दरभंगा जिला के डीपीसीयू कार्यालय स्थित सभागार में नई चेतना अभियान–4.0 के अंतर्गत जिला स्तरीय एक दिवसीय उन्मुखीकरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला परियोजना प्रबंधक डॉ० ऋचा गार्गी ने की। इस उन्मुखीकरण में जिले के सभी प्रखंड परियोजना प्रबंधक, विभिन्न विषयगत प्रबंधक तथा डीपीसीयू के सभी जिला स्तरीय कर्मी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य नई चेतना अभियान–4.0 के लक्ष्यों, रणनीतियों एवं क्रियान्वयन प्रक्रिया की जानकारी देना व सभी अधिकारियों और कर्मियों को अभियान के सफल संचालन के लिए प्रेरित करना रहा।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला परियोजना प्रबंधक डॉ० ऋचा गार्गी ने कहा कि नई चेतना अभियान समाज में सकारात्मक सोच, समानता और सम्मान की भावना को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने बताया कि नई चेतना 4.0 एक राष्ट्रीय अभियान है, जिसका उद्देश्य लिंग आधारित हिंसा का मुकाबला करना, लैंगिक समानता को बढ़ावा देना तथा महिलाओं को सशक्त बनाना है। इस अभियान के माध्यम से महिलाओं, किशोरियों, परिवारों और समुदाय के अन्य वर्गों को सामाजिक कुरीतियों, लैंगिक भेदभाव, घरेलू हिंसा एवं अन्य सामाजिक मुद्दों के प्रति जागरूक किया जाएगा। उन्होंने सभी प्रखंड एवं जिला स्तरीय कर्मियों से आह्वान किया कि वे अभियान की मूल भावना को समझते हुए जमीनी स्तर पर प्रभावी ढंग से कार्य करें।
इस अवसर पर सामाजिक विकास प्रबंधक नरेश कुमार ने अभियान की विस्तृत कार्ययोजना पर प्रकाश डालते हुए बताया कि नई चेतना अभियान–4.0 के अंतर्गत 25 नवंबर से 23 दिसंबर 2025 तक साप्ताहिक रूप से विभिन्न जागरूकता गतिविधियाँ संचालित की जाएँगी। उन्होंने कहा कि इस अभियान का एक प्रमुख उद्देश्य महिलाओं की आजीविका के क्षेत्र में भागीदारी को बढ़ाना है, क्योंकि यदि आजीविका में महिलाओं की सहभागिता बढ़ती है तो देश की प्रगति और भी तेज होगी। उन्होंने यह भी कहा कि महिलाएँ और पुरुष समान हैं, लेकिन सामाजिक कुरीतियों और रूढ़ियों के कारण महिलाएँ कई बार आगे नहीं बढ़ पातीं। ऐसे में यह अभियान महिलाओं की संसाधनों तक पहुँच को बढ़ाने और समान अवसर सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
नरेश कुमार ने बताया कि चार सप्ताह तक चलने वाले इस अभियान में प्रत्येक सप्ताह अलग–अलग थीम पर आधारित गतिविधियाँ आयोजित की जाएँगी। प्रथम सप्ताह में महिलाओं की आर्थिक भूमिका के प्रति जागरूकता बढ़ाने और समाज के दृष्टिकोण में सकारात्मक परिवर्तन लाने पर जोर दिया जाएगा। दूसरे सप्ताह में महिलाओं को संसाधनों तक समान और व्यापक पहुँच सुनिश्चित करने से संबंधित गतिविधियाँ की जाएँगी। तीसरे सप्ताह में महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा तथा उनकी सुरक्षित आवाजाही को बेहतर बनाने पर केंद्रित कार्यक्रम आयोजित होंगे। वहीं चौथे सप्ताह में महिलाओं पर पड़ने वाले घरेलू कार्य और देखभाल के असमान बोझ को चुनौती देने तथा उसे साझा करने की सोच विकसित करने के लिए गतिविधियाँ संचालित की जाएँगी।
उन्होंने बताया कि इन सभी कार्यक्रमों के माध्यम से गांव–गांव और टोला–टोला जाकर लोगों को जागरूक किया जाएगा। साथ ही संबंधित ऐप पर सभी गतिविधियों की समयबद्ध, सही और पूर्ण एंट्री सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।
उन्मुखीकरण के दौरान अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन, आपसी समन्वय, नियमित मॉनिटरिंग और फील्ड स्तर पर सक्रिय सहभागिता को लेकर भी विस्तृत चर्चा की गई। उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मियों ने अपने अनुभव साझा किए और अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए सुझाव दिए। कार्यक्रम के अंत में सभी ने एकजुट होकर नई चेतना अभियान–4.0 को सफल बनाने और समाज में स्थायी सकारात्मक बदलाव लाने के लिए पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया।
Darbhanga News24 – दरभंगा न्यूज24 Online News Portal