों का निर्माण पूर्ण हो चुका है, वहां आरटीपीएस कर्मियों की प्रतिनियुक्ति करना सुनिश्चित करें।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सहयोग पोर्टल पर पंचायती राज विभाग से संबंधित प्राप्त आवेदनों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।
माननीय मंत्री ने पंचायत विकास दिवस कार्यक्रम में अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करने एवं लोगों को इसके लिए प्रोत्साहित करने का निर्देश दिया।
बैठक के दौरान विधायक, दरभंगा ग्रामीण राजेश कुमार मंडल ने प्रत्येक पंचायत में खेल मैदान एवं पुस्तकालय विकसित करने का सुझाव भी दिया।
बैठक में आप्त सचिव, मंत्री, पंचायती राज विभाग अमरेश कुमार अमर, सहायक समाहर्ता कल्पना रावत, उप विकास आयुक्त स्वप्निल, जिला पंचायती राज पदाधिकारी पवन कुमार यादव, जिला जन संपर्क पदाधिकारी आशीष अमन, भवन निर्माण विभाग एवं संबंधित विभागों के पदाधिकारी, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी तथा सभी प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी उपस्थित थे।
Darbhanga News24 – दरभंगा न्यूज24 Online News Portal