नाटक ने खूब लूटी ताली और वाहवाही
शनिवार की देर रात मिथिला विभूति पर्व समारोह के पहले दिन के कार्यक्रम के दौरान श्याम भास्कर के नाटक वीतराग का सफल और भव्य मंचन हुआ, जिसका निर्देशन भी श्याम भास्कर ने किया । विदित हो कि श्री श्याम भास्कर के लेखन निर्देशन में बनने वाली फिल्म विद्यापति पूरी हो चुकी है , जिसका ट्रेलर चर्चा का विषय बना हुआ है । इस फिल्म के बाद इनके निर्देशन में यह मंचन खास था ।

नाटक वीतराग के सह निर्देशक थे प्रवीण कुमार झा । नाटक में गोनू झा की भूमिका में थे प्रवीण कुमार झा । गोनू झा की पत्नी गीता की भूमिका में कोमल प्रिया और बेटी की भूमिका में थी सिम्मी ठाकुर । कारी ठाकुर के रूप में श्रीकांत झा उर्फ गिरधारी बहुत फब रहे थे । डॉ राजकिशोर झा ने बाबा के रोल में एक अलग अंदाज का परिचय दिया । अखिलेश झा , हर्ष और आशीष भी अपने रोल में सफल रहे । नाटक के रूप सज्जाकार थे प्रसिद्ध रंगकर्मी हेमेंद्र कुमार लाभ और मंच व्यवस्था थी गिरधारी, हर्ष और आशीष को । प्रकाश और ध्वनि व्यवस्था पंकज की थी । सहयोग में थे डॉ राजकिशोर झा, एम एम टी एम कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ उदय कांत मिश्र और बूढ़ा भाई ।
वीतराग नाटक गोनू झा की विख्यात कथाओं में एक प्रसंग पर आधारित है, जिसमें अंततः उन्हें एहसास होता है कि मृत्यु से बड़ा कोई सच नहीं ।
विद्यापति सेवा संस्थान के द्वारा इस वार्षिक समारोह का आयोजन पिछले इक्यावन वर्षों से लगातार हो रहा है, जिस अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम के अंतर्गत नाटकों को प्रस्तुति होती रही है । पिछले वर्ष श्याम भास्कर के लेखन – निर्देशन में नीलकमल नाटक ने बड़ी लोकप्रियता हासिल की थी और इस वर्ष की प्रस्तुति भी वर्षों तक नाट्य -प्रेमियों को याद रहेगी ।
Darbhanga News24 – दरभंगा न्यूज24 Online News Portal