हर घर क्यारी, पोषण थाली कार्यक्रम के तहत किया गया पौधारोपण
•रोसरा
आंगनवाड़ी केंद्रों पर पौधारोपण कार्यक्रम का हुआ आयोजन
• सहजन व अन्य फलदार पौधे लगाए गए
समस्तीपुर
जिले में कुपोषण को दूर करने के लिए सितंबर माह को पोषण माह के रूप में मनाया जा रहा है। इस दौरान आईसीडीएस विभाग के द्वारा समुदाय और स्तर पर तमाम गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में बुधवार को रोसरा प्रखंड के आंगनबाड़ी केंद्रों पर आंगनबाड़ी सेविकाओं द्वारा पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान सहजन, अमरूद, आम समेत अन्य फलदार पौधे लगाए गए। इस दौरान सीडीपीओ सरिता कुमारी ने कहा कि पौधों के वृक्ष बनने से पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा तो मिलेगा ही साथ ही स्वस्थ समाज की परिकल्पना भी साकार होगी। सहजन के प्रयोग से गर्भवती माताओं का स्वास्थ्य बेहतर होने के साथ कुपोषित बच्चों का कुपोषण भी दूर होगा। ये पौधे आम लोगों के लिए भी लाभकारी साबित होंगे। कहा कि वृक्षों के बिना जीवन की कल्पना नहीं की जा सकती। ऐसे में जरूरी है कि सभी अधिक से अधिक पौधे लगाएं।
सहजन के प्रयोग पर जोर:
सीडीपीओ सरिता कुमारी ने बताया, आंगनबाड़ी केंद्रों पर सहजन के पौधे लगवाने का मुख्य उद्देश्य गर्भवती माताओं को इसके प्रयोग पर बल देना है। उन्हें प्रेरित किया जा रहा है कि सहजन की सब्जी, सूप आदि का प्रयोग करने से उनका स्वास्थ्य तो उत्तम होगा ही जन्में बच्चे भी स्वस्थ होंगे। इतना ही नहीं केंद्र के नौनिहालों को भी इसका सेवन कराया जाएगा ताकि उन्हें विटामिन युक्त आहार मिल सके।
कल्याणपुर में डेवलपमेंट पार्टनर के साथ की बैठक
कल्याणपुर प्रखंड के सीडीपीओ कार्यालय में प्रखंड के सभी लेडी सुपरवाइजर, केयर इंडिया की टीम तथा यूनिसेफ के लोगों के साथ सीडीपीओ ने पोषण माह के तहत बैठक की जिसमें सीडीपीओ ने बताया पोषण अभियान के तहत महिलाओं एवं पुरुषों को पोषण के पांच सूत्रों के बारे में जानकारी दी जा रही है। पहले 1000 दिन, एनीमिया प्रबंधन, डायरिया प्रबंधन, स्वच्छता एवं साफ सफाई, पौष्टिक आहार आदि के बारे में विस्तार से जानकारी दी जा रही है। उसके साथ ही 6 माह तक सिर्फ स्तनपान कराने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। 6 माह के बाद बच्चों को पूरक आहार देने की बात बताई जा रही है।
Darbhanga News24 – दरभंगा न्यूज24 Online News Portal