मैथिली अकादमी के पूर्ववत स्वायत्त स्थापना के लिए विद्यापति सेवा संस्थान का धरना आज
बिहार प्रदेश के एकमात्र संवैधानिक भाषा मैथिली के संरक्षण और संवर्धन के लिए गठित मैथिली अकादमी के स्वायत्त अस्तित्व में पूर्ववत क्रियान्वयन की मांग को लेकर विद्यापति सेवा संस्थान शनिवार को दरभंगा आयुक्त कार्यालय पर धरना प्रदर्शन करेगा।
जानकारी देते हुए संस्थान के महासचिव डॉ बैद्यनाथ चौधरी बैजू ने बताया कि बिहार में मैथिली भाषा, साहित्य, कला और संस्कृति को संरक्षण–संवर्द्धन देने के उद्देश्य से वर्ष 1976 में स्वतंत्र और स्वायत्त संस्था के रूप में मैथिली अकादमी की स्थापना की गई थी। इसकी स्थापना का मुख्य उद्देश्य विभिन्न कार्यक्रमों के आयोजन के साथ-साथ पत्र–पत्रिकाओं और पुस्तकों के प्रकाशन सहित अनेक महत्वपूर्ण साहित्यिक एवं सांस्कृतिक कार्यों को अंजाम देना था। लेकिन, आज यह अकादमी प्रशासनिक उदासीनता और कर्मचारियों के भारी अभाव के कारण बंद पड़ा है और उसके भवन में ताला लटका होना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और चिंताजनक स्थिति है।
उन्होंने बताया कि मैथिली अकादमी अपने स्थापना काल से ही ना केवल बिहार, बल्कि संपूर्ण देश भर में मैथिली भाषा के शोध, प्रकाशन और साहित्यिक गतिविधि का एक प्रमुख केंद्र रहता आया है। अकादमी द्वारा अद्यतन करीब 213 महत्वपूर्ण पुस्तकों का प्रकाशन किया गया है, जिसमें से करीब नौ कृति साहित्य अकादेमी पुरस्कार से सम्मानित है। अकादमी से प्रकाशित पुस्तकें बिहार सहित देश के विभिन्न विश्वविद्यालयों के स्नातक और स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम में सम्मिलित होने के साथ ही यूपीएससी और बीपीएससी सहित अनेक प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए अत्यंत उपयोगी हैं।
ऐसी स्थिति में अकादमी के कर्मचारियों को अन्य संस्थान में प्रतिनियुक्त किए जाने और स्थायी नियुक्ति के अभाव में अकादमी को बंद करने का टोटा खड़ा करना संपूर्ण मिथिला समाज और संविधान के आठवीं अनुसूची में शामिल मैथिली भाषा के लिए अपमानजनक है।
डॉ बैजू ने बताया कि करोड़ों शोधार्थी, विद्यार्थी और साहित्यकारों को उनके भविष्य के ऊपर मंडरा रहे खतरा के बादल से बचाने एवं शासन-प्रशासन के स्तर पर मैथिली के विरूद्ध उठाए जा रहे आत्मघाती कदम के विरोध में शनिवार को संस्थान एवं अंतरराष्ट्रीय मैथिली सम्मेलन के संयुक्त तत्वावधान में प्रमंडलीय आयुक्त कार्यालय के समक्ष एक दिवसीय धरना प्रदर्शन किया जाएगा। जबकि रविवार को डॉ सी. पी. ठाकुर सहित मिथिला क्षेत्र के जन प्रतिनिधियों के साथ संस्थान का प्रतिनिधि मंडल मुख्यमंत्री से भेंट करेगा।
Darbhanga News24 – दरभंगा न्यूज24 Online News Portal