• कुरियर कंपनी के गोदाम से 505 से अधिक लीटर विदेशी शराब बरामद
•24 घंटे के भीतर मुख्य अभियुक्त समेत तीन तस्कर गिरफ्तार
• मद्य निषेध टीम की त्वरित कार्रवाई से शराब तस्करी नेटवर्क का हुआ खुलासा

दरभंगा – बिहार में पूर्ण शराबबंदी कानून के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मद्य निषेध विभाग, दरभंगा की टीम को बड़ी सफलता प्राप्त हुई है। नियमित गश्ती एवं वाहन जाँच अभियान के दौरान की गई कार्रवाई में भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की गई तथा अनुसंधान के आधार पर 24 घंटे के भीतर मुख्य अभियुक्त सहित तीन व्यक्तियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
सहायक आयुक्त, मद्य निषेध प्रदीप कुमार ने बताया कि 31 मई 2026 को मद्य निषेध टीम, दरभंगा द्वारा नियमित गश्ती एवं वाहन जाँच के क्रम में मब्बी थाना क्षेत्र अंतर्गत मधपुर स्थित देल्ही वेरी लिमिटेड (DTDC) कुरियर कंपनी के गोदाम की सघन जाँच की गई।
उन्होंने कहा कि जाँच के दौरान हरे रंग के 40 टिन कंटेनरों में लकड़ी के बुरादा (भूसा) के अंदर अत्यंत सुनियोजित तरीके से छिपाकर रखी गई विभिन्न ब्रांडों की विदेशी शराब बरामद की गई।
बरामद शराब में बोतलों एवं टेट्रा पैक के रूप में कुल 505.170 लीटर विदेशी शराब शामिल है।
उन्होंने कहा कि प्रथम दृष्टया यह स्पष्ट है शराब को कुरियर पार्सल के माध्यम से अवैध रूप से मंगाकर बिहार में खपाने की साजिश रची गई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए मद्य निषेध विभाग द्वारा तत्काल अनुसंधान प्रारंभ किया गया।
उन्होंने कहा कि 01 जून 2026 को कुरियर कंपनी के सहयोग से पार्सल के Backward एवं Forward Linkage की गहन जाँच की गई।
उन्होंने कहा कि तकनीकी एवं मानवीय सूचनाओं के आधार पर शराब मंगाने वाले मुख्य अभियुक्त की पहचान पतौना थाना क्षेत्र, जिला मधुबनी के निवासी के रूप में की गई।
इसके बाद मद्य निषेध टीम, दरभंगा ने बेनीपट्टी मद्य निषेध थाना, मधुबनी के सहयोग से संयुक्त कार्रवाई करते हुए योजनाबद्ध एवं नाटकीय ढंग से छापेमारी की।
उन्होंने बताया कि कार्रवाई के दौरान मुख्य अभियुक्त सहित उसके दो सहयोगियों को गिरफ्तार कर लिया गया। इस प्रकार शराब बरामदगी के मात्र 24 घंटे के भीतर पूरे मामले का सफल उद्भेदन करते हुए तीन आरोपियों को कानून के शिकंजे में लाया गया।
गिरफ्तार अभियुक्तों से पूछताछ की जा रही है तथा शराब आपूर्ति श्रृंखला से जुड़े अन्य व्यक्तियों एवं नेटवर्क की पहचान के लिए अनुसंधान जारी है।
उन्होंने कहा कि मद्य निषेध विभाग यह पता लगाने में जुटा है कि शराब की खेप कहां से भेजी गई थी तथा इसके पीछे कौन-कौन लोग संलिप्त हैं।
• उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि राज्य में शराबबंदी कानून के उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। शराब की तस्करी, भंडारण एवं अवैध कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
मद्य निषेध विभाग, दरभंगा की यह कार्रवाई शराब तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है, जिससे अवैध शराब कारोबारियों के बीच हड़कंप व्याप्त है।
Darbhanga News24 – दरभंगा न्यूज24 Online News Portal