कुलपति ने किया विज्ञान सप्ताह महोत्सव को लेकर पोस्टर प्रर्दशनी का उद्घाटन

सीएम साइंस कॉलेज में सात दिवसीय विज्ञान महोत्सव की हुई शुरुआत
– 28 फरवरी तक चलने वाले विज्ञान महोत्सव में देश-विदेश के शोधार्थी और जाने-माने वैज्ञानिकों की होगी सहभागिता
– कुलपति ने कहा- भारत की श्रेष्ठता बढ़ाने में विज्ञान का बहुत बड़ा योगदान
– कुलसचिव ने कहा- सीएम साइंस कॉलेज में विज्ञान सप्ताह महोत्सव का आयोजन होना मिथिला के लिए गौरव की बात
दरभंगा। भारत सरकार आज़ादी के 75 वर्षों की उपलब्धियों का जश्न मनाने के लिए पूरे वर्ष आज़ादी का अमृत महोत्सव मना रही है। इसी कड़ी में भारतीय विज्ञान और प्रौद्योगिकी के योगदान को प्रदर्शित करने के लिए 22 से 28 फ़रवरी 2022 तक ‘विज्ञान सर्वत्र पूज्यते’ (विज्ञान सप्ताह) समारोह मनाया जा रहा है। भारत सरकार के प्रधान वैज्ञानिक सलाहकार कार्यालय और संस्कृति मंत्रालय के नेतृत्व में विज्ञान प्रसार विभाग पूरे देश में इस आयोजन का समन्वय कर रहा है। विज्ञान सप्ताह समारोह की विधिवत शुरुआत मंगलवार को नई दिल्ली में पर्यटन, संस्कृति और उत्तर पूर्वी क्षेत्र विकास मंत्री माननीय श्री जी किशन रेड्डी और विज्ञान और प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार), पृथ्वी विज्ञान राज्य मंत्री, राज्य मंत्री प्रधानमंत्री कार्यालय, लोक शिकायत और पेंशन, परमाणु ऊर्जा और अंतरिक्ष मंत्री माननीय डॉ. जितेंद्र सिंह ने दोपहर तीन बजे की।
मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा कि विज्ञान सप्ताह से जन-जन तक विज्ञान को पहुंचाने का प्रयास है। साथ ही कार्यक्रम से यह भी देखना चाहिए, इस विज्ञान महोत्सव से सप्ताह दिन के बाद देश को क्या मिला है। कार्यक्रम केवल नाम के लिए नहीं होना चाहिए।
मंत्री जी किशन रेड्डी ने कहा कि मेरा देश अभी दुनिया में सबसे युवा है। युवा को विज्ञान से जोड़ने के लिए क्या गया यह प्रयास अतुलनीय है। विज्ञान ने कोरोना वैक्सीन बनाकर दुनिया को एक बेहतर उपहार देने का कार्य किया है।
वहीं सीएम साइंस कॉलेज, दरभंगा में विज्ञान सप्ताह समारोह के विज्ञान संबंधित 150 प्रकार की पोस्टर प्रर्दशनी का उद्घाटन मंगलवार की शाम पांच बजे मुख्य अतिथि ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय के माननीय कुलपति प्रो. सुरेंद्र प्रताप सिंह, विशिष्ठ अतिथि कुलसचिव प्रो. मुश्ताक अहमद, साइंस डीन प्रो. बी.