• 21 जुलाई को जिले के 36 पंचायतों एवं 12 नगर निकाय क्षेत्रों में लगेगा वार्डवार सहयोग शिविर
• डीएम एवं एसएसपी ने जारी किए निर्देश,आवेदन प्राप्ति से लेकर त्वरित निष्पादन और विधि-व्यवस्था बनाए रखने पर विशेष जोर
जिलाधिकारी दरभंगा कौशल कुमार एवं वरीय पुलिस अधीक्षक जगुनाथ रेड्डी जला रेड्डी द्वारा संयुक्त आदेश जारी कर बताया गया कि जुलाई माह के तृतीय मंगलवार 21 जुलाई 2026 को जिले के पंचायत एवं नगर निकाय क्षेत्रों में वार्डवार सहयोग शिविर का आयोजन किया जाएगा।
इस अवसर पर प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारियों की अध्यक्षता में आमजन की समस्याओं के समाधान एवं विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शिविर आयोजित किए जाएंगे।
जिलाधिकारी ने बताया कि इस बार जिले के 36 पंचायतों एवं 12 नगर निकाय क्षेत्रों में सहयोग शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर का शुभारंभ पूर्वाह्न 9:00 बजे से होगा। सभी संबंधित पदाधिकारियों, पंचायत कर्मियों एवं नगर निकाय के कर्मियों को निर्धारित समय पर आयोजन स्थल पर उपस्थित रहने का निर्देश दिया गया है।
उन्होंने नगर आयुक्त, सभी कार्यपालक पदाधिकारी एवं प्रखंड विकास पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि आवेदन एवं परिवाद पत्र प्राप्त करने हेतु अपने स्तर से कर्मियों की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करें।
नामित कर्मी आदेश निर्गत होने की तिथि से ही आयोजन स्थल पर उपस्थित रहकर आमजन से आवेदन एवं परिवाद पत्र प्राप्त करेंगे तथा प्राप्त आवेदनों का विधिवत पंजी संधारित करेंगे।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि प्रत्येक दिन प्राप्त आवेदन एवं परिवाद पत्रों को संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई हेतु भेजा जाए तथा की गई कार्रवाई का प्रतिवेदन समय पर प्राप्त किया जाए, ताकि सहयोग शिविर के दिन आवेदकों को उनकी समस्याओं पर की गई कार्रवाई की लिखित जानकारी उपलब्ध कराई जा सके।
उन्होंने कहा कि सहयोग शिविर के दिन प्राप्त होने वाले सभी आवेदन एवं पूर्व से प्राप्त आवेदन/परिवाद पत्रों को सहयोग पोर्टल पर अनिवार्य रूप से अपलोड कराया जाए।
सभी संबंधित विभागीय पदाधिकारी प्राप्त आवेदनों का विभागीय नियमों एवं निर्धारित समय-सीमा के अनुरूप निष्पादन सुनिश्चित करेंगे तथा कार्रवाई प्रतिवेदन संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारी अथवा कार्यपालक पदाधिकारी को उपलब्ध कराएंगे।
जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिया कि जिन प्रखंडों में एक ही दिन दो पंचायतों में सहयोग शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, वहां संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारी अन्य प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों को पंचायतवार प्रतिनियुक्त कर उनकी उपस्थिति सुनिश्चित करेंगे।
वरीय पुलिस अधीक्षक श्री जगुनाथ रड्डी जला ने जिले के सभी थानाध्यक्षों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने थाना क्षेत्र में आयोजित होने वाले सहयोग शिविर के लिए संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारी से समन्वय स्थापित करते हुए आवश्यक सहयोग प्रदान करें। साथ ही विधि-व्यवस्था संधारण के लिए आवश्यक सभी कदम उठाएं तथा शिविर के दिन स्वयं उपस्थित रहकर शांतिपूर्ण संचालन सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों, अंचलाधिकारियों एवं कार्यपालक पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि पंचायतों एवं नगर निकायों के जनप्रतिनिधियों तथा कर्मियों के माध्यम से प्रत्येक नागरिक तक सहयोग शिविर की सूचना पहुंचाई जाए,ताकि अधिक से अधिक लोग अपनी समस्याओं के समाधान के लिए शिविर का लाभ उठा सकें।
उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि आयोजन स्थल पर आमजन के सम्मानजनक बैठने की व्यवस्था,पेयजल, छाया एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं कार्यपालक पदाधिकारी अपने स्तर से सुनिश्चित करेंगे।
जिलाधिकारी ने सभी जिला स्तरीय पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि अपने विभागों के अंतर्गत केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी भी सहयोग शिविर में आमजन को उपलब्ध कराई जाए, ताकि अधिकाधिक पात्र लाभार्थी योजनाओं से लाभान्वित हो सकें।
ग्रामीण क्षेत्रों में आयोजित होने वाले सहयोग शिविरों का जिलास्तरीय अनुश्रवण जिला ग्रामीण विकास अभिकरण (डीआरडीए), दरभंगा द्वारा किया जाएगा। इस संबंध में उप विकास आयुक्त, दरभंगा को सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों से समन्वय स्थापित कर विभागीय निर्देशों के अनुरूप सभी आवश्यक कार्रवाई समय पर सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।
वहीं नगर निकाय क्षेत्रों में आयोजित सहयोग शिविरों का अनुश्रवण दरभंगा नगर निगम द्वारा किया जाएगा। नगर आयुक्त को सभी कार्यपालक पदाधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर शिविर के सफल संचालन एवं आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि नगर निकाय क्षेत्रों में आयोजित सहयोग शिविरों में संबंधित क्षेत्र के सांसद, विधायक, महापौर, उपमहापौर, अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, वार्ड पार्षद तथा कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति के सदस्यों आदि को नगर आयुक्त एवं कार्यपालक पदाधिकारी आमंत्रित करेंगे। वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में आयोजित सहयोग शिविरों के लिए संबंधित जनप्रतिनिधियों को जिला विकास पदाधिकारी एवं प्रखंड विकास पदाधिकारी अपने स्तर से आमंत्रित करेंगे।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी प्राप्त आवेदनों का निष्पादन संबंधित अधिनियमों एवं योजनाओं में निर्धारित समय-सीमा के भीतर सुनिश्चित किया जाए ।
Darbhanga News24 – दरभंगा न्यूज24 Online News Portal