जिले में सामुदायिक स्वास्थ्य की बागडोर संभालेंगे पोषण परामर्श केंद्र
– जिला
सहित सभी प्रखंडों में एक साथ हुआ पोषण परामर्श केंद्र का शुभारंभ
– डीएम ने सभी को घर-घर पोषण का संदेश पहुंचाने की शपथ दिलाई
सीतामढ़ी।
जिले में बेहतर सामुदायिक स्वास्थ्य की परिकल्पना को साकार करने के लिए पोषण माह में अच्छी पहल की गई है। अब पोषण परामर्श केंद्र सामुदायिक स्वास्थ्य की बागडोर संभालेंगे। मंगलवार को समाहरणालय स्थित परिचर्चा भवन में राष्ट्रीय पोषण माह 2020 का शुभारंभ किया गया। जिलाधिकारी अभिलाषा कुमारी शर्मा ने वर्चुअल माध्यम से जिला सहित सभी प्रखंडों में एक साथ पोषण केंद्रों की शुरुआत की।
कार्यक्रम में दिलाई गई पोषण की शपथ :
कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों को घर-घर पोषण का संदेश पहुंचाने की शपथ दिलाई गई। मौके पर आंगनबाड़ी सेविकाओं के लिए सलाह पुस्तिका का विमोचन किया गया। जन जागरूकता के लिए जिला स्तर पर पोषण रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया, जो विभिन्न मोहल्लों में जाकर लोगों को जागरूक करेंगे। मौके पर उप विकास आयुक्त, सिविल सर्जन, वन प्रमंडल पदाधिकारी, जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी, अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी, जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी, जिला प्रोग्राम पदाधिकारी आईसीडीएस, कार्यपालक अभियंता पीएचईडी, जिला प्रतिनिधि पीरामल फाउंडेशन, केयर इंडिया के डीटीएल मानस कुमार, डीटीओ ऑन अनुकृति शर्मा, यूनिसेफ तथा नेहरू युवा केंद्र के प्रतिनिधि उपस्थित थे।
मददगार साबित होगा पोषण परामर्श केंद्र :
डीपीओ विकास कुमार ने बताया कि सामुदायिक स्वास्थ्य को बेहतर करने में पोषण परामर्श केंद्र काफी मददगार साबित होंगे। इसके माध्यम से बताया जाएगा कि कैसे कुपोषण दूर किया जाए। पोषण माह में विशेष रूप से लोगों को पोषण के बारे में जागरूक किया जा रहा है। कुपोषण कैसे खत्म करना है, इसकी सलाह भी दी जा रही है। उन्होंने बताया कि ई-रिक्शा के जरिए घूम घूमकर लोगों को पोषण के बारे में जागरूक किया जाएगा। गर्भवती और धात्री महिलाओं को पौष्टिक आहार लेने की सलाह दी जाएगी। जिले में घर-घर पोषण का संदेश पहुंचे इसलिए इस अभियान को हर स्तर पर जनांदोलन के रूप में चलाया जाना है।
अपनी क्यारी, अपनी थाली से पोषण को बढ़ावा :
डीपीओ ने बताया कि अपनी क्यारी, अपनी थाली से पोषण को बढ़ावा देने पर जोर दिया जाएगा। योजना के अंतर्गत सभी आंगनबाड़ी केंद्रों पर पोषण को बढ़ावा देने हेतु पोषण वाटिका स्थापित किया जाएगा। किशोरियों एवं बच्चों में कुपोषण को दूर करने तथा पोषण युक्त खानपान के प्रति जागरूक करने हेतु विभिन्न विभागों के द्वारा समन्वय स्थापित कर अभियान को सफल बनाया जाएगा। अति गंभीर कुपोषित बच्चों को चिन्हित कर चिकित्सीय उपचार एवं प्रबंधन हेतु एनआरसी सदर अस्पताल में रेफर करना है।
टेली कॉन्सलिंग का नंबर जारी :
प्रोग्राम कार्यालय में जिला स्तरीय पोषण परामर्श केंद्र एवं टेली कॉन्सलिंग का उद्घाटन जिला प्रोग्राम पदाधिकारी आईसीडीएस के द्वारा किया गया। टेली कॉन्सलिंग हेतु 8294663381 एवं 9304767633 मोबाइल नंबर पर पोषण संबंधी परामर्श हेतु संपर्क किया जा सकता है।
Darbhanga News24 – दरभंगा न्यूज24 Online News Portal