सीएम साइंस कॉलेज के भवन की मरम्मती के लिए उप मुख्यमंत्री को सौंपा प्रतिवेदन

सीएम साइंस कॉलेज परिसर में एक कार्यक्रम के सिलसिले में सोमवार को पधारीं उप मुख्यमंत्री रेणु देवी को महाविद्यालय के ऐतिहासिक भवनों की मरम्मती के लिए बिहार सरकार से विशेष सहायता राशि निर्गत करने की मांग से संबंधित एक प्रतिवेदन महाविद्यालय परिवार की ओर से उन्हें सौंपा गया। जानकारी देते हुए प्रधानाचार्य प्रो दिलीप कुमार चौधरी ने बताया कि राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली के कनॉट प्लेस की तर्ज पर 1930 के दशक में ओवल मार्केट के रूप में निर्मित भवन में संचालित सीएम साइंस कॉलेज के 84 साल की उपलब्धियों और इस भवन के ऐतिहासिक पृष्ठभूमि का हवाला देते हुए सरकार से महाविद्यालय के भवनों की मरम्मती के लिए विशेष आर्थिक सहायता प्रदान करने का अनुरोध किया गया है। ताकि इसके मूल रूप से बिना छेड़छाड़ किए इसके मरम्मती के कार्य को पूरा किया जा सके।
उन्होंने बताया कि ब्रिटिश आर्किटेक्ट की देखरेख में निर्मित महाविद्यालय के भवन का मिथिला क्षेत्र के इतिहास में विशेष महत्व है। इसे ध्यान में रखते हुए महाविद्यालय परिवार ने सरकार की ओर से विशेष आर्थिक सहायता प्रदान किए जाने की दिशा में आवश्यक कदम उठाए जाने का उप मुख्यमंत्री से अनुरोध किया है। उन्होंने बताया कि इसके अतिरिक्त बरसात के मौसम में अनचाहे जलजमाव के संकट से निजात दिलाने की दिशा में भी आवश्यक कदम उठाए जाने का उप मुख्यमंत्री से अनुरोध किया गया।
Darbhanga News24 – दरभंगा न्यूज24 Online News Portal