Breaking News

मधुबनी / बिहार LPG गैस की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य, अफवाह फैलाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई :DM आनंद शर्मा

LPG गैस की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य, अफवाह फैलाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई :DM आनंद शर्मा

मधुबनी जिलाधिकारी आनंद शर्मा की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित सभा कक्ष में जिले के संबंधित तेल कंपनियों के प्रबंधकों एवं एलपीजी गैस वितरकों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में उपस्थित भारत पेट्रोलियम, हिंदुस्तान पेट्रोलियम तथा इंडियन ऑयल के क्षेत्रीय प्रबंधकों ने जानकारी दी कि जिले में एलपीजी गैस की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है और किसी प्रकार की कोई कमी नहीं है। सभी गैस वितरकों को उनकी मांग के अनुरूप समय-समय पर गैस की आपूर्ति की जा रही है। बैठक में मौजूद सभी गैस वितरकों ने भी इस बात की पुष्टि की।

 

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि हाल के दिनों में अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों को लेकर सोशल मीडिया पर गैस की संभावित कमी संबंधी भ्रामक सूचनाएँ प्रसारित की जा रही हैं, जिससे आम लोगों में अनावश्यक भ्रम की स्थिति उत्पन्न हो रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसी अफवाहों पर ध्यान देने की आवश्यकता नहीं है।

 

जिलाधिकारी ने कड़े शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि अफवाह फैलाने वाले, जमाखोरी करने वाले या गैस की कालाबाजारी करने वाले तत्वों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि गैस की पूर्ण उपलब्धता को देखते हुए अनावश्यक रूप से अतिरिक्त गैस सिलेंडर की बुकिंग या घरों में गैस सिलेंडरों का भंडारण न करें, ताकि सभी उपभोक्ताओं को सुचारु रूप से गैस उपलब्ध हो सके।

 

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि घरेलू एलपीजी सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग, अनधिकृत भंडारण या अवैध वितरण करना Liquefied Petroleum Gas (Regulation of Supply and Distribution) Order, 2000 के क्लॉज 3, 4 एवं 5 का उल्लंघन है। ऐसे मामलों में Essential Commodities Act, 1955 की धारा 7 के अंतर्गत कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

 

जिलाधिकारी ने सभी गैस वितरकों को निर्देश दिया कि वे उपभोक्ताओं को निर्धारित नियमों के अनुसार समय पर गैस सिलेंडर की आपूर्ति सुनिश्चित करें तथा वितरण व्यवस्था में किसी प्रकार की अनियमितता न होने दें। साथ ही संबंधित पदाधिकारियों को एलपीजी गोदामों, वितरण केंद्रों एवं अन्य संदिग्ध स्थलों पर नियमित निरीक्षण करने तथा आवश्यकता पड़ने पर तलाशी और जब्ती की कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

 

इस महत्वपूर्ण बैठक में पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार, अपर समाहर्ता मुकेश रंजन झा, सभी अनुमंडल पदाधिकारी, जिला आपूर्ति पदाधिकारी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

 

अंत में जिलाधिकारी ने जिलेवासियों से संयम बनाए रखने, अफवाहों से दूर रहने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि जिले में एलपीजी गैस की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है और किसी भी प्रकार की घबराहट की आवश्यकता नहीं है। साथ ही चेतावनी दी कि इस संबंध में अफवाह फैलाने वालों को चिन्हित कर भारतीय न्याय संहिता की सुसंगत धाराओं के तहत कार्रवाई की जाएगी।

Check Also

 • डीएम ने सड़क निर्माण कार्य का किये निरीक्षण…  • रामनवमी पर्व से पहले पथ को मोटरेबल बनाने का निर्देश 

🔊 Listen to this     • डीएम ने सड़क निर्माण कार्य का किये निरीक्षण… …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *