पंचायत विकास दिवस पर जीविका दीदियों ने साझा की सफलता की कहानियाँ, नशामुक्त समाज के निर्माण का लिया संकल्प
सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जीविका दीदियों ने बुलंद की आवाज

पंचायत विकास दिवस के अवसर पर दरभंगा जिले के सभी 18 प्रखंडों की ग्राम पंचायतों में जीविका की ओर से उत्साहपूर्वक विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इन कार्यक्रमों में लाखों जीविका दीदियों ने सक्रिय भागीदारी निभाते हुए महिला सशक्तिकरण, ग्रामीण विकास, स्वरोजगार, सामुदायिक सहभागिता तथा नशामुक्त समाज के निर्माण के प्रति अपना सामूहिक संकल्प दोहराया। साथ ही महिलाओं के लिए समान अवसर सुनिश्चित करने एवं समाज में व्याप्त कुरीतियों के विरुद्ध जनजागरूकता का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न ग्राम संगठनों एवं संकुल स्तरीय संघों द्वारा प्रभात फेरियाँ निकाली गईं। मद्य निषेध एवं नशामुक्ति अभियान के समर्थन में जागरूकता रैलियाँ, शपथ ग्रहण कार्यक्रम तथा जनसंवाद आयोजित किए गए। जीविका दीदियों ने नशे के सामाजिक, आर्थिक एवं स्वास्थ्य संबंधी दुष्प्रभावों पर विस्तार से चर्चा करते हुए ग्रामीण समुदाय से नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। सभी उपस्थित लोगों ने नशामुक्त बिहार एवं स्वस्थ समाज के निर्माण की सामूहिक शपथ भी ली।
जिला परियोजना प्रबंधक डॉ. ऋचा गर्गी ने जानकारी देते हुए बताया कि पंचायत विकास दिवस के अवसर पर जिले के सभी प्रखंडों की जीविका दीदियों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी कर यह संदेश दिया है कि सशक्त पंचायत, समृद्ध गांव और विकसित बिहार के निर्माण में महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि जीविका दीदियाँ आज ग्रामीण विकास, सामाजिक परिवर्तन, महिला सशक्तिकरण तथा सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन की मजबूत आधारशिला बन चुकी हैं।
संचार प्रबंधक राजा सागर ने बताया कि विभिन्न प्रखंडों में आयोजित कार्यक्रमों के दौरान लखपति दीदियों एवं मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना की लाभार्थियों ने अपने संघर्ष, आत्मनिर्भरता एवं सफलता की प्रेरणादायी कहानियाँ साझा कीं। उनके अनुभवों ने अन्य महिलाओं को स्वरोजगार अपनाकर आर्थिक रूप से सशक्त बनने तथा समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाली जीविका दीदियों, ग्राम संगठनों एवं सामुदायिक संस्थाओं को सम्मानित किया गया। इसके साथ ही महिला सशक्तिकरण, वित्तीय समावेशन, ग्रामीण आजीविका संवर्धन, सामाजिक जागरूकता, सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा सामुदायिक नेतृत्व को मजबूत बनाने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
Darbhanga News24 – दरभंगा न्यूज24 Online News Portal