दरभंगा जीविका गौड़ाबौराम द्वारा खेल मैदान, कोठराम में एक दिवसीय पशु स्वास्थ्य जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर का उद्घाटन जीविकोपार्जन प्रबंधक श्रेया शर्मा, युवा पेशेवर रिंकू, बीपीएम सर्वेश शाही, पशु चिकित्सक डॉ. शुभचंद्र झा, मुखिया नगरासी बृजनंदन, लेखापाल सतेन्द्र सहित अन्य पदाधिकारियों द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया।

शिविर में पशुओं की निःशुल्क स्वास्थ्य जांच की गई तथा मुफ्त दवाओं का वितरण किया गया। इसमें कृमिनाशक, सर्दी-बुखार, डायरिया, भूख बढ़ाने की दवा, मिनरल्स, हिमालय बचिया, मल्टी विटामिन सहित विभिन्न प्रकार की औषधियां पशुपालकों को उपलब्ध कराई गईं। शिविर में कुल 242 पशुपालक दीदियों ने पंजीकरण कराया, जिनके 586 पशुओं की जांच कर दवा दी गई।
इस अवसर पर मैनेजर लाइवस्टॉक श्रेया शर्मा ने कहा कि जिन क्षेत्रों में पशुओं की संख्या अधिक है और सुविधाओं का अभाव है, वहां ऐसे शिविरों के माध्यम से स्वास्थ्य जांच और दवा उपलब्ध कराई जाती है। डॉ. शुभचंद्र झा ने बताया कि एक स्थान पर शिविर आयोजित कर अधिक से अधिक पशुपालकों को लाभ पहुंचाया जा सकता है।
बीपीएम सर्वेश शाही ने कहा कि ऐसे शिविरों से पशुओं की बीमारियों का समय पर निदान और उपचार संभव होता है, जिससे मृत्यु दर कम होती है। साथ ही बांझपन की समस्या का समाधान होता है और पशु उत्पादकता में वृद्धि होती है। इससे दूध, मांस एवं अन्य पशु उत्पादों की पैदावार बढ़ती है। उन्होंने बताया कि महिला किसानों और छोटे पशुपालकों को इससे विशेष लाभ मिलता है।
मुखिया नगरासी पंचायत के बृजनंदन ने कहा कि जीविका द्वारा आयोजित इस तरह के कार्यक्रमों से पंचायत को काफी लाभ मिला है। उन्होंने भविष्य में पंचायत के अन्य क्षेत्रों में भी ऐसे शिविर आयोजित करने की मांग की।
कार्यक्रम को सफल बनाने में गौरीशंकर कुमार, अरविंद कुमार, राज कुमार, गुड़िया झा, प्रतिभा कुमारी, सुनीता कुमारी, पिंकी देवी, रामदाय देवी सहित अन्य कैडरों का विशेष सहयोग रहा। शिविर में भाग लेने वाली दीदियां इस पहल से अत्यंत प्रसन्न नजर आईं।
Darbhanga News24 – दरभंगा न्यूज24 Online News Portal