गांधी जयंती पर कोविड-19 टीकाकरण महा मेगा अभियान आज, तैयारी पूरी

600 से अधिक सत्र के संचालन कर 2 लाख से अधिक लोगों को किया जाएगा टीकाकृत
•टीकाकरण सत्र के आयोजन में कम टीकाकरण वाले क्षेत्रों का प्राथमिकता के आधार होगा टीकाकरण
•प्रत्येक पंचायत में कम से कम एक सत्र स्थल का होगा निर्माण
•जीविका, आशा व आंगनबाड़ी सेविका लोगों को अभियान की दें जानकारी, टीकाकरण के लिये करें प्रेरित
मधुबनी राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के मौके पर आगामी 02 अक्टूबर को जिले में विशेष कोरोना टीकाकरण अभियान का संचालन किया जायेगा। अभियान के तहत जिले में 02 लाख लोगों के टीकाकरण का लक्ष्य निर्धारित है। अभियान की सफलता को लेकर जिलाधिकारी अमित कुमार की अध्यक्षता में गुरुवार को संबंधित अधिकारियों की विशेष बैठक आयोजित की गयी। बैठक में गांधी जयंती पर निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप शत प्रतिशत लोगों का टीकाकरण करने का निर्देश दिया गया है। प्रत्येक पंचायत में कम से कम एक सत्र स्थल बनाया जाएगा। इस तरह जिले के 388 पंचायतों में एक एक सत्र स्थल का निर्माण किया गया है। इसके अलावा सभी पंचायतों समेत अन्य स्थलों सहित कुल 600 से अधिक सत्र स्थल बनाए गए हैं।
सामूहिक प्रयास से लक्ष्य प्राप्ति का करें प्रयास :
सिविल सर्जन डॉ सुनील कुमार झा ने बताया राज्यव्यापी अभियान के तहत जिले को 02 लाख लोगों के टीकाकरण का लक्ष्य प्राप्त हुआ है। टीकाकरण मामले की बेहतर उपलब्धि को देखते हुए राज्य स्तर से मधुबनी से काफी उम्मीद है। लिहाजा समय-समय पर जिले को पर्याप्त मात्रा में टीका व अन्य जरूरी सहायता मिलती रही है। उन्होंने बताया अभियान की सफलता को लेकर हर मुमकिन तैयारियों को निर्देश दिया गया है। सीएस ने कहा इस बार 600 से अधिक सत्र के संचालन का निर्णय लिया गया है। प्रखंडवार टीकाकरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने बताया सामूहिक प्रयास से लक्ष्य को हासिल किया जाएगा।
सघन प्रचार अभियान संचालित कर लोगों को किया गया जागरूक:
सीएस ने कहा कि चयनित सत्रों के पुनर्मूल्यांकन की जरूरत है। वैसे इलाके जहां अब तक टीकाकरण का प्रतिशत कम रहा है। वहां प्राथमिकता के आधार पर सत्र संचालित किया गया है । पंचायत चुनाव को देखते हुए अभियान में जन प्रतिनिधियों को शामिल नहीं किया जा सकता है। इसे लेकर सभी प्रखंडों में सघन जागरूकता अभियान संचालित करने का निर्देश दिया गया है। कहा जीविका, आशा, आंगनबाड़ी सेविका सहित शिक्षक, आवास सहायक, विकास मित्र सहित अन्य को जागरूकता अभियान में शामिल किया गया है। टीकाकरण के दौरान एईएफ के बेहतर प्रबंधन सहित सत्र पर लाभुकों के 30 मिनट ठहराव सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया गया है।
मोबिलाइजरों के लिये लाभुकों के टीकाकरण का लक्ष्य निर्धारित
निर्धारित क्षेत्र के आधार पर उत्प्रेरकों (मोबिलाइजर की गतिविधियों को संचालित करने का निर्देश उन्होंने दिया। उन्होंने कहा कि सभी आशा, जीविका, आंगनबाड़ी सेविकाओं को प्रति सत्र के आधार पर लाभुकों के टीकाकरण का निर्धारित लक्ष्य दिया गया है। हर हाल में इसकी उपलब्धि सुनिश्चित करायी जानी चाहिये। सभी आशा, जीविका व सेविका को अपने स्तर से टीकाकरण के लिये लाभुकों को सत्र स्थल तक लाना है। कोविन पोर्टल पर लाभुकों के पंजीकरण को लेकर उचित इंतजाम सुनिश्चित कराने का निर्देश है | उन्होंने कहा कि टीकाकरण कार्यों में नर्स एवं वेरिफायर को उपलब्ध (हायर) करने का निर्देश दिया गया है जिसके लिए प्रत्येक प्रखंड को तीन से चार लाख रुपए उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है।
बेहतर रणनीति के तहत अभियान की सफलता का करें एकजुट प्रयास :
जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ एस.के विश्वकर्मा ने अभियान को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि अभियान की सफलता को लेकर एकजुट प्रयास करना होगा। बेहतर समन्वय व एकजुट प्रयास से निर्धारित लक्ष्य की प्राप्ति के लिये कर्मियों को प्रेरित किया गया है । प्रखंड स्तर पर सघन प्रचार अभियान संचालित किये जा रहे हैं। टीका के पहले व दूसरे डोज से वंचित लोगों से कर्मी संपर्क स्थापित कर उन्हें अभियान की जानकारी देते हुए उन्हें टीकाकरण के लिये प्रेरित करने के कार्य में जुटे हैं। उन्होंने सामूहिक प्रयास के दम पर निर्धारित लक्ष्य प्राप्ति का भरोसा दिलाया।
Darbhanga News24 – दरभंगा न्यूज24 Online News Portal