दरभंगा जिले में शत-प्रतिशत मतदान के लिए जीविका दीदियाँ अग्रिम मोर्चे पर
बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 के मद्देनजर दरभंगा जिले में मतदाता जागरूकता अभियान गति पकड़ चुका है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी कौशल कुमार के निर्देश के आलोक में अभियान जन-जन को लोकतंत्र के महापर्व में शामिल करने का प्रेरक आंदोलन बन गया है।

दरभंगा की जीविका दीदियाँ पूरे उत्साह, ऊर्जा और समर्पण के साथ गांव-गांव जाकर लोगों को मतदान के महत्व से अवगत करा रही हैं। वे इस चुनाव को जनभागीदारी के उत्सव के रूप में बदलने के लिए अग्रिम मोर्चे पर कार्य कर रही हैं।
जिलाधिकारी स्वयं निरंतर जीविका दीदियों से संवाद स्थापित कर उन्हें दिशा-निर्देश और प्रेरणा दे रहे हैं, ताकि अभियान की प्रभावशीलता और दायरा दोनों बढ़ सके।
सदर और मनीगाछी प्रखंडों में विशेष मतदाता जागरूकता कार्यक्रम
जिलाधिकारी के निर्देशानुसार जिला परियोजना प्रबंधक डा. ऋचा गार्गी की अध्यक्षता में सदर व मनीगाछी प्रखंड के विभिन्न सामुदायिक संगठनों के सहयोग से व्यापक मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
सदर प्रखंड के भालपट्टी पंचायत में आयोजित संवाद कार्यक्रम में डीपीएम डॉ. गार्गी ने सीएम दीदियों व ग्राम संगठन की महिलाओं से संवाद कर उन्हें मतदान के लिए प्रेरित किया।
वहीं, मनीगाछी प्रखंड के राघोपुर पंचायत में भी हजारों जीविका दीदियों की उपस्थिति में उन्होंने संबोधित करते हुए शत-प्रतिशत मतदान का आह्वान किया।
डीपीएम ने कहा कि अब चुनाव में केवल दो दिन शेष हैं, इसलिए 06 नवम्बर को मतदान दिवस पर सभी जीविका दीदियाँ न केवल स्वयं मतदान करें, बल्कि घर-घर जाकर मतदाताओं को भी मतदान के लिए प्रेरित करें। मतदान का समय सुबह 7:00 से शाम 6:00 तक निर्धारित है। उन्होंने कहा कि “अब समय है कि हम सब मिलकर यह सुनिश्चित करें कि दरभंगा जिला शत-प्रतिशत मतदान के लिए राज्य में एक उदाहरण बने।”
उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि जिन क्षेत्रों में पिछले चुनावों में मतदान प्रतिशत कम रहा है, वहाँ ग्राम संगठनों द्वारा तैयार की गई लाइन लिस्टिंग के अनुसार घर-घर जाकर मतदाता जागरूकता अभियान चलाया जाए। साथ ही, छठ पर्व पर घर लौटे प्रवासी मतदाताओं को भी मतदान के लिए प्रेरित किया जाए।
जीविका दीदियाँ बनीं लोकतंत्र की सशक्त आवाज़
डीपीएम डॉ. ऋचा गार्गी ने कहा कि मतदान दिवस पर जीविका दीदियाँ पूरे जोश और तत्परता से मैदान में उतरेंगी। उन्होंने कहा,
“दीदियों का यह उत्साह और समर्पण दरभंगा जिले में शत-प्रतिशत मतदान सुनिश्चित करने की दिशा में ऐतिहासिक कदम साबित होगा। दरभंगा की जीविका दीदियाँ आज आत्मनिर्भरता और सामाजिक परिवर्तन की प्रतीक बन चुकी हैं और अब लोकतंत्र की सशक्त आवाज़ बनकर हर घर तक मतदान का संदेश पहुँचा रही हैं।”
उन्होंने बताया कि जीविका दीदियाँ विशेष रूप से युवाओं और पहली बार मतदान करने वालों को प्रेरित कर रही हैं कि वे 06 नवम्बर को मतदान केंद्र पहुँचकर अपने मताधिकार का गर्व से प्रयोग करें।
जागरूकता रैली और मतदाता शपथ
डीपीएम के नेतृत्व में ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता रैली और कैंडल मार्च निकाला गया, जिसमें हजारों जीविका दीदियों ने भाग लेकर लोगों को मतदान के प्रति प्रेरित किया।
कार्यक्रम के अंत में डॉ. गार्गी ने सभी उपस्थित लोगों को मतदाता शपथ दिलाई, जिसमें सभी ने निर्भय, निष्पक्ष और शत-प्रतिशत मतदान सुनिश्चित करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से उपस्थित:
रश्मि कुमारी, मनोरमा मिश्रा, बीपीएम दीपक कुमार, सिकंदर आज़म, रिंकी मिश्रा, नवीन कुमार, मोहन कुमार, नागेंद्र साफी सहित हजारों जीविका दीदियाँ।
Darbhanga News24 – दरभंगा न्यूज24 Online News Portal