मंगलवार को उमड़ा श्यामा भक्तों का भारी सैलाब

नवाह के चौथे दिन नेपाल व बंगाल सहित सुदूर देहात के भक्तों का हुआ भारी जुटान
शहर के माधेश्वर प्रांगण में शनिवार को शुरू हुए ‘जय श्यामा माई, श्यामा माई, श्यामा माई, जय श्यामा माई’ नामधुन नवाह संकीर्तन के चौथे दिन मंगलवार को श्रद्धालुओं की भीड़ में अचानक काफी बढ़ोतरी हुई। मंगलवार को काफी संख्या में नेपाल, बंगाल और सुदूर देहातों से आए श्रद्धालु मां श्यामा नामधुन संकीर्तन में शामिल हुए। जानकारी देते हुए मां श्यामा समिति के उपाध्यक्ष पं कमलाकांत झा ने बताया कि श्रद्धालुओं के श्रद्धा भाव को देखते हुए उनके चरण पखारने के लिए मंदिर परिसर में सतही झरना लगाया गया है। जिसमें मंदिर परिसर में प्रवेश करने वाले भक्तों के चरण स्वत: धुल जाते हैं। इसके साथ ही दरभंगा राज परिवार के शाही श्मशान में विराजित मां श्यामा काली नामधुन नवाह संकीर्तन स्थल पर पहुंचने के लिए विभिन्न पांच द्वारों का नामकरण दरभंगा राज परिवार के पुरखों के प्रति सम्मान समर्पित करने के उद्देश्य से दरभंगा के पांच पूर्व महाराजा क्रमशः महाराज माधव सिंह, महाराज रूद्र सिंह, महाराज कामेश्वर सिंह, महाराज रमेश्वर सिंह एवं महाराज लक्ष्मीश्वर सिंह के नाम पर किया गया है। मिथिला के लोग दरभंगा महाराज की पुण्य स्मृति में बनाए गए इन द्वारों का अवलोकन कर अत्यंत प्रसन्नता जताने के साथ ही गौरव बोध का सहज ही अहसास कर रहे हैं।
न्यास समिति के सचिव डॉ श्रीपति त्रिपाठी ने बताया कि समिति के अध्यक्ष डॉ एस एन झा विधि व्यवस्था के सुचारू संचालन पर विशेष निगाह रखे हुए हैं और प्रतिदिन समीक्षा बैठक कर भक्तों की सुविधा के लिए कार्य योजना को अंजाम दे रहे हैं। उन्होंने बताया कि अध्यक्ष के निर्देश पर श्यामा भक्तों की सुविधा के लिए मंदिर के मुख्य प्रवेश द्वारा सहित अन्य सभी द्वारों को भी श्रद्धालुओं के लिए खोल दिया गया है। इससे सभी दिशाओं से आने वाले भक्तों को काफी सुविधा होने के साथ-साथ भीड़ को नियंत्रित करने में काफी मदद मिल रही है।
Darbhanga News24 – दरभंगा न्यूज24 Online News Portal