सी.एम. साइंस कॉलेज ने मनाई बाबू चंद्रधारी सिंह की 130वीं जयंती

मिथिला में शैक्षणिक विकास के प्रबुद्ध हिमायती बाबू चंद्रधारी सिंह की 130वीं जयंती शुक्रवार को सी.एम. साइंस कॉलेज में मनाई गई। प्रधानाचार्य प्रो संजीव कुमार मिश्र के साथ अन्य शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने महाविद्यालय परिसर में स्थापित बाबू चन्द्रधारी सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। मौके पर प्रधानाचार्य ने उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व की चर्चा करते हुए बाबू चन्द्रधारी सिंह को मिथिला के उन दिग्गजों में से एक बताया, जिन्होंने ब्रिटिश शासन के दौरान और उसके बाद भी मिथिला में भारतीय शैक्षिक परंपरा और संस्कृति की स्थापना के लिए निरंतर प्रयास किया। मिथिला महाविद्यालय को आर्थिक संकट से उबारने में उनकी महती भूमिका की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि हालांकि उनकी इस सहायता का ही प्रतिफल रहा कि महाविद्यालय का नामकरण उनके नाम पर हुआ लेकिन उनके इस अभूतपूर्व मदद के लिए समस्त महाविद्यालय परिवार सदैव उनके प्रति कृतज्ञ बना रहेगा।
उन्होंने कहा कि बाबू चन्द्रधारी सिंह मिथिला में शिक्षा के प्रसार के साथ साथ इसकी संस्कृति, कला और विरासत के संरक्षण के भी हिमायती थे। उनके अभूतपूर्व सहयोग से संरक्षित दरभंगा का यह महाविद्यालय और चन्द्रधारी संग्रहालय इसके जीवंत प्रमाण हैं। मौके पर भौतिकी विभागाध्यक्ष डॉ. उमेश कुमार दास, रसायन शास्त्र विभागाध्यक्ष डॉ विश्व दीपक त्रिपाठी, गणित विभागाध्यक्ष डॉ अभय सिंह, जंतु विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ पूजि अग्रहरि, वनस्पति विभागाध्यक्ष डॉ खालिद अनवर, हिंदी विभागाध्यक्ष डॉ दिनेश प्रसाद साह, अंग्रेजी विभागाध्यक्ष डॉ युगेश्वर साह एवं मैथिली विभागाध्यक्ष डॉ सत्येंद्र कुमार झा सहित महाविद्यालय के सभी शिक्षकों एवं कर्मचारियों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।
Darbhanga News24 – दरभंगा न्यूज24 Online News Portal