कोविड-19 की टीका पूरी तरह से सुरक्षित सिविल सर्जन
दूसरे दिन जारी रहा टीकाकरण

मधुबनी कोविड-19 वैक्सीनेशन के दूसरे दिन टीका लेने वाले सदर अस्पताल के चिकित्सक व पैरामेडिकल स्टाफ ने इसे पूरी तरह से सुरक्षित बताया है। उन्होंने कहा कि लोगों को किसी अफवाह में ना पड़कर अपने एवं परिवार के लिए टीका अवश्य लेना चाहिए यह पूरी तरह सुरक्षित है। इसमें किसी प्रकार की असुविधा नहीं हुई है टीका लेने के आधा घंटा के बाद ही काम पर लगे हैं। लोगों को दूसरों की बातों में नहीं आना चाहिए। लोगों को अफवाह से पूरी तरह बचते हुए बिना किसी शंका के टीका अवश्य लगाना चाहिए उन्होंने आम लोगों को संदेश देते हुए कहा कि टीका पूरी तरह से सुरक्षित है। सोमवार दूसरे दिन भी 100 लोगों को टीका लगना है। इसके लिए टीकाकरण केंद्र में वेटिंग रूम, रजिस्ट्रेशन रूम, वैक्सिनेशन रूम व ऑब्ज़र्वेशन रूम बनाया गया है। टीकाकरण के बाद सभी को आधे घंटे के लिए ऑब्ज़र्वेशन रूम में रखा गया।
चींटी काटने जैसी चुभन, नहीं हुई कोई परेशानी – डॉ. संतोष कुमार
सैकड़ों कोरोना मरीजों का सफल इलाज करनेवाले सदर अस्पताल के स्पेशलिस्ट मेडिकल ऑफिसर
डॉ.संतोष कुमार ने भी कोरोना का टीका लिया। टीका लगने तथा आधे घंटे पर्यवेक्षण में रहने के बाद उन्होंने कहा कि टीका पूरी तरह सुरक्षित है। जैसे सामान्य इंजेक्शन में चींटी काटने जैसा अहसास होता है, बिल्कुल वैसा ही अनुभव हुआ। इससे अधिक कुछ नहीं। कोई साइड इफेक्ट नहीं। उन्होंने लोगों से बगैर डरे टीका लगवाने की अपील की।
मेरे लिए गर्व का दिन दंत चिकित्सक डॉ.महारानी कुमारी
सदर अस्पताल की दंत चिकित्सक महारानी कुमारी ने बताया कहा कि यह मेरे जीवन का सबसे अनमोल दिन है। मेरे लिए गर्व का दिन है। महारानी ने कहा कि कोविड के दौरान हर दिन अस्पताल आना होता था। कोविड के समय में जब अस्पताल आती थी तो मुझे तथा मेरे परिवार के लोगों को चिंता होती थी। कोरोना संक्रमण का डर लगा रहता था। इसके बाद भी काम करती थी। महारानी ने बताया कि बहुत खुशी हो रही है। टीका लगने के बाद कोई दिक्कत नहीं हुई है। एकदम सामान्य हूं। डेढ़ घंटे के बाद भी किसी प्रकार की कोई परेशानी नहीं हुई है।
वैक्सीन से लोगों को डरने की जरूरत नहीं डा. उमेश कुमार राय
सदर अस्पताल में कोरोना का टीका लेने वाले डॉ. उमेश कुमार राय मेडिकल ऑफिसर ने वैक्सीनेशन के बाद कहा कि मैं पूरी तरह स्वस्थ हूं। किसी तरह का कोई भी साइड इफेक्ट नहीं हुआ। लोगों में वैक्सीन को लेकर काफी भ्रांतियां है, इसे दूर करने की जरूरत है। हर किसी को टीका लगाना चाहिए। डॉ. उमेश ने कहा कि जैसे-जैसे समय बीतता है, डर समाप्त हो जाता है। इस एक साल में धीरे-धीरे कोविड का डर लोगों के मन से समाप्त हो गया। इसका यह मतलब नहीं है कि कोविड समाप्त हो गया है।
कोविड-19 टीका पूरी तरह सुरक्षित अफवाह पर न दें ध्यान:
सदर अस्पताल की “ए” ग्रेड नर्स जीएनएम संगीता कुमारी ने बताया जिन्हे भी टीका लेने का अवसर मिल रहा है वह इसे हरगिज ना गवाएं अफवाहों पर ध्यान नहीं देते हुए अपने परिवार की भलाई को देखते हुए टीका अवश्य लें। टीका लेने के बाद उन्हें किसी प्रकार की कोई परेशानी नहीं होती हुई है उन्होंने कोविड-19 को पूरी तरह सुरक्षित बताया।
टीका का कोई साइड इफेक्ट महसूस नहीं हुआ:
सदर अस्पताल के जीएनएम सीमा कुमारी ने बताया बिना किसी हिचक के कोविड-19 का टीका लें।यह पूरी तरह सुरक्षित है एवं किसी प्रकार का साइड इफेक्ट नहीं है टीका लेने के बाद ही वह पूर्व की तरह ही स्वस्थ महसूस कर रही हैं किसी प्रकार का कोई परेशानी नहीं है एवं वह काम पर लग गई हैं। उन्होंने टीका को पूरी तरह सुरक्षित बताया।
जिन्होंने वैक्सीन लगवाई है वे बधाई के पात्र -सिविल सर्जन:
सिविल सर्जन डॉ. सुनील कुमार झा ने कहा कि मैं उम्मीद करता हूं वैश्विक महामारी में यह टीका एक वरदान साबित होगा। आज यहां टीकाकरण कार्यक्रम में जिन्होंने वैक्सीन लगवाई है, वे बधाई के पात्र हैं। उन्होंने कहा जिन लोगों ने वैक्सीन लगवाई है उनपर आधे घंटे तक उन पर नजर रखी जा रही है और किसी को कोई साइड इफेक्ट ना हो या किसी को कोई दूसरी समस्या उत्पन्न ना हो, इस बात की निगरानी रखी जा रही है। इसके लिए सभी टीकाकरण केंद्र पर एंबुलेंस तथा डॉक्टर की प्रतिनियुक्ति की गई है। इस टीकाकरण के दौरान जो भी एहतियात बरतने हैं, वह सभी बरते जा रहे है। किसी को कोई दूसरी समस्या उत्पन्न ना हो, इस बात की निगरानी रखी जा रही है।
टीकाकरण के दौरान सक्रिय रहे अस्पताल प्रबंधक अब्दुल मजीद:
टीकाकरण के दौरान अस्पताल प्रबंधक अब्दुल मजीद सक्रिय रहे। उन्होंने बताया स्वास्थ्य केंद्र में सभी डॉक्टर और स्वास्थ्य कर्मी पहुंच गए हैं। स्वास्थ्य केंद्र टीकाकरण के बाद व्यक्ति को आधे घंटे आराम करना है। इसकी व्यवस्था स्वास्थ्य केंद्र में की गई है।
Darbhanga News24 – दरभंगा न्यूज24 Online News Portal