• राष्ट्रीय राजमार्गों पर सड़क सुरक्षा को लेकर डीएम की अध्यक्षता में हुई महत्वपूर्ण बैठक
• अवैध अतिक्रमण,अनधिकृत पार्किंग हटाने एवं हाईवे पेट्रोलिंग सुदृढ़ करने के दिए निर्देश

सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों के आलोक में राष्ट्रीय राजमार्गों पर सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने,अवैध अतिक्रमण हटाने, अनधिकृत पार्किंग पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने तथा हाईवे पेट्रोलिंग व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी कौशल कुमार एवं वरीय पुलिस अधीक्षक जगुनाथ रेड्डी की संयुक्त अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई।
जिलाधिकारी ने राष्ट्रीय राजमार्गों के किनारे एवं सड़क पर किए गए अवैध अतिक्रमण तथा अनधिकृत पार्किंग को तत्काल हटाने का निर्देश दिया।
उन्होंने सिमरी, मब्बी, भालपट्टी, मनीगाछी एवं सदर थाना क्षेत्रों के थानाध्यक्षों को अपने-अपने क्षेत्राधिकार में राष्ट्रीय राजमार्गों को अतिक्रमण एवं अवैध पार्किंग से मुक्त कराने हेतु निर्देशित किया गया।
जिलाधिकारी ने कहा कि शहर में एलिवेटेड कॉरिडोर का निर्माण कार्य प्रगति पर है। ऐसे में संभावित यातायात दबाव एवं जाम की समस्या को देखते हुए पुलिस उपाधीक्षक (यातायात) को यातायात व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ करने का निर्देश दिया गया।
साथ ही निर्माण एजेंसी के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यकता वाले स्थानों पर सर्विस रोड का निर्माण सुनिश्चित करने को कहा गया,ताकि यातायात सुचारू बना रहे और जाम की समस्या न हो।
उन्होंने विशेष रूप से सिमरी, दिल्ली मोड़, मब्बी एवं शोभन क्षेत्रों में अवैध अतिक्रमण हटाने के लिए संबंधित थानाध्यक्षों को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
बैठक में राष्ट्रीय राजमार्गों पर अनधिकृत रूप से खड़े ट्रकों एवं अन्य भारी वाहनों को तत्काल हटाने तथा नियमित निगरानी एवं सतत अभियान चलाने पर भी बल दिया गया।
बैठक में यातायात व्यवस्था को सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाए रखने के लिए विभिन्न विभागों के बीच समन्वय स्थापित करने पर विस्तृत चर्चा हुई।
जिलाधिकारी ने पुलिस उपाधीक्षक (यातायात), जिला परिवहन पदाधिकारी एवं भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के अभियंताओं को संयुक्त रूप से राष्ट्रीय राजमार्गों का सर्वेक्षण कर आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
बैठक में जिलाधिकारी ने सभी को राष्ट्रीय राजमार्गों को अवैध पार्किंग, अनधिकृत निर्माण एवं अतिक्रमण से मुक्त रखने के लिए नियमित निरीक्षण, सतत निगरानी एवं समन्वित कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
बैठक में सहायक समाहर्ता कल्पना रावत,जिला परिवहन पदाधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक (यातायात), अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (सदर), संबंधित अंचलाधिकारी, विभिन्न थाना क्षेत्रों के थानाध्यक्ष तथा भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
Darbhanga News24 – दरभंगा न्यूज24 Online News Portal