कोरोना महामारी की रोकथाम में शिथिलता बरतने पर होगी कार्रवाई- डीएम
प्राथमिक

स्वास्थ्य केंद्रों में कॉल सेंटर स्थापित कर उसका नंबर सार्वजनिक किया जायेगा
रोजाना कॉल सेंटर से 25 लोगों को कॉल कर स्वास्थ्य की लें जानकारी
गर्भवती महिलायें, बच्चा, बुजुर्ग व बिमार लोगों के टेस्टिंग को प्राथमिकता दी जाएगी
. जिलाधिकारी दरभंगा डॉ. त्यागराजन एस.एम. ने जिला के सभी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारियों को सख्त हिदायत दिया है कि लॉकडाउन अवधि में देश के विभिन्न हिस्सों से दरभंगा लौटे सभी व्यक्तियों की पुनः गहन स्क्रीनिंग की जाए। कहा कि प्रत्येक प्रखंड क्षेत्र में लगभग 200 व्यक्तियों की रेंडम सैंपल लेकर डी.एम.सी.एच. लैब में टेस्टिंग के लिए भेजी जाए। डी.एम.सी.एच. लैब में प्रतिदिन 350 से अधिक सैंपल की टेस्टिंग कराई जाएगी। कहा कि विगत दिनों में जहां- जहां से सैंपल लिए गए हैं, उनमें से कुछ लोग कोरोना पॉजिटिव पाए जा रहे हैं, इसलिए अभी विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत है। कहा कि जिस भी क्षेत्र में कोरोना पॉजिटिव लोग मिल रहे हैं, उन स्थलों को तुरंत सील कर दिया जाए. कहा कि कंटेनमेंट जोन में मेडिकल टीम के द्वारा डोर टू डोर सर्विलेंस कराई जाए एवं रेंडम सैंपल निकाली जाए। साथ ही जिला के बाहर से आए सभी प्रवासी लोगों पर विशेष नजर रखी जाए। कहा कि यद्यपि 80 हजार से अधिक प्रवासी कामगारों का कोविड पोर्टल पर निबंधन हुआ है, लेकिन इनकी वास्तविक संख्या 1.5 लाख हो सकती है। उन्होंने यह बातें कार्यालय प्रकोष्ठ में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित बैठक में कही है। डीएम ने कहा कि कोरोना का संकट अभी टला नहीं है। लॉक डाउन के खुलने से काफी संख्या में लोग बाहर निकल रहे हैं। इसलिए कोरोना वायरस के कम्युनिटी स्प्रेड / फैलने से रोकने के लिए सभी लोगों को मास्क पहनना एवं एक-दूसरे के बीच कम से कम 2 गज की दूरी बनाए रखने का निर्देश सरकार द्वारा दिया गया है।
संक्रमण के फैलाव को कम करने के लिये सरकारी आदेश का हो अनुपालन
सरकार के इन निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित की जाए। आम लोगों को मास्क पहनने के लिए जागरूक किया जाए। सार्वजनिक स्थलों, निजी एवं सरकारी कार्यालयों में कोई भी व्यक्ति अथवा कर्मी बिना मास्क के पाये जाएं तो उनके विरुद्ध कार्रवाई की जाये। कहा है कि यह सुनिश्चित करने की संयुक्त जवाबदेही बीडीओ एवं थाना प्रभारी की होगी. कहा कि कोरोना वायरस से आसानी से संक्रमित होने वाले भेद्य ग्रुप को चिन्हित कर उन पर विशेष नजर रखी जाये। इसमें बुजुर्ग, बीमार व्यक्ति, गर्भवती महिलाएं एवं छोटे बच्चे- बच्चियां शामिल हैं। कहा कि भेद्य समूह के लोगों की जांच को सर्वोच्च प्राथमिकता दिया जाए। इस कार्य को अगले 4 दिनों में पूरा कराने को कहा गया हैं। ग्रामीण क्षेत्रों के साथ शहरी क्षेत्रों में भी डोर टू डोर सर्वेक्षण कराने की बातें कही गई।
प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों में 24 घंटे संचालित रहेगा काल सेंटर
डीएम ने कोरोना संक्रमण के मद्देनजर सभी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी को अपने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में कॉल सेंटर स्थापित कर उसका नंबर सार्वजनिक करने को कहा गया। निर्देश दिया गया की कॉल सेंटर 24 घंटे कार्यरत रहेगा. यहां से प्रतिदिन कम से कम 25 लोगों को कॉल करके उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली जाएगी । सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र एवं अस्पतालों में 24 घंटे एंबुलेंस की व्यवस्था रखने का सख्त निर्देश दिया गया। जिलाधिकारी ने सिविल सर्जन डॉ संजीव कुमार सिन्हा को को कोरोना संक्रमण की रोकथाम हेतु सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों का सतत् अनुश्रवण करने एवं अधिक से अधिक लोगों का सैंपल निकलवाकर डीएमसीएच लैब में टेस्टिंग कराने का निर्देश दिया हैं। स्वास्थ्य कार्य प्रगति की समीक्षा के क्रम में जिलाधिकारी द्वारा सिविल सर्जन, दरभंगा के कार्यप्रणाली पर घोर अप्रसन्नता व्यक्त किया गया है और इसमें तुरंत सुधार लाने का निर्देश दिया है। इस बैठक में अपर समाहर्त्ता विभूति रंजन चौधरी, सिविल सर्जन, सभी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी आदि उपस्थित थे।
Darbhanga News24 – दरभंगा न्यूज24 Online News Portal