•  प्रभात खबर के पत्रकार विजय गुप्ता की गिरफ्तारी के खिलाफ पत्रकारों का आक्रोश, पत्नी बोलीं— “हर पल डर के साये में जी रही हूं

•  प्रभात खबर के पत्रकार विजय गुप्ता की गिरफ्तारी के खिलाफ पत्रकारों का आक्रोश, पत्नी बोलीं— “हर पल डर के साये में जी रही हूं

 

केवटी (दरभंगा): प्रभात खबर के पत्रकार विजय कुमार गुप्ता की गिरफ्तारी को लेकर बिहार श्रमजीवी पत्रकार यूनियन, दरभंगा ने कड़ी नाराजगी जताई है। यूनियन के पदाधिकारियों और पत्रकारों का एक प्रतिनिधिमंडल उनके आवास पहुंचा, जहां परिजनों से मुलाकात कर उन्हें हरसंभव सहयोग और न्याय की लड़ाई में साथ खड़े रहने का भरोसा दिया गया।

मुलाकात के दौरान विजय गुप्ता की पत्नी ममता गुप्ता भावुक हो गईं। उन्होंने गिरफ्तारी के दिन से लेकर अब तक की पूरी घटना पत्रकारों को बताते हुए कहा कि उनके परिवार पर मानसिक दबाव बना हुआ है। उन्होंने कहा, “मैं हमेशा डरी-सहमी रहती हूं। न जाने कब क्या हो जाए। परिवार लगातार तनाव में है और भविष्य को लेकर चिंता बनी हुई है।” उनकी बातें सुनकर उपस्थित पत्रकारों ने उन्हें ढांढस बंधाया और भरोसा दिलाया कि वे इस संघर्ष में अकेली नहीं हैं।

 

यूनियन के जिलाध्यक्ष अमरेश्वरी चरण सिन्हा और महासचिव शशि मोहन भारद्वाज ने विजय गुप्ता की गिरफ्तारी की निंदा करते हुए आरोप लगाया कि मामले के अनुसंधान पदाधिकारी (आईओ) की भूमिका बेहद क्रूरतापूर्ण रही है। उन्होंने दावा किया कि विजय गुप्ता को उस समय गिरफ्तार किया गया जब वे भोजन कर रहे थे। यूनियन ने आरोप लगाया कि पूरे घटनाक्रम में एसडीपीओ एस.के. सुमन, केवटी थानाध्यक्ष सदन राम तथा आईओ शत्रुघ्न कुमार की भूमिका संदेहास्पद प्रतीत होती है।

 

पत्रकार नेताओं ने कहा कि जहां कई गंभीर मामलों में आरोपियों की गिरफ्तारी में लंबा समय लग जाता है, वहीं एक प्रतिष्ठित पत्रकार के खिलाफ इतनी तत्परता से की गई कार्रवाई कई सवाल खड़े करती है। यूनियन का आरोप है कि प्रखंड प्रमुख द्वारा दर्ज कराया गया मामला झूठा और दुर्भावनापूर्ण है तथा भ्रष्टाचार के खिलाफ अखबार के माध्यम से लगातार आवाज उठाने के कारण विजय गुप्ता को निशाना बनाया गया है।

 

यूनियन ने कहा कि मामले के सभी पहलुओं को लेकर वह वरीय प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों से मुलाकात करेगा। प्रतिनिधिमंडल में विशाल कुमार,पुनीत कुमार सिन्हा, शिव कुमार लाल दास, राजीव लाल, दिवाकर लाल और कन्हैया गुप्ता सहित कई पत्रकार शामिल थे। सभी ने एक स्वर में कहा कि पत्रकारिता की आवाज को दबाने के किसी भी प्रयास का लोकतांत्रिक तरीके से मुकाबला किया जाएगा और न्याय मिलने तक संघर्ष जारी रहेगा। विदित हो कि बिना सही जांच के SC/ST एक्ट के तहत प्रभात खबर के दरभंगा के केवटी प्रखंड के पत्रकार विजय गुप्ता को त्वरित गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है जिससे आम जनमानस सहित जिले के पत्रकारों में आक्रोश है । यूनिन बिना निष्पक्ष जांच के त्वरित कार्रवाई को एक बहुत ही गंभीर मामला मानती है, क्योंकि यह सीधे तौर पर प्रेस की आज़ादी और बोलने की आज़ादी के अधिकार पर असर डालता है। पत्रकारों पर द्वेषपूर्ण मुकदमे करना अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर एक सीधा हमला है।यूनियन ने मांग किया है कि पत्रकारों को डराने, धमकाने और सच लिखने से रोकने के लिए उन पर झूठे मुकदमे दर्ज करना पूरी तरह से बंद हो साथ ही बिहार में महाराष्ट्र के तर्ज पर पत्रकार सुरक्षा कानून लागू हो और पत्रकार विजय कुमार गुप्ता को निष्पक्ष जांच कर न्याय दो ।

Check Also

• 24 जून (बुधवार) को संयुक्त श्रम भवन, दरभंगा में आयोजित होगा जॉब कैम्प 

🔊 Listen to this • 24 जून (बुधवार) को संयुक्त श्रम भवन, दरभंगा में आयोजित …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *