पोषण माह के तहत हुआ वीएचएसएनडी का आयोजन
प्रत्येक आँगनबाड़ी केन्द्र पर किया गया आयोजन
पोषण
पर गर्भवती, धात्री माताएँ एवं किशोरियों दी गयी जानकारी
समस्तीपुर / जिले में सितम्बर माह को पोषण माह के रूप में मनाया जा रहा है। इस दौरान सामुदायिक गतिविधियों के जरिए पोषण पर जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है। इसी क्रम में जिले के सभी आंगनबाड़ी केन्द्रों पर ग्रामीण स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पोषण दिवस(वीएचएसएनडी) का आयोजन किया गया। गर्भवती माताओं एवं किशोरियों को पोषण पर जानकारी दी गई।
जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, आईसीडीएस,ममता वर्मा ने बताया वीएचएसएनडी सत्र में गर्भवती माताओं का प्रसव पूर्व जांच एवं बच्चों का टीकाकरण किया गया सत्र स्थल पर कोविड-19 प्रोटोकॉल का पालन कर टीकाकरण किया गया साथ ही गर्भवती माताओं एवं किशोरियों को पोषण पर जानकारी दी गई। गर्भावस्था के दौरान हरी-साग सब्ज़ी, पीला फल, भुना हुआ चना, अंडा एवं मछ्ली को आहार में शामिल करने की सलाह दी गई। साथ ही गर्भ के तीन महीने बाद से गर्भवती माताओं को अगले छह माह तक प्रतिदिन एक आयरन की गोली खाने की बात बताई गई। धात्री माताओं को 6 माह तक केवल स्तनपान एवं 6 बाद स्तनपान के साथ शिशु को पूरक आहार देने के विषय में जानकारी दी गई। साथ ही शामिल लाभार्थियों को हाथों की साफ़ सफाई की जरुरत तथा सही तरीके से हाथ धोने के तरीके के बारे में भी जानकारी दी गई.
वीएचएसएनडी सत्र को किया गया सशक्त :
पोषण माह के दौरान ग्रामीण स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पोषण दिवस पर गर्भवती महिलाओं का पंजीकरण, पंजीकृत महिलाओं को प्रसव पूर्व जाँच की सुविधा उपलब्ध कराने एवं बच्चों का नियमित टीकाकरण के अतिरिक्त माता एवं शिशु पोषण पर भी बल दिया जा रहा है।
• प्रसव उपरांत देखभाल की जरूरत एवं नवजात शिशुओं की उचित देखभाल
• गर्भावस्था से लेकर शिशु जन्म के 2 वर्षों तक माता एवं बच्चे के बेहतर पोषण की आवश्यकता
• 6 माह तक सिर्फ स्तनपान एवं इसके बाद अनुपूरक आहार की जरूरत
• बच्चों में सम्पूर्ण टीकाकरण की जानकारी
• परिवार नियोजन साधनों की उपलब्धता एवं इसके फ़ायदे
• स्वच्छता एवं साफ-सफाई से रोगों से बचाव
• संक्रामक एवं गैर-संक्रामक रोगों की जानकारी
Darbhanga News24 – दरभंगा न्यूज24 Online News Portal