सर्दी में गर्भवती महिलाएं अपने स्वास्थ्य का रखें ख्याल
उचित खान-पान से रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाएं- डॉ विनय
केसर

युक्त दूध का सेवन, गर्भस्थ शिशु के विकास में होता सहायक
सर्दी में कम पानी पीना स्वास्थ्य के लिए प्रतिकूल
दरभंगा. 1 दिसम्बर. मौसम के बदलाव के साथ-साथ महिला को अपनी देखभाल ज्यादा करने की जरूरत पड़ती है. गर्भवती महिलाओं को गर्भावस्था के दौरान अपने खान-पान का अच्छे से ख्याल रखना पड़ता है. क्योंकि इस समय ठंड लगने, खांसी जुकाम इंफेक्शन जैसी समस्याओं की संभावना ज्यादा हो जाती है और ऐसे में यदि गर्भवती महिला अपनी देखभाल में थोड़ी लापरवाही बरती है तो इससे गर्भवती महिला और गर्भस्थ शिशु को नुकसान होने की संभावना भी हो सकती है. निजी चिकित्सक डॉ विनय कुमार ने बताया कि ऐसे में गर्भवती महिला को स्वस्थ रहने के लिए अपने खान-पान का विशेष ध्यान रखना चाहिए. जिसका सेवन गर्भवती महिला को करना फायदेमंद साबित होगा.
विटामिन सी व पोषण से प्रयुक्त हो भोजन
गर्भवती महिला को विटामिन सी सर्दियों के मौसम में प्रचुर मात्रा में लेना चाहिए. क्योंकि इससे गर्भवती महिला और गर्भस्थ शिशु को स्वस्थ रहने में मदद मिलती है. इसलिए अपने आहार में संतरा, ब्रोकली, हरी सब्जियां आदि का भरपूर मात्रा में सेवन करना चाहिए. डॉ विनय ने बताया कि गर्भवती महिला और गर्भा शिशु दोनों के लिए केसर वाला दूध लाभदायक होता है. यह ना केवल गर्भस्थ शिशु को स्वस्थ रखने में मददगार होता है. बल्कि सर्दियों में होने वाली समस्याओं से भी बचाता है. इसके सेवन से शिशु गोरा भी होता है. इसलिए सर्दियों में रात को सोने से पहले गर्भवती महिला को एक गिलास दूध में तीन-चार केसर की पत्ती डालकर पीना चाहिए.
सूखा फल का करें सेवन
डॉ विनय ने बताया सूखा फल न केवल पोषक तत्वों से भरपूर होता है बल्कि इसके सेवन से सर्दियों में इम्यूनिटी बढ़ाने में भी मदद मिलती है. सर्दियों में इसका सेवन करने से गर्भ में शिशु के बेहतर शारीरिक विकास के साथ सर्दियों में होने वाली परेशानियों से बचाव करने में भी मदद मिलती है. इसलिए गर्भवती महिला को बादाम खजूर किशमिश आदि का सेवन करना चाहिए. कहा कि सर्दी के मौसम में खासकर तरह तरह की हरी साग सब्जियां उपलब्ध हो जाती है और हरी सब्जियों में आयरन, फोलिक एसिड, कैल्शियम और अन्य पोषक तत्व प्रचुर मात्रा में मौजूद होते हैं. जो एक गर्भवती महिला और गर्भ शिशु के लिए लाभदायक होते हैं. इसलिए सर्दियों के मौसम में गर्भवती महिला को हरी साग सब्जियों का प्रचुर मात्रा में सेवन करना चाहिए.
पोषक तत्व से शिशु का होता विकास
गर्भावस्था के दौरान महिलाओं को नाश्ते में 2 उबले हुए अंडे का सेवन करना चाहिए. क्योंकि यह गर्भावस्था के दौरान महिला को स्वस्थ रखने के साथ शिशु के लिए भी जरूरी पोषक तत्व प्रदान करते हैं. सर्दियों में या ठंड के कारण होने वाली परेशानियों से भी बचाने में मददगार होता है. इसलिए खासकर सर्दियों में गर्भवती महिला को अंडे का जरूर सेवन करना चाहिए. डॉ विनय ने कहा कि जो महिलाएं चिकन का सेवन कर सकती हैं उन गर्भवती महिला को सप्ताह में एक दो बार चिकन का सेवन जरूर करना चाहिए. क्योंकि इसमें प्रचुर मात्रा में आयरन, ओमेगा 3 फैटी एसिड होते हैं जो शिशु के बेहतर विकास के लिए मददगार होते हैं. साथ ही गर्भवती महिला को स्वस्थ रखने के लिए भी मददगार होते हैं.
पानी की कमी से हो सकती समस्या
सर्दियों के मौसम में अक्सर लोग कम पानी पीते हैं. लेकिन शरीर को हाइड्रेट ना रहने के कारण ड्राई स्किन, गर्भ शिशु में महिला को स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं हो सकती है और पानी की कमी के कारण आपकी समस्या ज्यादा बढ़ सकती है क्योंकि इनफेक्शन आदि होने का खतरा ज्यादा हो जाता है. ऐसे में इस बात का खास ध्यान रखना चाहिए कि खासकर सर्दियों में पानी का सेवन ज्यादा से ज्यादा करें इसके साथ ही फलों के रस, नारियल का पानी आदि भी भरपूर मात्रा में पीएं. इससे आप के शरीर में पानी की कमी नहीं होगी और आप हाइड्रेट रहेंगे. जिससे आपको स्वस्थ रहने में मदद मिलेगी. साथ ही घर में और बाहर जाने से पहले भी पूरे कपड़े पहने और बाहर निकलने से पहले अपने हाथ, पैर, कान आदि को अच्छे से ढककर निकले. इससे ठंड से बचाव करने में मदद मिलेगी.
रोग प्रतिरोधक क्षमता को करें मज़बूत
इम्यून सिस्टम को मजबूत रखने के लिए अपने खान-पान का खास ध्यान रखें. इसके लिए आप पौष्टिक युक्त चीजों का सेवन करने के साथ-साथ बासी भोजन से बचें. क्योंकि ऐसा करने से गर्भवती महिला के साथ-साथ गर्भस्थ शिशु पर भी बुरा असर पड़ता है.
अस्पताल में डॉक्टर से मिलें
डॉ विनय ने कहा कि किसी भी तरह की परेशानी होने के बाद तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें. यह स्वास्थ्य के साथ गर्भस्थ शिशु के स्वास्थ्य के लिए फायदेमंद होगा. उन्होंने बताया कि खासकर कोरोना काल में गर्भवती महिलाओं को काफी सचेत रहने की जरूरत है. संक्रमण न फैले इसके लिए सतर्कता बरतनी जरूरी है, ताकि खुद व गर्भस्थ शिशु को संक्रमण से मुक्त रखा जाए. बताया कि किसी भी प्रकार की समस्या होने पर तुरंत सरकारी अस्पताल में संपर्क करना चाहिए.
कोरोना से करें बचाव
हमेशा मास्क पहने
साथ मे सैनिटाइजर रखे
लोगो से उचित दूरी बनाए
सदैव कोरोना प्रोटोकॉल का अनुपालन करें
सन्देह होने पर तुरंत सरकारी अस्पताल में सम्पर्क करें
Darbhanga News24 – दरभंगा न्यूज24 Online News Portal