अमर शहीदों को विद्यापति सेवा संस्थान ने दी श्रद्धांजलि
संस्थान के महासचिव ने उठाई शहीद दिवस पर राष्ट्रीय अवकाश घोषित करने की मांग

देश की स्वतंत्रता के लिए फांसी के फंदे को चूमने वाले शहीद भगत सिंह, सुखदेव व राजगुरू हमारे आदर्श हैं। इन तीनों वीर सपूतों का शहादत दिवस हमें देश के सपूतों के प्रति सम्मान व हिंदुस्तानी होने का गौरवशाली अनुभव कराता है। यह बात विद्यापति सेवा संस्थान की ओर से रविवार को टावर चौक स्थित शहीद भगत सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण करने पहुंचे संस्थान के महासचिव डॉ बैद्यनाथ चौधरी बैजू ने कही। उन्होंने कहा कि 10 मई 1973 को स्थानीय निवासी स्व दुर्गा प्रसाद बजाज की पुण्य स्मृति में उनके परिजनों द्वारा प्रदत्त शहीदे आजम की प्रतिमा का अनावरण भगत सिंह की मां विद्यावती देवी, उनकी बहन बीबी अमर कौर एवं स्वतंत्रता आंदोलन के अमर सेनानी स्व बटुकेश्वर दत्त की धर्मपत्नी अंजलि दत्त ने मिलकर किया था। अपने संबोधन में उन्होंने शहीद दिवस को राष्ट्रीय पर्व के रूप में मनाने एवं इस दिन राष्ट्रीय अवकाश घोषित करने की सरकार से मांग की।
इस अवसर पर अपने संबोधन में मीडिया संयोजक प्रवीण कुमार झा ने कहा कि भगत सिंह ने अपने संक्षिप्त जीवन में वैचारिक क्रांति की जो मशाल जलाई, वह हर युवा के लिए अनुकरणीय है। प्रो प्रकाश चन्द्र मिश्र ने कहा कि भारत माता के इन पराक्रमी सपूतों के त्याग, संघर्ष व आदर्श की कहानी देशवासियों को हमेशा प्रेरित करती रहेंगी। शहीद दिवस के मौके पर विनोद कुमार झा, प्रो चंद्रशेखर झा बूढाभाई, राजीव कुमार चौधरी, प्रो अरुण सिंह, दुर्गानंद झा, नवल किशोर झा, प्रेम चौधरी, मिथिलेश मिश्र, गिरधारी झा, सुनील राय, तरुण कुमार गुप्ता, दीप कांस्यकार, संजय कुमार मंडल, ओम प्रकाश गुप्ता, कौशल महासेठ, विशाल कुमार आदि ने भी अमर सेनानी को श्रद्धांजलि अर्पित की।
Darbhanga News24 – दरभंगा न्यूज24 Online News Portal