दरभंगा मतदान महापर्व का अंतिम आह्वान — जीविका दीदियाँ घर-घर पहुँचा रहीं हैं शत-प्रतिशत मतदान का संदेश

बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 के अंतर्गत दरभंगा जिले में मतदाता जागरूकता अभियान अब अपने चरम पर पहुँच चुका है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिलाधिकारी कौशल कुमार के नेतृत्व में संचालित यह अभियान पूरे जिले में लोकतंत्र के इस महापर्व को जनभागीदारी का उत्सव बनाने की दिशा में अभूतपूर्व सफलता की ओर अग्रसर है।
इस अभियान में जीविका दीदियाँ अग्रिम पंक्ति में रहकर समाज के हर वर्ग को मतदान के महत्व से जोड़ने का कार्य कर रही हैं। पूरे उत्साह, समर्पण और जिम्मेदारी के साथ वे गांव-गांव, टोला-मोहल्लों और घर-घर जाकर *शत-प्रतिशत मतदान* – *सशक्त लोकतंत्र की पहचान*का संदेश फैला रही हैं।
आज जिले के सभी 18 प्रखंडों में जीविका दीदियों ने जागरूकता कार्यक्रमों के समापन अवसर पर विशेष गतिविधियाँ आयोजित कीं। विभिन्न ग्राम संगठनों, क्लस्टर स्तरीय संघों (CLF) और सामुदायिक संस्थानों के सहयोग से आयोजित इन कार्यक्रमों में दीदियों ने रैली, नुक्कड़ नाटक, गीत-संगीत, एवं मानव श्रृंखला जैसी कई प्रेरक गतिविधियों के माध्यम से मतदान के प्रति आम जनता को जागरूक किया।
संध्या के समय जिले के सभी प्रखंडों में भव्य कैंडल मार्च का आयोजन किया गया। हाथों में मोमबत्तियाँ लिए हजारों जीविका दीदियाँ सड़कों पर उतरीं और एक स्वर में नारा बुलंद किया —
“हर मतदाता का यही अभियान, कल जरूर करें मतदान!”
इन कैंडल मार्चों ने एक अद्भुत दृश्य प्रस्तुत किया, जहाँ महिलाएँ न केवल अपने मताधिकार के महत्व को रेखांकित कर रही थीं, बल्कि दूसरों को भी लोकतंत्र की मजबूती के लिए मतदान करने का संकल्प दिला रही थीं।
जीविका दीदियों ने अपने संदेश में कहा —
“त्योहार हर साल आते हैं, पर लोकतंत्र का त्योहार केवल पाँच साल में एक बार आता है। इसलिए इस अवसर को हम सबको पूरे जोश और गर्व के साथ मनाना चाहिए। एक-एक वोट हमारी लोकतंत्र की नींव को मजबूत करता है।”
जिलाधिकारी श्री कौशल कुमार ने जीविका दीदियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि —
“दरभंगा जिले की जीविका दीदियाँ सामाजिक परिवर्तन की सशक्त प्रतीक हैं। उनका उत्साह, अनुशासन और सामूहिकता दरभंगा को शत-प्रतिशत मतदान की दिशा में अग्रसर कर रही है। प्रशासन और समाज के इस समन्वय से लोकतंत्र निश्चित रूप से और अधिक सशक्त होगा।”
इस अवसर पर जिला परियोजना प्रबंधक डा० ऋचा गार्गी ने बताया कि जिले में लगभग 5 लाख से अधिक जीविका दीदियाँ मतदाता जागरूकता अभियान से प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से जुड़ी रहीं, जिन्होंने मतदान केंद्रों पर मतदाताओं को प्रेरित करने, सहायता पहुँचाने और शांतिपूर्ण मतदान के लिए माहौल तैयार करने में अग्रणी भूमिका निभा रही हैं।
दरभंगा की धरती से आज यह सशक्त संदेश पूरे राज्य में जा रहा है कि “जब महिलाएँ आगे बढ़ती हैं, तो लोकतंत्र मजबूत होता है।” जीविका दीदियों के अथक प्रयासों ने मतदान को सिर्फ एक प्रक्रिया नहीं, बल्कि लोकतंत्र का उत्सव बना दिया है।
Darbhanga News24 – दरभंगा न्यूज24 Online News Portal