अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस, 2025 हेतु पूर्वाभ्यास सत्र एवं योग संकल्प कार्यक्रम का किया गया आयोजन।
योग प्रतिदिन करना स्वास्थ्य के लिए बेहद जरुरी: योग प्रशिक्षक।

भारत सरकार, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के केन्द्रीय संचार ब्यूरो (सी.बी.सी.) दरभंगा द्वारा शुक्रवार (13 जून, 2025) को योग पूर्वाभ्यास सत्र एवं योग संकल्प कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
11वीं अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस हेतु आयोजित इस कार्यक्रम में विभाग के सभी कर्मचारियों के अलावा आसपास के लोगों ने बढ़ चढ़ कर हिस्सा लिया।
इस मौके पर उपस्थित स्थानीय योग प्रशिक्षक विष्णुदेव कुमार ने उपस्थित लोगों को योग के महत्व को समझाते हुए कहा कि योग एक दिन करने की चीज नही है बल्कि इसे प्रतिदिन नियमित रूप में करना चाहिए, जिससे मन प्रसन्न और शरीर स्वस्थ एवं निरोग रहता है। उन्होंने कहा कि पहले प्रणायाम फिर व्यायाम दोनों मिलाकर योग की क्रिया पूरी होती है और दोनों क्रिया रोजाना करने से चेहरे पर चमक एवं शरीर में रोग प्रतिरोधक क्षमता का विकास होता है। उन्होंने योग के कई आसनों जैसे सूर्य नमस्कार, अनलोम-विलोम, कपालभाति, पद्मासन इत्यादि को समझाते हुए लोगों से योगाभ्यास करवाया।
मौके पर उपस्थित विभाग के सहायक क्षेत्रीय प्रचार अधिकारी मिहिर कुमार झा ने उपस्थित लोगों को योग के महत्व को समझाते हुए कहा कि जो बीमारी दवा से ठीक नहीं हो पा रही है वह बीमारी भी रोजाना नियमित योग करने से ठीक हो सकता है। उन्होंने 21 जून को 11वीं अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर सभी से उत्साहपूर्वक योग करने की अपील करते हुए अधिक से अधिक लोगों को प्रतिदिन योग करने के लिए प्रोत्साहित करने की बात कही।
इस अवसर पर विभाग के कलाकार मनीष कुमार खण्डेलवाल ने कहा कि योग हमारे ऋषि मुनियों की देन है जिसे हमारे स्वस्थ निरोग शरीर एवं मन के लिए रोजाना करना बहुत जरूरी है इसलिए हमें अपने आसपास के लोगों को भी प्रतिदिन योग करने के लिए प्रेरित करना चाहिए।
इस मौके पर विभाग के कलाकार तेज नारायण मांझी ने कहा कि हमारे माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदीजी ने 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस घोषित कर हमारे पूर्वजों की देन इस योग के महत्व को पूरी दुनिया को समझाने में सफल रहे हैं और आज विश्व के लगभग सभी देशों के लोग प्रतिदिन योग कर के स्वस्थ जीवन जी रहे हैं।
इस अवसर पर विभाग के वाई. हर्षवर्धन, सोनल, गिरजा नाथ झा, अमर नाथ झा एवं अन्य सभी उपस्थित लोगों ने पूर्ण योगाभ्यास किया।
Darbhanga News24 – दरभंगा न्यूज24 Online News Portal