जिले के 3955 आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए 52712 पैकेट सुधा दूध हुआ आवंटित
•गृह
भ्रमण कर सेविका द्वारा घर-घर जाकर वितरित किया जा रहा दूध
•03 से 06 वर्ष तक के बच्चे होंगे लाभान्वित
मधुबनी/12 अगस्त
कोरोना काल में भी बच्चों के बेहतर पोषण पर ध्यान दिया जा रहा है. जिले में आंगनबाड़ी सेविका के माध्यम से सुधा दूध का पाउडर घर-घर जाकर वितरित किया जा रहा है. दूध पाउडर में मौजूद पोषक तत्व बच्चों को कुपोषण मुक्त एवं सेहतमंद बनाने में पूर्व से ही महत्वपूर्ण भूमिका अदा कर रहा है. जिले में दूध वितरण की शुरुआत करते हुए प्रखंड बाल विकास परियोजना कार्यालय के माध्यम से जिले के सभी आंगनवाड़ी केंद्रों पर बच्चों के लिए सुधा दूध पाउडर उपलब्ध करवाया जा रहा है।
जिला कार्यक्रम पदाधिकारी आईसीडीएस रश्मि वर्मा ने बताया ग्रामीण इलाकों में कुपोषण की दर में कमी लाने के लिए 03 से 06 साल के बच्चों को प्रत्येक बुधवार को 150 ग्राम दूध पिलाने का प्रावधान किया गया है। कॉम्फेड द्वारा सुधा दुग्ध पाउडर की आपूर्ति की जा रही है।
1.46 लाख से ज्यादा बच्चों को मिलेगा लाभ :
जिला कार्यक्रम पदाधिकारी ने बताया वर्तमान में जिले में 3955 आंगनबाड़ी केंद्र का संचालन किया जा रहा है, जिसमें सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में 1.46 लाख बच्चों को सुधा दूध का लाभ देने का लक्ष्य रखा गया है। वहीं जिले को 52712 पैकेट सुधा दूध आवंटित किया गया है.
गृहभ्रमण कर घर-घर वितरित किया जा रहा है दूध पाउडर:
आईसीडीएस के जिला समन्वयक स्मित प्रतिक सिन्हा ने बताया कोरोना संक्रमण के कारण आंगनवाड़ी केंद्र बंद होने से आंगनबाड़ी सेविका द्वारा घर- घर जाकर सुधा दूध पाउडर का वितरण किया जा रहा है. प्रत्येक बच्चे को 18 ग्राम दूध पाउडर 150 मिलीलीटर शुद्व पेयजल में घोलकर पिलाने का प्रावधान किया गया है. यद्यपि, आंगनबाड़ी केन्द्रों में आने वाले बच्चों को प्रत्येक शुक्रवार को एक अंडा देने की भी व्यवस्था की गयी है। सरकार की इस पहल से कुपोषण पर लगाम लगाने में मदद मिल रही है.
सीडीपीओ को दिया जा चुका है प्रशिक्षण :
जिला कार्यक्रम पदाधिकारी रश्मि वर्मा ने बताया सुधा दूध पाउडर उन बच्चों के लिए अधिक लाभप्रद हो रहा है जिन्हें आसानी से घर में दूध उपलब्ध नहीं हो पाता है. सुधा दूध पाउडर बनाने की विधि समझाने एवं लक्षित बच्चों को इसका लाभ पहुँचाने के उद्देश्य से जिले के बाल विकास कार्यक्रम पदाधिकारियों को प्रशिक्षण भी दिया गया है. साथ ही इनके माध्यम से आंगनबाड़ी पर्यवेक्षिकाओं और सेविकाओं को प्रशिक्षण दिया जा चुका है।
कोरोना वायरस से बचाव को लेकर दी जा रही जानकारी:
आंगनबाड़ी सेविका द्वारा दूध बांटने के क्रम में कोविड-19 के संक्रमण से बचाव को लेकर भी लोगों को जागरूक करने तथा इससे बचाव के तरीके बताए जा रहे हैं। इससे बचाव के लिए सामाजिक दूरी, मास्क का प्रयोग, हाथों की धुलाई एवं आसपास साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

Darbhanga News24 – दरभंगा न्यूज24 Online News Portal