परिवार नियोजन मेला का हुआ आयोजन, विभिन्न साधनों पर दी गयी जानकारी
ई-रिक्शा के माध्यम से दी जायेगी परिवार नियोजन की जानकारी, सभी प्रखंडों में माइकिंग शुरू
संचार अभियान के तहत किया जायेगा जागरूक
केयर इंडिया के सहयोग से अभियान की हुई शुरुआत
तीन माह तक विभिन्न गतिविधियों का होगा आयोजन

मधुबनी मिशन परिवार विकास अभियान पखवाड़ा के अंतर्गत सदर अस्पताल में शुक्रवार को परिवार नियोजन मेला का आयोजन किया गया। मेले में पुरुष और महिला दानों की सहभागिता रही। मेला में लोगों को परामर्श के साथ निःशुल्क गर्भनिरोधक साधन भी उपलब्ध कराये गए । मेले में परिवार नियोजन के स्थाई एवं अस्थाई दोनों विकल्प मौजूद थे। मेले में पहुंचे लोग अपनी पसंद के हिसाब से स्थाई एवं अस्थाई दोनों साधनों के इस्तेमाल तथा प्रयोग की जानकारी ले रहे थे। मेले में लगे सभी स्टाल में प्रशिक्षित नर्स लोगों का मागदर्शन कर रही थी| मेले का उद्घाटन एसीएमओ डॉ. सुनील कुमार ने किया | साथ हीं केयर इंडिया के संचार अभियान की जागरूकता के लिए ई-रिक्शा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। जिले में केयर इंडिया द्वारा स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से संचार अभियान की शुरुआत की गयी है। संचार अभियान के तहत जिले में 3 माह तक विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इसी कड़ी में जिले के सभी प्रखंडों में ई-रिक्शा के माध्यम से माइकिंग की शुरुआत की गयी। सदर अस्पताल से चार ई रिक्शा को रवाना किया गया है जिसमें दो ई- रिक्शा जिले के शहरी क्षेत्रों में तथा दो रिक्शा रहिका प्रखंड के ग्रामीण क्षेत्रों में भ्रमण कर लोगों को परिवार नियोजन के साधनों के प्रति जागरूक करेगी । प्रत्येक माह दस दिनों तक ई-रिक्शा के माध्यम से परिवार नियोजन पर जागरूकता अभियान चलाया जायेगा। संचार अभियान का थीम “परिवार नियोजन सुरक्षित है” रखा गया है।
21 से 31 जनवरी तक परिवार नियोजन सेवा सप्ताह:
मिशन परिवार विकास अभियान के तहत 14 से 20 जनवरी तक जिले में दंपति संपर्क सप्ताह मनाया गया। इस दौरान आशा घर-घर जाकर योग्य दंपतियों से मिल कर उन्हें परिवार नियोजन के साधनों के विषय में जानकारी दी । 21 से 31 जनवरी तक परिवार नियोजन सेवा सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है । दंपति संपर्क पखवाड़े के दौरान आमजन में जागरूकता लाने के लिए सही उम्र में शादी, शादी के बाद कम से कम 2 साल के बाद पहला बच्चा, दो बच्चों में कम से कम 3 साल का अंतराल एवं प्रसव के बाद या गर्भपात के बाद परिवार नियोजन के स्थायी एवं अस्थायी साधनों पर जोर दिया गया । वहीँ परिवार नियोजन सेवा सप्ताह के दौरान प्रथम रेफरल इकाइयों में नसबंदी शिविर का आयोजन किया जा रहा है ।
प्रसव के बाद महिला नसबंदी एवं कॉपर- टी पर विशेष ध्यान:
जिला सामुदायिक उत्प्रेरक नवीन दास ने बताया संस्थागत प्रसव के बाद लगभग 60 प्रतिशत तथा सुरक्षित गर्भपात के बाद लगभग 90 प्रतिशत दम्पतियों में परिवार नियोजन के लिए मांग है। इसे ध्यान में रखते हुए प्रसव के बाद महिला नसबंदी एवं कॉपर- टी संस्थापन पर अभियान के दौरान विशेष बल दिया जा रहा है एगा। इसके लिए प्रसव कक्ष में परिवार कल्याण परामर्शी, एएनएम, स्टाफ नर्स के माध्यम से प्रसव एवं गर्भपात के लिए आए हुए इच्छुक महिलाओं को उत्प्रेरित करते हुए सुविधा प्रदान करायी जाएगी।
व्हाट्सएप के माध्यम से दी जायेगी परिवार नियोजन की जानकारी :
केयर इंडिया के डीटीएल महेंद्र सिंह सोलंकी ने बताया परिवार नियोजन के विभिन्न विषयों के बारे में प्रदाताओं के परस्पर संवाद के लिए डिजिटल मंच तैयार किया गया है। इस डिजिटल मंच (व्हाट्सएप बोट) का उपयोग करने एवं मोबाइल में क्रियाशील करने के लिए एक मोबाइल नंबर दिया जाएगा, जिसको अपने मोबाइल में सेव करने पर स्वतः उनके मोबाइल के व्हाट्सएप पर क्रियाशील हो जाएगा। तत्पश्चात उपभोक्ता परिवार नियोजन संबंधित जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।
अभियान में जनप्रतिनिधियों की सहभागिता जरूरी :
आरोग्य दिवस के दौरान रैली का आयोजन एवं नवदंपति या एक संतानवाले दंपत्ति जोड़े के साथ एएनएम, आशा फैसिलिटेटर, आशा, कम्युनिटी हेल्थ कोऑर्डिनेटर, केयर इंडिया द्वारा पंचायतीराज प्रतिनिधि एवं अन्य प्रभावशाली व्यक्तियों की उपस्थिति में बैठक की जाएगी। इस बैठक के दौरान लाभार्थियों को परिवार नियोजन से संबंधित जानकारी दी जाएगी। ताकि अधिक से अधिक लोग परिवार नियोजन की सेवाओं का लाभ उठा सकें । इस अभियान में पंचायतीराज प्रतिनिधियों का सहयोग भी लिया जाएगा।
अधिक से अधिक लोगों जागरूकता करना अभियान का उद्देश्य :
केयर इंडिया के डीटीएल महेंद्र सिंह सोलंकी ने बताया कि इस अभियान को संचालित करने का उद्देश्य परिवार नियोजन सेवा का विभिन्न संचार माध्यम से समुदाय स्तर तक पहुंच को बेहतर बनाना है। ताकि नवदंपति या एक संतान वाले दंपत्ति जोड़े के बीच गर्भधारण में अंतराल एवं स्वस्थ जीवन को अपनाने के संबंध में जागरूकता पैदा किया जा सके।
मेले में एसीएमओ डॉ. सुनील कुमार, जिला सामुदायिक उत्प्रेरक नवीन दास, अस्पताल प्रबंधक अब्दुल मजीद केयर इंडिया के डीटीएल महेंद्र सिंह सोलंकी,परिवार नियोजन समन्वयक कुमारी सुरभि, बीएम विपुल कुमार,जापाईगो के जिला समन्वयक राजीव कुमार गुप्ता सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी मौजूद थे।
Darbhanga News24 – दरभंगा न्यूज24 Online News Portal