• डीएम की अध्यक्षता में जनगणना 2027 के क्रियान्वयन समीक्षात्मक बैठक आयोजित…

दरभंगा जिलाधिकारी कौशल कुमार की अध्यक्षता मे भारत की जनगणना 2027 के सफल क्रियान्वयन को लेकर विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिले के सभी संबंधित पदाधिकारियों के साथ जनगणना कार्यों की तैयारियों एवं प्रगति की समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान बताया गया कि सभी चार्ज क्षेत्रों में 13 अप्रैल से 24 अप्रैल 2026 तक नामित प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।
साथ ही 17 अप्रैल से 01 मई 2026 तक स्वगणना की तिथि निर्धारित की गई है,जिसके अंतर्गत आम नागरिक अपने मोबाइल फोन के माध्यम से स्वयं अपनी जानकारी दर्ज कर सकेंगे।
इसके अतिरिक्त 02 मई से 31 मई 2026 के बीच मकान सूचीकरण (हाउस लिस्टिंग) का कार्य किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने सभी अपर समाहर्ताओं को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने आवंटित चार्ज क्षेत्रों में जनगणना कार्यों का सतत अनुश्रवण सुनिश्चित करें। उन्होंने जिला सूचना विज्ञान पदाधिकारी को चार्जवार तकनीकी कर्मियों की संख्या बढ़ाने का निर्देश दिया,ताकि जनगणना कार्यों के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की तकनीकी समस्या उत्पन्न न हो।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनगणना कार्य की सफलता प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों के गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण पर निर्भर करती है। उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों को जनगणना से संबंधित जारी गाइडलाइन का गहन अध्ययन करने एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप कार्य सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
ग्रामीण एवं नगरीय चार्ज क्षेत्रों में प्रशिक्षण कार्यक्रमों के प्रभावी संचालन एवं जनगणना कार्यों की नियमित समीक्षा के लिए जिला स्तर के वरीय पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। स्वप्निल, उप विकास आयुक्त को दरभंगा सदर, नगर निगम दरभंगा, बहादुरपुर, हनुमाननगर, हायाघाट एवं नगर पंचायत हायाघाट का दायित्व सौंपा गया है।
मनोज कुमार, बंदोबस्त पदाधिकारी को मनीगाछी, तारडीह, घनश्यामपुर, नगर पंचायत घनश्यामपुर एवं किरतपुर का प्रभार दिया गया है।
राकेश कुमार, अपर समाहर्ता (विभागीय जांच) को कुशेश्वरस्थान, कुशेश्वरस्थान पूर्वी, नगर पंचायत कुशेश्वरस्थान पूर्वी, बिरौल एवं नगर पंचायत बिरौल का दायित्व दिया गया है।
सलीम अख्तर, अपर समाहर्ता (आपदा प्रबंधन) को केवटी, सिंहवाड़ा, नगर पंचायत सिंहवाड़ा, भरवाड़ा, जाले, कमतौल एवं अहियारी क्षेत्रों की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
वहीं मनोज कुमार, अपर समाहर्ता (राजस्व) को बेनीपुर, नगर परिषद बेनीपुर, अलीनगर, बहेड़ी, नगर पंचायत बहेड़ी एवं गौड़ाबौराम चार्ज क्षेत्रों का अनुश्रवण करने का दायित्व दिया गया है।
बैठक में सहायक समाहर्ता,जिला सांख्यिकी पदाधिकारी, उप निदेशक जनसंपर्क सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।
Darbhanga News24 – दरभंगा न्यूज24 Online News Portal