अयोध्या राम मंदिर चंदा चोरी मामले के विरोध में कांग्रेस का एक दिवसीय सांकेतिक धरना
मिर्जापुर स्थित स्वर्गीय इंदिरा गांधी की प्रतिमा के निकट अयोध्या स्थित राम मंदिर में कथित चंदा चोरी के विरोध में एक दिवसीय सांकेतिक धरना कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
यह धरना कार्यक्रम दरभंगा जिला कांग्रेस कमेटी (शहरी) के अध्यक्ष डॉ. जमाल हसन एवं दरभंगा जिला कांग्रेस कमेटी (ग्रामीण) के अध्यक्ष मिथिलेश कुमार चौधरी के संयुक्त नेतृत्व में आयोजित हुआ।

धरना प्रारंभ होने से पूर्व कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने स्वर्गीय श्रीमती इंदिरा गांधी जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके उपरांत सभी नेता एवं कार्यकर्ता हाथों में काली पट्टी बांधकर प्रतिमा स्थल के निकट शांतिपूर्वक बैठे और सांकेतिक धरना दिया।
धरना को संबोधित करते हुए डॉ. जमाल हसन ने कहा, “हम पहले समझते थे कि भाजपा सिर्फ वोट चोरी करती है, लेकिन अब यह भी सामने आ रहा है कि इनके लोग चंदा चोरी के आरोपों में भी घिरे हैं। देश की करोड़ों जनता ने भगवान श्री राम के प्रति अटूट आस्था और श्रद्धा के साथ राम मंदिर निर्माण हेतु दान दिया था। यदि उस धन के दुरुपयोग या आर्थिक अनियमितता के आरोप सामने आते हैं, तो यह जनता की धार्मिक भावनाओं और विश्वास के साथ गंभीर खिलवाड़ है। इसलिए इस पूरे मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए।”
वहीं, मिथिलेश कुमार चौधरी ने कहा कि धार्मिक आस्था से जुड़े किसी भी प्रकार की आर्थिक अनियमितता के आरोपों की पारदर्शी, निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराई जानी चाहिए, ताकि जनता का विश्वास कायम रहे और दोषियों को कानून के अनुसार दंड मिल सके।
धरना कार्यक्रम में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं में रमन कुमार झा,राजा अंसारी, एहसान सिद्दीकी,गोपाल झा,दिनेश मिश्र,मनोज कुमार मिश्रा,राम मनोज ठाकुर,देवकीनंदन ठाकुर, संजय मिश्रा,रामेन्द्र मोहन झा,पंकज चौधरी,धनंजय सिंह,नारायण जी झा,हसमत अली, प्रिंस परवेज़,श्याम सुंदर यादव,हीरानंद झा,नसीम हैदर,मोहम्मद वसीम,कुणाल कुमार,मुकेश कुमार,शादाब अतिकी,सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। उपस्थित सभी नेताओं ने लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से अपनी आवाज बुलंद करते हुए जनहित, पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग दोहराई।
Darbhanga News24 – दरभंगा न्यूज24 Online News Portal