एस झा और सीएम साइंस कॉलेज के प्रधानाचार्य प्रो. दिलीप कुमार चौधरी ने किया। इसके साथ ही सीएम साइंस कॉलेज में विज्ञान सप्ताह महोत्सव की विधिवत शुरुआत हुई। अपने संबोधन में मुख्य अतिथि कुलपति प्रो. सुरेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि आज दुनिया में भारत की श्रेष्ठता बढ़ाने में विज्ञान का बहुत बड़ा योगदान है। आज भारत पूरे दुनिया में विज्ञान में चौथे स्थान पर खड़ा है। आपदा में अवसर वैज्ञानिक दृष्टिकोण वाले व्यक्ति ही खोज सकते हैं। कोरोना काल में शैक्षणिक प्रक्रिया तकनीक के सहारे से ही चली है। तकनीक का खोज विज्ञान का बहुत बड़ा देन है। कुलपति ने कहा कि विज्ञान सत्य की खोज करता है। विज्ञान का एकमात्र लक्ष्य होता है नवाचार खोज करके किस प्रकार मानवमात्र की मदद की जा सके। वैज्ञानिक मानव दृष्टिकोण को ही आकार दे करके नवाचार करता है। विद्वान सर्वत्र पूजे जाते हैं, उसी थीम पर विज्ञान सर्वत्र पूज्यते दिया गया है। पहली बार देश में विज्ञान सप्ताह मनाया जा रहा है। क्योंकि विज्ञान के बिना तरक्की संभव नहीं है। समूह की ताकत को विज्ञान के रूप में बाहर लाने के लिए विज्ञान सप्ताह मनाया जा रहा है।
विशिष्ठ अतिथि साइंस डीन प्रो. बीएस झा ने कहा कि सीएम साइंस कॉलेज पहले से ही मिथिला क्षेत्र में विज्ञान को बढ़ावा देने में अहम योगदान निभा रहे हैं। लेकिन, इस विज्ञान सप्ताह के रूप में मैथिली भाषा में विज्ञान को बढ़ावा देने में एक दिशा तय करेगा।
विशिष्ठ अतिथि कुलसचिव प्रो. मुश्ताक अहमद ने कहा कि सीएम साइंस कॉलेज को ये कार्यक्रम मिलना मिथिला के लिए गौरव का विषय है। यह विज्ञान सप्ताह घर-घर तक विज्ञान पहुंचाने का कार्य करेगा। मिथिला का इतिहास सीएम साइंस कॉलेज के बिना नहीं लिखा जा सकता है। मिथिला में विज्ञान के प्रचार-प्रसार में सीएम साइंस कॉलेज का अहम योगदान है। साहित्य सभी विषय से जुड़ जाते हैं, उसी प्रकार मैथिली भाषा को विज्ञान से जोड़ने का प्रयास सराहनीय है।
विज्ञान सप्ताह आयोजन समिति के अध्यक्ष प्रो. दिलीप कुमार चौधरी ने सभी अतिथियों का स्वगात और आभार व्यक्त करते कार्यक्रम के उद्देश्य पर प्रकाश डाला। विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मन्त्रालय के स्वायत्त संस्थान विज्ञान प्रसार द्वारा संचालित ‘इंडिया साइंस’ चैनल के संपादक मानवर्धन कंठ ने कहा कि विज्ञान सप्ताह महोत्सव के दूसरे दिन यानी 23 फरवरी को सुबह 10 बजे से शाम 5:15 बजे तक कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे। 23 फरवरी को विज्ञान सर्वत्र पूज्यते परिचय, भारतीय विज्ञानक कमिक इतिहास और भारतीय विज्ञानक कमिक इतिहास पर आधारित वृतचित्र केर प्रदर्शन विषय पर सेमिनार का आयोजन किया जायेगा। इसके अलावा छात्र-छात्राओं के बीच विज्ञान क्विज प्रतियोगिता और स्थानीय कलाकार/विज्ञान संचारक लोकनि द्वारा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे। विज्ञान सप्ताह महोत्सव के पोस्टर प्रर्दशनी में प्रो. अशोक कुमार मेहता, प्रो. यूके दास, डॉ. सुजीत कुमार चौधरी, डॉ. सत्येंद्र कुमार झा, डॉ. नेहा झा, डॉ. रश्मि रेखा व अन्य थे।
Darbhanga News24 – दरभंगा न्यूज24 Online News Portal