• सीएम साइंस कॉलेज में इंडक्शन कार्यक्रम आयोजित

*सीएम साइंस कॉलेज में इंडक्शन कार्यक्रम आयोजित*

सी.एम. साइंस कॉलेज, दरभंगा के स्नातकोत्तर रसायन शास्त्र विभाग द्वारा मंगलवार को बी.एससी. प्रथम सेमेस्टर (सत्र 2026–30) के रसायन विज्ञान (मेजर) विषय के नवनामांकित छात्र-छात्राओं के लिए इंडक्शन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्रधानाचार्य प्रो. संजीव कुमार मिश्र ने की। जबकि इसका आयोजन स्नातकोत्तर रसायन विज्ञान विभाग के अध्यक्ष डॉ. वी. डी. त्रिपाठी के नेतृत्व में किया गया। कार्यक्रम में नवप्रवेशित विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण एवं उल्लेखनीय भागीदारी रही।

अपने अध्यक्षीय संबोधन में प्राचार्य प्रो. संजीव कुमार मिश्र ने विद्यार्थियों को नियमित एवं अनिवार्य रूप से महाविद्यालय में उपस्थित रहने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि सी.एम. साइंस कॉलेज ने देश-विदेश में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाने वाले अनेक प्रतिष्ठित विद्यार्थी दिए हैं। यह महाविद्यालय विद्यार्थियों को उनके भविष्य के लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए उत्कृष्ट शैक्षणिक वातावरण एवं सशक्त मंच प्रदान करता है।

विभागाध्यक्ष डॉ. वी. डी. त्रिपाठी ने अपने संबोधन में शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को बताया कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा ही उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला है। डॉ. पांशू प्रतीक ने कहा कि सफल विद्यार्थी बनने के लिए नियमित कक्षाओं में उपस्थिति तथा शिक्षकों का सतत मार्गदर्शन महत्वपूर्ण है। डॉ. गौतम कुमार साह ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि माता-पिता के बाद महाविद्यालय के शिक्षक ही छात्रों के जीवन में प्रेरणा और ज्ञान के सबसे बड़े स्रोत होते हैं। डॉ. फहीमुल हसन ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि रसायन विज्ञान के वास्तविक व्यावहारिक ज्ञान एवं प्रयोगशाला कौशल को आत्मसात करने के लिए नियमित एवं निरंतर कक्षाओं में उपस्थिति अत्यंत आवश्यक है।

सहायक प्राध्यापक डॉ. शाकिर अहमद ने विद्यार्थियों को रसायन विज्ञान के क्षेत्र में उपलब्ध व्यापक कैरियर संभावनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि उच्च शिक्षा, अनुसंधान, औषधि उद्योग, रासायनिक उद्योग, पर्यावरण विज्ञान, फॉरेंसिक विज्ञान, शिक्षण तथा विभिन्न सरकारी एवं निजी क्षेत्रों में रसायन विज्ञान के विद्यार्थियों के लिए उत्कृष्ट अवसर उपलब्ध हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने बेहतर भविष्य के निर्माण के लिए लक्ष्य निर्धारित कर समर्पण एवं परिश्रम के साथ अध्ययन करने का आह्वान किया। डॉ. निधि झा ने महाविद्यालय में आयोजित सह-पाठ्यक्रम एवं पाठ्येतर गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर बल दिया। वहीं डॉ. ए. हरिनाथ ने विद्यार्थियों को दैनिक जीवन में रसायन विज्ञान के व्यापक महत्व एवं उसके व्यावहारिक उपयोगों से अवगत कराया। इंडक्शन कार्यक्रम के आयोजन में विभाग के शिक्षकों के इतर कर्मियों का भी सहयोग रहा। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने विभाग की शैक्षणिक गतिविधियों, अनुशासन एवं अध्ययन संस्कृति के प्रति उत्साह व्यक्त किया तथा महाविद्यालय प्रशासन एवं विभाग के प्रति आभार प्रकट किया।

Check Also

इंटरनेशनल कौन्फ्रेन्स में पथ निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता ने लहराया बिहार का परचम

🔊 Listen to this इंटरनेशनल कौन्फ्रेन्स में पथ निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता ने लहराया …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *