अध्यक्ष बिहार राज्य बाल श्रमिक आयोग की अध्यक्षता में हुई बैठक  

अध्यक्ष बिहार राज्य बाल श्रमिक आयोग की अध्यक्षता में हुई बैठक

 

 

दरभंगा परिसदन में  अध्यक्ष बिहार राज्य बाल श्रमिक आयोग  अशोक कुमार के द्वारा श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक कल्याण विभाग के पदाधिकारी के साथ समीक्षात्मक बैठक की गई।

बैठक में दरभंगा प्रमंडल के उप श्रम आयुक्त राकेश रंजन, श्रम अधीक्षक दरभंगा तथा सभी प्रखंडों के श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी उपस्थित थे।

उक्त बैठक में  अध्यक्ष के द्वारा बाल श्रमिकों की विमुक्ति के लिए लगातार धावा दल चलाने एवं दोषी नियोजकों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।

 

अध्यक्ष के द्वारा यह बताया गया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में दरभंगा जिले के विभिन्न प्रखंडों के अलग-अलग प्रतिष्ठानों से अब तक कुल 39 बाल श्रमिकों को विमुक्त कराया गया है एवं सभी दोषी नियोजकों के विरुद्ध संबंधित थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।

 

साथ ही उन सभी नियोजकों से 20 हजार रूपये की राशि अलग से वसूल कर जिला बाल श्रम पुनर्वास कल्याण कोष में जमा कराया गया है और यह राशि जमा नहीं करने वाले नियोजकों के विरुद्ध नीलाम पत्रवाद की अलग से कार्रवाई की गई।

 

उन्होंने बताया कि सभी विमुक्त बाल श्रमिकों को उनके आवास के नजदीकी विद्यालय में नामांकन कर उनके शैक्षणिक पुनर्वास किया गया है।

 

उन्हें श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक कल्याण विभाग के द्वारा 3000 रूपये की तत्काल सहायता राशि दी गई है तथा माननीय मुख्यमंत्री राहत कोष से प्राप्त 25 हजार रूपये की राशि का सावधि जमा कराया गया है,जो उन्हें उनके 18 वर्ष की आयु पूरी करने के बाद प्राप्त होगी।

 

उन्होंने कहा कि बच्चे पुनः बाल श्रम की ओर नहीं लौटे इसके लिए उनके परिवार को सरकार की अन्य योजनाओं से भी आच्छादित करने का प्रयास किया जा रहा है।

ऐसे सभी परिवारों को राशन कार्ड, मनरेगा जॉब कार्ड तथा लेबर कार्ड आदि से आच्छादित किया जा रहा है।

 

इस अवसर पर  अध्यक्ष महोदय द्वारा जिला के विभिन्न प्रखंड यथा-बेनीपुर के विमुक्त बाल श्रमिक आदित्य कुमार, केवटी के विमुक्त बाल श्रमिक विजय कुमार, बहादुरपुर के विमुक्त बाल श्रमिक मो.आलम, बहेड़ी प्रखंड के विमुक्त बाल श्रमिक मो. खुर्शीद एवं बहादुरपुर प्रखंड के विमुक्त बाल श्रमिक दिलखुश कुमार को तत्काल आर्थिक सहायता राशि 3, हजार रूपये प्रति, मुख्यमंत्री राहत कोष की सहायता राशि 25 हजार रू0 प्रति का लाभ संबंधी स्वीकृति पत्र तथा स्कूल बैग भी प्रदान किया गया।

 

उल्लेखनीय है कि बाल श्रम विमुक्ति की कार्रवाई सघनतापूर्वक एंव संवेदनशीलता के साथ दरभंगा प्रमण्डल के दरभंगा एवं मधुबनी जिला मे सतत धावा दल के माध्यम से करतेे हुए बाल श्रम विमुक्त कराये जा रहे है तथा दोषी नियोजको के विरूद्ध कार्रवाई सुनिश्चित कर विमुक्त बाल श्रमिकों के शैक्षणिक एवं आर्थिक पुनर्वास की कार्रवाई की गयी है।

विदित हो कि विगत वित्तीय वर्ष मे बाल एवं किशोर श्रम अधिनियम अंतर्गत उत्कृष्ट कार्य हेतु आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में दरभंगा जिला को प्रथम तथा मधुबनी जिला को तृतीय स्थान प्राप्त हुए है।

साथ ही उक्त कार्यक्रम मे प्रखंड स्तरीय रैकिंग मे भी दरभंगा जिला के सिंहवाड़ा प्रखंड को तृतीय एवं मधुबनी जिला के जयनगर को पंचम स्थान प्राप्त होने के आलोक में राकेश रंजन उप श्रमायुक्त, दरभंगा को उपरोक्त चारों पुरस्कार प्रदान किया गया।

उन्होंने सभी पदाधिकारी को निर्देशित किया कि प्रत्येक सप्ताह कम से कम दो दिन धावादल निश्चित रूप से सभी प्रखंडों में रोस्टर के आधार पर चलाएं तथा जिले को बाल श्रम मुक्त बनाने की ओर प्रयास करें।

 

उन्होंने श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक कल्याण विभाग के सभी पदाधिकारी को निर्देशित किया की दरभंगा जिले के सभी ईंट भट्ठों का सतत रूप से निरीक्षण करें तथा यदि वहां बाल श्रमिक पाए जाते हैं तो उन्हें विमुक्त कराकर उनके नियोजकों पर कठोर कानूनी कार्रवाई करें।

 

उनके द्वारा बताया गया कि बच्चे देश के भविष्य हैं तथा उनका स्थान स्कूल में है,खेल के मैदान में है,न की होटल, गैराज एवं फैक्ट्री में है।

हम सभी का यह सामूहिक दायित्व है कि हर बच्चे को अनिवार्य शिक्षा का अधिकार प्रदान किया जाए तथा उनका बचपन उन्हें जीने दिया जाए।

 

 

Check Also

पोषण अभियान से बदली ग्रामीण तस्वीर, उत्कृष्ट कर्मियों को मिला सम्मान ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ी, पोषण अभियान सफल : डा० ऋचा गार्गी 

🔊 Listen to this   पोषण अभियान से बदली ग्रामीण तस्वीर, उत्कृष्ट कर्मियों को मिला …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *