Breaking News

• गंगा स्वच्छता पखवाड़ा 2026 का समापन भव्य चित्रकला, रंगोली एवं भाषण प्रतियोगिता के साथ किया गया। 

 

• गंगा स्वच्छता पखवाड़ा 2026 का समापन भव्य चित्रकला, रंगोली एवं भाषण प्रतियोगिता के साथ किया गया।

 

•  जिला गंगा समिति द्वारा एम.एल.एस.एम. कॉलेज,दरभंगा में किया गया कार्यकम का आयोजन

 

• 200 से अधिक प्रतिभागियों ने चित्रकला, रंगोली एवं भाषण प्रतियोगिता में लिया भाग

 

 

दरभंगा  कौशल कुमार जिला पदाधिकारी-सह-अध्यक्ष, जिला गंगा समिति, दरभंगा के निर्देशनुसार गंगा स्वच्छता पखवाड़ा 2026 के अंतर्गत “नदियों एवं जल स्रोतों की स्वच्छता एवं संरक्षण की आवश्यकता” विषय पर एम.एल.एस.एम. कॉलेज, दरभंगा में ज्ञान प्रतियोगिता (चित्रकला, रंगोली एवं भाषण) का भव्य आयोजन किया गया।

प्रतियोगिता में दरभंगा जिले के विभिन्न महाविद्यालयों एवं विश्वविद्यालयों में अध्ययनरत स्नातक एवं स्नातकोत्तर के 200 से अधिक प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिए।

 

कार्यक्रम का उद्घाटन जिला परियोजना पदाधिकारी, जिला गंगा समिति, दरभंगा श्री फारूक इमाम, प्राचार्य एम.एल.एस.एम. कॉलेज डॉ. शंभू कुमार यादव एवं ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय के एनएसएस कार्यक्रम समन्वयक डॉ. आर.एन. चौरसिया द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।

सभी प्रतियोगिताओं का आयोजन पृथक-पृथक चार समूहों में किया गया, जिससे अधिक से अधिक प्रतिभागियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्राप्त हुआ।

 

इस अवसर पर जिला परियोजना पदाधिकारी फारूक इमाम ने अपने संबोधन में कहा कि “गंगा स्वच्छता पखवाड़ा केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि यह समाज में जागरूकता एवं व्यवहार परिवर्तन लाने का एक सशक्त अभियान है।

*नदियां हमारे जीवन,संस्कृति एवं पर्यावरण की आधारशिला हैं, जिनकी स्वच्छता एवं संरक्षण हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है*। आज की इस ज्ञान प्रतियोगिता के माध्यम से युवाओं ने जिस प्रकार जल संरक्षण के प्रति अपनी समझ और संवेदनशीलता को अभिव्यक्त किया है,वह अत्यंत सराहनीय है।

 

चित्रकला, रंगोली एवं भाषण जैसे माध्यम समाज को जागरूक करने के प्रभावी साधन हैं। यदि युवा वर्ग इस संदेश को अपने परिवार एवं समाज तक पहुंचाए, तो यह अभियान निश्चित रूप से एक जनआंदोलन का रूप ले सकता है। *हमें यह संकल्प लेना होगा कि हम जल स्रोतों को प्रदूषित नहीं करेंगे और उनके संरक्षण के लिए निरंतर प्रयासरत रहेंगे*।”

 

प्राचार्य, एम.एल.एस.एम. कॉलेज डॉ. शंभू कुमार यादव ने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में रचनात्मकता एवं सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करती हैं तथा उन्हें पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक बनाती हैं।

 

ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय के एनएसएस कार्यक्रम समन्वयक डॉ. आर.एन. चौरसिया ने अपने संबोधन में युवाओं की सहभागिता की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और स्वच्छता के संदेश को व्यापक स्तर पर प्रसारित करते हैं।

 

कार्यक्रम में उपस्थित सभी प्रतिभागियों एवं दर्शकों ने जल स्रोतों की स्वच्छता एवं संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

 

रंगोली प्रतियोगिता में सुरभि कुमारी, निकिता आनंद, अंकिता आनंद एवं स्मृति कुमारी ने संयुक्त रूप से प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि शालिनी कुमारी, निधि कुमारी, सपना कुमारी एवं नूतन कुमारी द्वितीय स्थान पर रहीं तथा कार्तिक कुमार, अंशु प्रिया, राज लक्ष्मी कुमारी एवं खुशी कुमारी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इसी प्रकार चित्रकला प्रतियोगिता में चंचल कुमार, अपराजिता, शैलजा सरोज एवं राजा कुमार पासवान ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि साक्षी कुमारी, अंकिता रानी, सिवानी कुमारी एवं तज़ीन फात्मा द्वितीय स्थान पर रहीं तथा अभिरुचि कुमारी, मौसम कुमारी, राखी कुमारी एवं अनुष्का रिया ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं भाषण प्रतियोगिता में प्रिया कुमारी, रचना झा, कुमारी अंबिका एवं संगीता कुमारी प्रथम स्थान पर रहीं, जबकि आभा कुमारी, आदित्य कुमार, फैसल एवं तन्नु कुमारी द्वितीय स्थान पर रहे तथा आदर्श उज्जवल, प्रसन्न जी, अंजलि चौधरी एवं दीपांशी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

 

सभी विजेता प्रतिभागियों को स्मृति-चिह्न से सम्मानित किया गया, जबकि सभी प्रतिभागियों को मेडल प्रदान कर उनके उत्साहवर्धन किया गया। कार्यक्रम के सफल संचालन में निर्णायक मंडल के रूप में डॉ. आर.एन. चौरसिया, डॉ. सुजीत साफी, डॉ. सुनीता कुमारी, डॉ. युगेश्वर साह, डॉ. सुधांशु कुमार, डॉ. सोनू राम शंकर, डॉ. कीर्ति चौरसिया, डॉ. उदय कुमार, डॉ. सोनी शर्मा, डॉ. शंभू पासवान एवं  कुमार अनुराग ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

 

इसके अतिरिक्त, कार्यक्रम के सफल आयोजन में स्पीयरहेड वॉलंटियर्स पूजा कुमारी, संजीव कुमार, सुनील कुमार, मणिकांत ठाकुर, मुकेश कुमार झा एवं संगीता कुमारी का विशेष योगदान रहा।

कार्यक्रम का संचालन  अक्षय कुमार झा द्वारा किया गया।

Check Also

• एलपीजी घरेलू गैस एवं आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता को लेकर उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित…  

🔊 Listen to this   • एलपीजी घरेलू गैस एवं आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता को …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *